कौन हैं आदिनाथ कोठारे? जो रणबीर कपूर की 'रामायण' में निभाएंगे ये अहम किरदार
Who Is Adinath Kothare: रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी अभिनीत फिल्म 'रामायण' को लेकर दर्शकों में उत्साह चरम पर है। हाल ही में फिल्म का पहला लुक जारी किया गया था, जिसमें इन कलाकारों की झलक दिखाई गई थी। अब, फिल्म से जुड़ी एक और महत्वपूर्ण खबर सामने आई है।
मराठी अभिनेता आदिनाथ कोठारे फिल्म में भगवान राम के भाई भरत की भूमिका निभाते नजर आएंगे। उन्होंने स्वयं इस बात की पुष्टि की है कि वह इस परियोजना का हिस्सा हैं। आदिनाथ ने कहा कि 'रामायण' केवल एक फिल्म नहीं है, बल्कि यह भारत की सबसे बड़ी कहानियों में से एक है, और इसका हिस्सा बनना उनके लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है।

बॉलीवुड हंगामा को दिए एक साक्षात्कार में आदिनाथ कोठारे ने बताया कि मुकेश छाबड़ा ने उन्हें यह भूमिका दिलाई और नितेश तिवारी ने उन पर विश्वास जताया। उन्होंने मुकेश छाबड़ा, नितेश तिवारी और नमित मल्होत्रा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने मुझ पर भरोसा करके भरत जैसा महत्वपूर्ण किरदार निभाने का अवसर दिया। साथ ही उन्होंने कहा है कि ये मेरे जीवन की सबसे फाइन स्क्रिप्ट है।
आदिनाथ ने आगे कहा कि 'रामायण' जैसी फिल्म की तैयारी और काम करने का तरीका बेहद अनूठा और विशाल है। उन्होंने कहा कि इस तरह के मौके बार-बार नहीं मिलते, और यह फिल्म न केवल अभिनय का अवसर है, बल्कि एक अभिनेता और एक व्यक्ति के रूप में भी उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इतनी बड़ी फिल्म कैसे बनती है, यह कोई फिल्म स्कूल नहीं सिखा सकता। बता दें, रिपोर्ट्स की माने तो नितेश तिवारी ने फिल्म पर साल 2016 से काम करना शुरू कर दिया था।
गौरतलब है कि भरत, भगवान राम के छोटे भाई हैं, जो हमेशा अपने बड़े भाई के आदर्शों का पालन करते हैं। वह कहानी में एक भावनात्मक और मजबूत किरदार हैं। ऐसे में आदिनाथ कोठारे को यह भूमिका मिलना उनके करियर में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। 'रामायण' में टीवी, बॉलीवुड, साउथ और मराठी कलाकारों को शामिल किया गया है, क्योंकि निर्माता सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं को कास्ट करना चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications