कौन थे फिश वेंकट जिनके मौत से सदमे में आई साउथ इंडस्ट्री? 53 की उम्र में 'पैसों' ने ले ली जान?
Fish Venkat Death: तेलुगू सिनेमा के फेमस कॉमेडियन और एक्टर फिश वेंकट उर्फ वेंकट राज अब इस दुनिया में नहीं रहे। 53 वर्षीय अभिनेता का हाल ही में निधन हो गया है। खबर है कि वो पिछले कुछ समय से गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे और उन्हें हैदराबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
किडनी के खराब होने के चलते बिगड़ गई थी तबीयत
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इलाज के लिए आर्थिक तंगी झेल रहे फिश वेंकट समय पर डायलिसिस नहीं करा सके, जिससे उनकी हालत और बिगड़ गई थी। फिश वेंकट को गंभीर स्थिति में अस्पताल के आईसीयू में रखा गया था। उनकी दोनों किडनियां काम नहीं कर रही थीं।

पैसों की कमी के चलते समय से नहीं हो पाया इलाज
कहा जा रहा है कि डॉक्टर्स ने उनकी जान बचाने के लिए किडनी ट्रांसप्लांट की सलाह दी थी, लेकिन डोनर समय पर नहीं मिल पाया। वहीं, उनके परिवार ने इलाज के लिए करीब 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की अपील भी की थी। हालांकि कुछ लोगों से सहायता मिली, मगर जरूरी समय पर डोनर न मिल पाने के कारण इलाज पूरा नहीं हो सका। वहीं पैसों की कमी के चलते ही इलाज भी समय से शुरू नहीं हो पाया था।
प्रभास के नाम पर आया था ठगी का कॉल
फिश वेंकट की बेटी श्रावंती ने हाल ही में वनइंडिया को दिए इंटरव्यू में बताया था कि उनके पिता के इलाज के लिए आर्थिक मदद की सख्त जरूरत थी। इस बीच साउथ के फेमस एक्टर प्रभास की टीम की ओर से मदद की पेशकश की गई थी, लेकिन कुछ दिनों बाद परिवार को किसी अनजान शख्स की तरफ से प्रभास के नाम पर एक फर्जी कॉल आया था। इस कॉल में ट्रांसप्लांट के बाद खर्च उठाने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि ये कॉल किसी ठगी का था।
इंडस्ट्री और फैंस में शोक की लहर
फिश वेंकट के निधन की खबर ने साउथ फिल्म इंडस्ट्री को गहरे शोक में डाल दिया है। सोशल मीडिया पर फैंस और सेलेब्स उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दे रहे हैं। लोगों की मानें तो फिश वेंकट की दमदार एक्टिंग और कॉमिक टाइमिंग को हमेशा याद किया जाएगा।
कौन थे फिश वेंकट?
फिश वेंकट ने तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री में साल 2001 में रिलीज हुई फिल्म खुशी से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने 'गब्बर सिंह', 'बनी', 'मीरापाकाय', 'आदि', 'अधूर्स', 'धी' और 'सुपरस्टार किडनैप' जैसी हिट फिल्मों में काम किया था। कॉमेडी और नेगेटिव किरदारों में वह खासतौर पर पसंद किए जाते थे।












Click it and Unblock the Notifications