जुबीन गर्ग केस में आया नया मोड़, सिंगर की पत्नी गरिमा और चाचा ने CID में दर्ज करवाई शिकायत, पहले की थी अपील
Zubeen Garg Case: जुबीन गर्ग के निधन के से पूरा असम अभी भी स्तब्ध है। उनकी असामयिक मृत्यु ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जुबीन का निधन 19 सितंबर को सिंगापुर में हुआ था। आरोप है कि वहीं एक याट पार्टी के दौरान स्कूबा डाइविंग करते समय उनकी मृत्यु हो गई। सिंगापुर में हुए पोस्टमॉर्टम में डूबने को उनकी मौत का कारण बताया गया।
इस घटना के बाद, असम सरकार ने दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की और मामले की आगे की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। ताजा जानकारी के मुताबिक, जुबीन की पत्नी गरिमा सैकिया, उनकी बहन पाल्मे बोरठाकुर और उनके चाचा मनोज कुमार बोरठाकुर ने असम CID के पास शिकायत दर्ज कराई है।

जुबीन के चाचा मनोज ने पीटीआई से बात करते हुए कहा, "हम उनकी मृत्यु की परिस्थितियों की पूरी जांच चाहते हैं।" वहीं, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "हमें गर्ग के परिवार से शिकायत मिली है और हम इसकी जांच कर रहे हैं।"
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, CID की विशेष जांच टीम (SIT) ने रविवार को गुवाहाटी के कहिलिपारा स्थित जुबीन के आवास का दौरा किया। अधिकारी ने बताया, "हमें कुछ जानकारी चाहिए थी, और हमारे अधिकारियों ने परिवार से मुलाकात की। उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं।"
असम सरकार द्वारा जुबीन की मौत की जांच की मांग के बाद, उनके मैनेजर सिद्धार्थ और सिंगापुर में नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के आयोजक श्यामकानु महंत के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। 25 सितंबर को, एसआईटी और सीआईडी टीमों ने उनके घरों पर छापेमारी की। इस दौरान एक पेनड्राइव, एक हार्ड डिस्क, एक कंप्यूटर सीपीयू और कई दस्तावेज जब्त किए गए। जुबीन के सहयोगी-संगीतकार शेखर ज्योति गोस्वामी के घर की भी जांच की गई। हालांकि शुरुआत ने जुबीन की पत्नी गरिमा ने सिद्धार्थ के ऊपर दर्ज करवाई गई सारी FIR वापस लेने की अपील की थी।
सिद्धार्थ और श्यामकानु को 6 अक्टूबर तक गुवाहाटी में CID कार्यालय के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया कि यदि वे ऐसा करने में विफल रहते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जुबीन का निधन 19 सितंबर को हुआ था और 23 सितंबर को कमारकुची गांव में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।












Click it and Unblock the Notifications