जुबीन गर्ग की मौत के 12 महीने बाद सामने आया ऐसा सच, कौन हैं परीक्षित शर्मा, जिनकी गवाही से मचा हंगामा?
Zubeen Garg: बॉलीवुड के फेमस सिंगर और म्यूजिशियन जुबीन गर्ग की मौत से जुड़े मामले में गुवाहाटी की स्पेशल फास्ट-ट्रैक कोर्ट में अहम गवाही दर्ज की गई। सुनवाई के दौरान सिंगापुर में असम एसोसिएशन से जुड़े परीक्षित शर्मा कोर्ट पहुंचे और अपना बयान दर्ज कराया। इस मामले में उनकी गवाही को अहम माना जा रहा है क्योंकि वह उस यॉट पर मौजूद थे, जहां सितंबर 2025 में जुबीन गर्ग की मौत हुई थी।
जिस यॉट पर जुबीन थे, वहां मौजूद थे परीक्षित शर्मा
परीक्षित शर्मा सिंगापुर में असम एसोसिएशन से जुड़े हुए हैं और बताया जा रहा है कि वह एसोसिएशन के उन शुरुआती सदस्यों में शामिल हैं, जो उस वक्त यॉट पर मौजूद थे। सितंबर 2025 में जुबीन गर्ग भी इसी यॉट पर थे। ऐसे में उनकी आंखों-देखी जानकारी मामले की जांच और कोर्ट की कार्यवाही के लिहाज से अहम मानी जा रही है।

क्या हुआ था जुबीन गर्ग के साथ?
-आपको बता दें कि 52 साल के जुबीन गर्ग की 19 सितंबर 2025 को सिंगापुर में मौत हो गई थी। वो नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के चौथे संस्करण में शामिल होने के लिए वहां पहुंचे थे। इसी दौरान वह लाजरस आइलैंड के आसपास एक यॉट ट्रिप पर गए थे।
-जानकारी के मुताबिक जुबीन यॉट से समुद्र में तैरने के लिए उतरे थे। इसके बाद वह पानी में डूब गए और उनकी मौत हो गई। इस घटना के सामने आने के बाद उनके फैंस और असम के लोगों में शोक के साथ-साथ कई सवाल भी उठे थे।
जुबीन गर्ग की मौत के बाद असम में मचा था बवाल
जुबीन गर्ग की मौत की खबर ने पूरे असम को झकझोर कर रख दिया था। कई जगह लोगों ने प्रदर्शन किए और उनकी मौत की परिस्थितियों की जांच की मांग उठी। पुलिस के पास इस मामले में बड़ी संख्या में शिकायतें भी पहुंची थीं। इसके बाद असम पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम यानी एसआईटी ने मामले की जांच शुरू की। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में दर्ज 60 से अधिक एफआईआर को एक साथ जोड़कर आगे की जांच के लिए सीआईडी को सौंप दिया गया था।
सात लोगों के खिलाफ दाखिल हुई चार्जशीट
-एसआईटी ने दिसंबर 2025 में इस मामले में कोर्ट के सामने चार्जशीट पेश की थी। इसमें सात लोगों को आरोपी बनाया गया। चार्जशीट के मुताबिक नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के आयोजक श्यामकानु महंत, जुबीन गर्ग के मैनेजर सिद्धार्थ सरमा, उनके बैंड के सदस्य शेखर ज्योति गोस्वामी और सिंगर अमृतप्रभा महंत पर हत्या के आरोप लगाए गए हैं।
-इनके अलावा जुबीन गर्ग के कजिन संदीपन गर्ग और उनके निजी सुरक्षा कर्मियों नंदेश्वर बोरा और प्रबीन बैश्य को भी मामले में आरोपी बनाया गया है। हालांकि इन सभी पर लगे आरोप अभी न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं और अदालत का अंतिम फैसला आना बाकी है।
-मामले की सुनवाई में तेजी लाने के लिए गुवाहाटी हाईकोर्ट ने मार्च 2026 में एक अलग फास्ट-ट्रैक सेशन कोर्ट का गठन किया था। इसके बाद इस मामले की सुनवाई रोजाना की जा रही है। मई में सभी सात आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए गए थे, जिसके बाद ट्रायल की प्रक्रिया आगे बढ़ी।
अब तक मामले में 94 गवाहों के बयान हुए दर्ज
इस मामले में अभियोजन पक्ष के गवाहों के बयान दर्ज करने की शुरुआत 8 जून 2026 से हुई थी। इसके बाद लगातार गवाहों की गवाही और पूछताछ का सिलसिला जारी है। 14 अगस्त 2026 तक अभियोजन पक्ष की ओर से सूची में शामिल 394 गवाहों में से 94 के बयान दर्ज किए जा चुके थे। इस केस में सिंगापुर से जुड़े कई गवाह भी हैं, जिनकी गवाही आगे की सुनवाई में दर्ज की जानी है।
सिंगापुर की जांच में क्या आया सामने?
जुबीन गर्ग की मौत को लेकर सिंगापुर की कोरोनर कोर्ट में भी जांच हुई थी। मार्च 2026 में वहां की अदालत ने सिंगर की मौत के पीछ पानी डूबना बताया था। जानकारी के मुताबिक सिंगापुर की जांच में किसी साजिश या बाहरी हस्तक्षेप के सबूत नहीं मिले और फाउल प्ले की आशंका को खारिज कर दिया गया था। हालांकि भारत में चल रही आपराधिक कार्यवाही का दायरा उन आरोपों और परिस्थितियों पर केंद्रित है, जिन्हें जुबीन गर्ग की मौत के बाद सामने लाया गया और जिनकी जांच भारतीय एजेंसियों ने की है।
सुप्रीम कोर्ट भी जल्द सुनवाई पूरी करने पर दे चुका है जोर
-जुबीन गर्ग की मौत के मामले में सुनवाई जल्द पूरी करने को लेकर सुप्रीम कोर्ट भी असम सरकार से तेजी लाने की बात कह चुका है। ऐसे में उस यॉट पर मौजूद रहे परीक्षित शर्मा की गवाही को ट्रायल के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
-अब उनकी गवाही से यॉट पर जुबीन गर्ग के साथ मौजूद लोगों और उस दौरान हुई घटनाओं को लेकर क्या जानकारी सामने आती है। ये आने वाली सुनवाई में स्पष्ट होगा। फिलहाल इस मामले में अदालत की कार्यवाही जारी है और आरोपों पर अंतिम फैसला आना बाकी है।


Click it and Unblock the Notifications
