कौन थे गौरव तिवारी जिनकी बाथरूम में हुई रहस्यमयी मौत? क्यों आज तक नहीं सुलझी गुत्थी? आज ही देखें ये Web Series
Who Was Gaurav Tiwari: पॉपुलर वेब सीरीज स्पेशल ऑप्स में रॉ एजेंट फारूक अली के दमदार किरदार से पहचान बनाने वाले करण टैकर अब एक बिल्कुल अलग और डरावने अवतार में नजर आ रहे हैं। उनकी नई वेब सीरीज भय: द गौरव तिवारी मिस्ट्री गत 12 दिसंबर 2025 को रिलीज हो चुकी है और दर्शकों के बीच जबरदस्त चर्चा में है।
भारत के पहले पैरानॉर्मल इन्वेस्टिगेटर थे गौरव तिवारी
ये डरावनी वेब सीरीज भारत के पहले पैरानॉर्मल इन्वेस्टिगेटर गौरव तिवारी की जिंदगी और उनकी रहस्यमय मौत पर आधारित है। एक ऐसी मौत, जिसकी गुत्थी 9 साल बाद भी नहीं सुलझ पाई है।

सच्ची घटना से निकली डर की कहानी
जिस तरह इंटरनेशनल लेवल पर एड और लोरेन वॉरेन पैरानॉर्मल जांच के लिए मशहूर रहे थे, उसी तरह भारत में भी एक नाम था-गौरव तिवारी।
आत्माओं और रहस्यमयी शक्तियों की खोज करते थे गौरव
-एक सुरक्षित और प्रतिष्ठित करियर को छोड़कर गौरव तिवारी ने भूत-प्रेत, आत्माओं और रहस्यमयी शक्तियों की खोज को अपना मिशन बना लिया था लेकिन यही राह उन्हें एक ऐसी मंजिल तक ले गई, जहां से कभी वापसी नहीं हो पाई।
-गौरव तिवारी का सपना पायलट बनने का था। इसी मकसद से वह अमेरिका के फ्लोरिडा गए थे और एविएशन सेक्टर में करियर बनाने की तैयारी की थी।
गौरव तिवारी ने की थी पैरानॉर्मल सोसाइटी की स्थापना
-हालांकि कुछ साल बाद गौरव भारत लौट आए और यहां आकर उन्होंने पैरानॉर्मल सोसाइटी की स्थापना की। इसके बाद उन्होंने खुद को पूरी तरह पैरानॉर्मल इन्वेस्टिगेशन के लिए समर्पित कर दिया था।
-गौरव तिवारी अपनी टीम और आधुनिक उपकरणों के साथ देश की सबसे भुतहा जगहों पर जाते थे। एक बार वह एक न्यूज चैनल के एंकर के साथ कब्रिस्तान पहुंचे थे और आत्माओं की मौजूदगी का दावा किया था।
राजस्थान के भानगढ़ किले में बिताई थी रात
आपको बता दें कि गौरव तिवारी ने राजस्थान के भानगढ़ किले में पूरी रात बिताई थी जहां उन्होंने किसी अलौकिक शक्ति से संपर्क की कोशिश की थी। हालांकि भानगढ़ में उन्हें किसी आत्मा का स्पष्ट अनुभव नहीं हुआ था लेकिन उनकी जांचें हमेशा सुर्खियों में रहीं।
7 जुलाई 2016 में गौरव तिवारी की हुई रहस्यमयी मौत
7 जुलाई 2016 को गौरव तिवारी की रहस्यमयी मौत की खबर सामने आई थी। दिल्ली के द्वारका सेक्टर-19 स्थित उनके फ्लैट के बाथरूम में उनकी लाश मिली थी। मौके से एक दुपट्टा भी बरामद हुआ था जिसके बाद पुलिस ने शुरुआती तौर पर आत्महत्या की आशंका जताई थी। हालांकि कई लोगों का मानना था कि किसी पैरानॉर्मल एक्सपेरिमेंट के दौरान उनकी जान गई थी।

'कोई बुरी ताकत मुझे खींच रही है'
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मौत से कुछ दिन पहले गौरव तिवारी ने अपनी पत्नी से कहा था कि कोई बुरी ताकत मुझे अपनी ओर खींच रही है, मैं उस पर काबू नहीं पा रहा हूं। इसी बयान ने उनकी मौत को और भी रहस्यमयी बना दिया था। आज तक गौरव के मौत की गुत्थी सुलझ नहीं पाई है।
फिल्मों और शोज में भी दिखे थे गौरव तिवारी
गौरव तिवारी कई हॉरर शोज और फिल्मों का भी हिस्सा रहे थे। वह एमटीवी के पॉपुलर रिएलिटी शो 'गर्ल्स नाइट आउट' में पैरानॉर्मल इन्वेस्टिगेटर के रूप में नजर आए थे। इसके अलावा वह '16 दिसंबर' और 'टैंगो चार्ली' जैसी बॉलीवुड फिल्मों में भी दिखाई दिए थे। बताया जाता है कि वह 6 हजार से ज्यादा कथित भुतहा जगहों पर जांच के लिए जा चुके थे।
'भय: द गौरव तिवारी मिस्ट्री' की स्टार कास्ट और कहानी
'भय: द गौरव तिवारी मिस्ट्री' वेब सीरीज ने रिलीज होते ही लोगों के दिलों पर राज करना शुरू कर दिया था। लोगों को ये सीरीज काफी पसंद आ रही है। इस सीरीज में करण टैकर, कल्कि केकलां, डैनिश सूद, निमेश नायर, सलोनी बत्रा, घनश्याम गर्ग जैसे कलाकार नजर आए हैं। इस सीरीज का निर्देशन बॉबी ग्रेवाल ने किया है।
कहां देखें 'भय: द गौरव तिवारी मिस्ट्री'?
ये डरावनी और रहस्य से भरी सीरीज ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो और एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम हो रही है। गत 12 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई इस सीरीज को दर्शकों से बेहद पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications