क्या है 'एनिमल' के गाने 'जमाल कुडू' का हिंदी मतलब? कौन है इस सॉन्ग में नजर आई लड़की? खुल गया ये राज
Jamal Kudu Song: फेमस डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म 'एनिमल' ब्लॉकबस्टर साबित हुई है। गत 1 दिसंबर 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अभी तक धमाल मचा रखा है। ये फिल्म भारत के साथ-साथ विदेश में भी कई करोड़ रुपए का कारोबार कर चुकी है। इस फिल्म के लीड हीरो रणबीर कपूर से लेकर मूवी के विलेन बॉबी देओल तक की एक्टिंग की लोग तारीफ किए बिना नहीं रह पा रहे हैं। वहीं मूवी में नजर आ रहीं रश्मिका मंदाना और तृप्ति डिमरी की भी जमकर तारीफ हो रही है। इसके अलावा बॉबी देओल का एंट्री सॉन्ग 'जमाल कुडू' भी लोगों की जुबां पर छाया हुआ है। इसमें नजर आ रही लड़की के बारे में भी खूब चर्चा हो रही है। आइए आपको बताते हैं इस गाने के हिंदी मतबल और इसमें नजर आ रही लड़की के बारे में।
बॉबी देओल के एंट्री सॉन्ग ने मचाया धमाल
फिल्म 'एनिमल' का हर गाना लोगों को खूब पसंद आया है। लोग इन गानों पर डांस कर जमकर वीडियो रील्स भी बना रहे हैं। लेकिन मूवी में नेगेटिव किरदार निभा रहे बॉबी देओल के एंट्री सॉन्ग 'जमाल कुडू' ने तो इंटरनेट पर धूम मचा रखी है। इस गाने पर डांस करते हुए आम लोगों से लेकर सेलेब्स तक के कई वीडियोज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। आपको बता दें कि अबरार हक उर्फ बॉबी देओल के एंट्री सॉन्ग का नाम 'जमाल कुडू' है। ये इरानियन गाने 'जमाल-जमालू' से प्रेरित है।

'जमाल कुडू' गाने का हिंदी मतलब
'जमाल कुडू' गाने का हिंदी मतलब है- 'काली आंखों वाले, मेरा दिल मत तोड़। तूने मुझे छोड़ा और मैं मजनू की तरह राहगीर और बंजारा बन गया'। ये गाना इंटरनेट पर छाया हुआ है। इस गाने की पॉपुलैरिटी को देखते हुए ही इसे बाद में यूट्यूब पर ही जगह दी गई है। कुछ ही समय में इस गाने को लाखों व्यूज मिल चुके हैं। लोग गूगल पर ही इस गाने के बारे में कई तरह की बातों को सर्च कर रहे हैं।
कौन है 'जमाल कुडू' गाने में नजर आने वाली लड़की
इस सुपरहिट गाने में नजर आ रही लड़की का नाम तन्नाज दावूदी है। ये एक ईरानी मॉडल हैं। तन्नाज इस गाने में नजर आने के बाद से काफी मशहूर हो गई हैं। वह इससे पहले कई बॉलीवुड सेलेब्स के साथ बैकग्राउंड डांसर के रूप में नजर आ चुकी हैं। आपको बता दें कि तन्नाज दावूदी का निकनेम तन्नी है। वह भारत में काम करती हैं। 'एनिमल' से पहले भी वह कई हिंदी गानों में काम कर चुकी हैं।
तन्नाज दावूदी ने बॉलीवुड सेलेब्स के साथ किया है डांस
ईरानी मॉडल तन्नाज दावूदी ने बॉलीवुड एक्टर जॉन अब्राहम, डांसर नोरा फतेही, सनी लियोनी और वरुण धवन के साथ कई स्टेज शोज किए हैं। वह बतौर बैकग्राउंड डांसर नजर आई हैं। हालांकि 'एनिमल' के 'जमाल कुडू' गाने के पॉपुलर होने के बाद से तन्नाज की लाइफ की लाइफ काफी बदल गई है। अब उन्हें ज्यादा लोग जानने लगे हैं। सोशल मीडिया पर उनकी जमकर चर्चा हो रही है। लोग गूगल पर उनके बारे में सर्च भी कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications