Dharmendra Wife: कहां हैं धर्मेंद्र की पहली पत्नी प्रकाश कौर? अंतिम संस्कार में थी या नहीं, पढ़ें अनसुनी कहानी
Dharmendra First Wife Prakash Kaur: बॉलीवुड के दिग्गज स्टार धर्मेंद्र के निधन ने पूरे देश को शोक में डुबो दिया है। 89 साल की उम्र में उन्होंने मुंबई स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली। उनके जाने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा उनकी पहली पत्नी प्रकाश कौर को लेकर हो रही है। क्या वह अंतिम संस्कार में मौजूद थीं? क्या वह धर्मेंद्र के साथ रहती थीं? उनकी जिंदगी आखिर कैसी रही? आइए जानते हैं धर्मेंद्र की पहली पत्नी की अनसुनी और भावुक कर देने वाली कहानी।
अंतिम संस्कार में मौजूद थीं या नहीं प्रकाश कौर
धर्मेंद्र के अंतिम संस्कार के दौरान मीडिया की नजरें खास तौर पर एक शख्स पर थीं-प्रकाश कौर। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह मुंबई में हुए अंतिम संस्कार में मौजूद थीं। वह हमेशा की तरह बेहद शांत, गंभीर और कैमरे से दूरी बनाकर रहीं। धर्मेंद्र के दोनों बेटे सनी देओल और बॉबी देओल के साथ वह पिछले कई सालों से मुंबई में ही रह रही हैं।

🟡 पहली पत्नी, जिनसे धर्मेंद्र ने तलाक तक नहीं लिया
धर्मेंद्र ने दो शादियां कीं, पहली प्रकाश कौर और दूसरी हेमा मालिनी से। लेकिन दिलचस्प बात यह है कि धर्मेंद्र ने प्रकाश कौर से कभी तलाक नहीं लिया। हिंदू मैरिज एक्ट के मुताबिक बिना तलाक के दूसरी शादी मान्य नहीं होती, इसलिए हेमा मालिनी को कानूनी तौर पर धर्मेंद्र की संपत्ति या पेंशन में कोई अधिकार नहीं मिलता है।
कानूनन धर्मेंद्र की पूरी संपत्ति पर पहली पत्नी और उनके बच्चों का ही हक है। रिपोर्ट के मुताबिक इसलिए धर्मेंद्र ने अपनी संपत्ति का बंटवारा कई सालों पहले ही कर दिया था।
धर्मेंद्र और प्रकाश कौर के चार बच्चे - सनी देओल, बॉबी देओल, विजेता देओल, अजीता देओल हैं। वहीं धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की दो बेटियां हैं ईशा देओल और अहाना देओल। हालांकि हेमा मालिनी बतौर पत्नी संपत्ति की दावेदार नहीं हैं, लेकिन बेटियां कानूनी तौर पर बराबर की वारिस हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक धर्मेंद्र करीब 450 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक थे।

🟡 19 साल की उम्र में हुई थी धर्मेंद्र की प्रकाश कौर से शादी
धर्मेंद्र की शादी प्रकाश कौर से साल 1954 में हुई थी, उस समय उनकी उम्र सिर्फ 19 साल थी। यह अरेंज मैरिज थी। शादी के कुछ ही समय बाद धर्मेंद्र फिल्मों में आए और सुपरस्टार बन गए। इस शादी से उन्हें चार बच्चे हुए-सनी, बॉबी, विजेता और अजीता। इसके बाद 1960 के दशक के अंत में उनकी जिंदगी में आईं हेमा मालिनी।
जब धर्मेंद्र का दिल हेमा मालिनी पर आया तो उनकी प्रेम कहानी पूरी इंडस्ट्री में चर्चा बन गई। समस्या यह थी कि प्रकाश कौर तलाक देने को तैयार नहीं थीं। ऐसे में खबरें चलीं कि धर्मेंद्र ने इस्लाम धर्म अपनाकर अपना नाम दिलावर खान रख लिया ताकि वह हेमा से शादी कर सकें। बाद में 2004 में धर्मेंद्र ने इस बात को अफवाह बताया, लेकिन यह तथ्य हमेशा विवाद में रहा। 2 मई 1980 को धर्मेंद्र और हेमा मालिनी ने शादी कर ली। इस शादी से उन्हें दो बेटियां मिलीं-ईशा और अहाना देओल।

🟡 क्या धर्मेंद्र पहली पत्नी के साथ रहते थे? बॉबी देओल का खुलासा
लंबे समय तक यह चर्चा चलती रही कि धर्मेंद्र अपनी दो पत्नियों से दूर लोनावाला के फार्महाउस में अकेले रहते हैं।लेकिन बॉबी देओल ने हाल ही में एक इंटरव्यू में साफ किया कि, "पापा अकेले नहीं रहते। वह मम्मी यानी प्रकाश कौर के साथ ही फार्महाउस में रहते हैं। दोनों साथ हैं और जिंदगी बहुत शांत तरीके से बिताते हैं।" उन्होंने बताया कि फार्महाउस उनका पसंदीदा स्थान है, जहां दोनों मिलकर खेती, सादगी और प्रकृति के बीच समय बिताते थे।
प्रकाश कौर हमेशा से लाइमलाइट से दूर रहीं। उन्होंने खुद को कभी मीडिया के बीच नहीं लाया। धर्मेंद्र और उनके रिश्ते को उन्होंने हर परिस्थिति में बेहद संभलकर निभाया। 1981 में स्टारडस्ट को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने धर्मेंद्र का बचाव करते हुए कहा था, ''वह मेरे जीवन का पहला प्यार हैं। वह मेरे बच्चों के पिता हैं। मैं उनसे बहुत प्यार करती हूं। जो हो गया सो हो गया।" उन्होंने यह भी कहा था कि अगर कभी जरूरत पड़ी, तो उन्हें पूरा भरोसा है कि धर्मेंद्र हमेशा उनके साथ खड़े होंगे।
🟡 हेमा मालिनी और प्रकाश कौर की दुर्लभ मुलाकातें
हेमा मालिनी और प्रकाश कौर दोनों को एक-दूसरे से दूरी रखते हुए देखा गया है। हेमा ने अपनी आत्मकथा में लिखा था, ''शादी से पहले एक सार्वजनिक कार्यक्रम में उनकी प्रकाश कौर से मुलाकात हुई थी। शादी के बाद वह कभी उनके घर नहीं गईं। वह किसी को परेशान नहीं करना चाहती थीं। धर्मेंद्र ने बेटियों के लिए जो किया, वह उससे खुश हैं।'' दोनों को एक ही फ्रेम में बहुत कम बार देखा गया है और उनकी एक साथ पुरानी तस्वीर आज भी सोशल मीडिया पर वायरल होती रहती है।
धर्मेंद्र और प्रकाश कौर का रिश्ता शायद बॉलीवुड की उन कहानियों में से एक है जिसे कम बोला गया, लेकिन सबसे ज्यादा महसूस किया गया। उन्होंने हर तकलीफ और हर खुशी में धर्मेंद्र का साथ निभाया। वह सिर्फ एक स्टार की पत्नी नहीं, बल्कि एक मजबूत स्त्री के रूप में हमेशा खड़ी रहीं।












Click it and Unblock the Notifications