कौन हैं मंधीरा कपूर? 30 हजार करोड़ के प्रॉपर्टी केस में किया Karisma Kapoor और उनके बच्चों को सपोर्ट
Karisma Kapoor property case: दिल्ली हाईकोर्ट में कारोबारी और करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर की संपत्ति विवाद का मामला दिनों-दिन गहराता जा रहा है। अब इस कानूनी लड़ाई में नया मोड़ तब आया, जब संजय कपूर की बहन मंधीरा कपूर स्मिथ (Mandhira Kapoor) ने करिश्मा कपूर के बच्चों, सामायरा कपूर और कियान राज कपूर का खुलकर समर्थन किया।
करिश्मा कपूर के दोनों बच्चों ने हाल ही में अपने पिता की तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। इस मुकदमे में प्रिया पर वसीयत (Will) में जालसाजी और हेरफेर करने का आरोप लगाया गया है।

बच्चों की ओर से अदालत में कहा गया है कि उन्हें पिता की संपत्ति, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30,000 करोड़ रुपये बताई जा रही है, में बराबरी का हक मिलना चाहिए।
बहन मंधीरा कपूर का बड़ा आरोप
मंधीरा कपूर ने ANI से बातचीत में कहा कि यह मानना मुश्किल है कि संजय कपूर अपनी वसीयत से अपने बच्चों को पूरी तरह अलग कर देंगे। उन्होंने साफ शब्दों में कहा-"मैं सामायरा और कियान के साथ खड़ी हूँ, क्योंकि जो लोग संजय और उनके बच्चों के रिश्ते को जानते हैं, वे यह कभी मान ही नहीं सकते कि वह उन्हें वसीयत में शामिल नहीं करेंगे। यह बिल्कुल समझ से परे है।"
मंधीरा ने अप्रत्यक्ष रूप से प्रिया सचदेव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि "एक शख्स ने सब कुछ ले लिया"। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पिता ने जो कुछ बनाया था, वह परिवार के लिए था, लेकिन आज उनकी मां रानी कपूर के पास "सिर छुपाने की छत भी नहीं है"।
Who is Mandhira Kapoor? कौन हैं मंधीरा कपूर?
मंधीरा कपूर दिग्गज उद्योगपति दिवंगत डॉ. सुरिंदर कपूर और उनकी पत्नी रानी सुरिंदर कपूर की बेटी हैं। मंधीरा, कारोबारी संजय कपूर की दो बहनों में से एक हैं। उनकी दूसरी बहन का नाम सुपर्ना मोटवाने है। मंधीरा कपूर एक सफल बिजनेस वुमेन भी हैं, जिन्हें कई पुरस्कार भी मिल चुके हैं।
वह एसएमआईसी ऑटोपार्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (SMIC Autoparts Pvt. Ltd.) की मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। इस कंपनी की स्थापना साल 2012 में हुई थी और इसका ग्लोबल हेडक्वार्टर लंदन में स्थित है। उनके निजी जीवन की बात करें तो मंदिरा ने 11 जून 2023 को ल्यूक स्मिथ से शादी की थी। उनके दो बच्चे नाइना और जय हैं।
मां रानी कपूर का भी आरोप
सिर्फ बहन ही नहीं, संजय कपूर की मां रानी कपूर ने भी अदालत में अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। उनके वकील ने अदालत को बताया कि लगभग 10,000 करोड़ रुपये की संपत्ति उनकी होनी चाहिए थी, लेकिन उन्हें वसीयत से पूरी तरह बाहर कर दिया गया। रानी कपूर ने यह भी सवाल उठाया कि संजय की पूरी संपत्ति प्रिया सचदेव के नाम सिर्फ तीन महीने की शादी के भीतर कैसे ट्रांसफर हो गई। उन्होंने इस प्रक्रिया को "अनैतिक और संदिग्ध" बताया और अदालत से पारदर्शिता की मांग की।
दिल्ली हाईकोर्ट ने हाल ही में प्रिया सचदेव को आदेश दिया है कि वे अपने दिवंगत पति संजय कपूर की सभी चल और अचल संपत्तियों की पूरी सूची अदालत में पेश करें। अब इस मामले की अगली सुनवाई 9 अक्टूबर को होगी। मंधीरा कपूर ने अदालत के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि इससे मामले की सच्चाई सामने आएगी और परिवार को कुछ हद तक राहत मिलेगी।
करिश्मा कपूर और संजय का रिश्ता
गौरतलब है कि करिश्मा कपूर और संजय कपूर की शादी 2003 में हुई थी, लेकिन 2016 में उनका तलाक हो गया। तलाक के बाद करिश्मा को बच्चों की कस्टडी मिली, जबकि संजय को मुलाक़ात के अधिकार दिए गए थे। संजय कपूर का निधन इस साल जून में हुआ, जिसके बाद से ही उनकी संपत्ति को लेकर कानूनी लड़ाई शुरू हो गई। इस विवाद में अब उनकी मां, बहन और बच्चे सब शामिल हैं, जबकि प्रिया सचदेव और उनके बेटे का पक्ष अदालत में सबसे मजबूत माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications