धर्मेंद्र के जुहू वाले बंगले में शुरू हुआ काम, एक्टर के निधन के बाद परिवार वालों ने उठाया ये कदम
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन के बाद उनके मुंबई स्थित जुहू बंगले को लेकर एक अहम फैसला लिया गया है। परिवार की बढ़ती ज़रूरतों को देखते हुए इस बंगले में एक अतिरिक्त फ्लोर जोड़ा जा रहा है। बताया जा रहा है कि इतने बड़े परिवार के लिए मौजूदा जगह अब पर्याप्त नहीं रह गई थी, इसी कारण घर के विस्तार की योजना बनाई गई है।

धर्मेंद्र ने 24 नवंबर, 2025 को इसी जुहू स्थित घर में अपनी अंतिम सांस ली थी। यह वही घर है, जहां वे अपने पूरे परिवार के साथ रहते थे। उनके निधन के कुछ समय बाद से ही बंगले के रेनोवेशन और विस्तार का काम शुरू कर दिया गया है। सेलेब्रिटी जर्नलिस्ट विक्की लालवानी के मुताबिक, बंगले में एक और मंज़िल बनाई जा रही है। हाल ही में घर के कंपाउंड में निर्माण कार्य और बाहर क्रेन लगी हुई देखी गई, जिससे इस विस्तार की पुष्टि होती है।
एक प्रमुख एंटरटेनमेंट पोर्टल ईटाइम्स ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि परिवार के बच्चों के बड़े होने के साथ-साथ उन्हें अधिक निजी स्पेस की ज़रूरत महसूस होने लगी थी। रिपोर्ट के अनुसार, बंगले का यह रेनोवेशन कार्य लगभग चार से पांच महीने तक चल सकता है। काम पूरा होने के बाद परिवार के सभी सदस्यों को अधिक सुविधाजनक और खुली जगह मिल सकेगी।
यह जुहू बंगला आधुनिक डिज़ाइन में बना हुआ है और इसका इंटीरियर बॉबी देओल की पत्नी तान्या देओल ने डिज़ाइन किया था। वर्तमान में इसी घर में धर्मेंद्र के दोनों बेटे सनी देओल और बॉबी देओल अपने-अपने परिवारों के साथ रहते हैं। सनी देओल अपनी पत्नी पूजा, दोनों बेटे और बहू के साथ इस बंगले में निवास करते हैं। वहीं बॉबी देओल अपनी पत्नी तान्या और दोनों बेटों के साथ इसी घर में रहते हैं। इसके अलावा धर्मेंद्र की पत्नी प्रकाश कौर, उनकी बहन और परिवार के अन्य सदस्य भी इसी बंगले में रहते हैं। इतने बड़े संयुक्त परिवार के लिए जगह कम पड़ना स्वाभाविक हो गया था।
कामकाज की बात करें तो धर्मेंद्र को आखिरी बार बड़े पर्दे पर फिल्म 'इक्कीस' में देखा गया था। भले ही यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल नहीं कर पाई, लेकिन उनके अभिनय की खूब सराहना हुई। वहीं, उनके बड़े बेटे सनी देओल अब अपनी आगामी फिल्म 'बॉर्डर 2' के ज़रिए दर्शकों का मनोरंजन करने की तैयारी में जुटे हैं।












Click it and Unblock the Notifications