अभी तक आपने नहीं देखी 'बॉर्डर' में सनी देओल की ललकार? 'बॉर्डर 2' आने से पहले फट से इस OTT पर कर लें बिंज वॉच
सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'बॉर्डर 2' को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यह फिल्म साल 2026 की सबसे चर्चित और बड़ी फिल्मों में गिनी जा रही है। देशभक्ति से भरपूर इस फिल्म की रिलीज से पहले दर्शकों के पास एक खास मौका है कि वे घर बैठे 1997 में आई सुपरहिट फिल्म 'बॉर्डर' को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दोबारा देख सकें और उस यादगार अनुभव को फिर से जी सकें।

अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी 'बॉर्डर 2' 23 जनवरी 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया गया, जिसे सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। ट्रेलर में देशभक्ति, युद्ध के दृश्य और दमदार संवादों ने दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है। हर तरफ इस सीक्वल को लेकर खास चर्चा और क्रेज नजर आ रहा है।
जो दर्शक 1997 में रिलीज हुई जेपी दत्ता की क्लासिक फिल्म 'बॉर्डर' को एक बार फिर देखना चाहते हैं या जिन्होंने अब तक यह फिल्म नहीं देखी है, वे इसे अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम कर सकते हैं। इसके अलावा, यह फिल्म यूट्यूब पर भी उपलब्ध है। अपने समय की यह आइकॉनिक फिल्म आज भी दर्शकों के दिलों में खास जगह रखती है और भारतीय सिनेमा की बेहतरीन वॉर फिल्मों में शामिल मानी जाती है।
जेपी दत्ता के निर्देशन में बनी 'बॉर्डर' में सनी देओल के साथ सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ, अक्षय खन्ना, पुनीत इस्सर, सुदेश बेरी और कुलभूषण खरबंदा जैसे दिग्गज कलाकार नजर आए थे। वहीं, तब्बू, पूजा भट्ट, राखी गुलजार, सपना बेदी और शरबानी मुखर्जी ने भी अहम भूमिकाएं निभाई थीं। फिल्म 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध पर आधारित थी और इसे दर्शकों ने भरपूर प्यार दिया था।
अब 'बॉर्डर 2' भी 1971 के युद्ध की सच्ची घटनाओं से प्रेरित कहानी लेकर आ रही है, जो एक बार फिर देशभक्ति की भावना को प्रबल करेगी। इस फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे। इनके अलावा मोना सिंह, सोनम बाजवा, आन्या सिंह और मेधा राणा भी महत्वपूर्ण किरदार निभा रही हैं।
फिल्म निर्माताओं ने संकेत दिया है कि जल्द ही 'बॉर्डर 2' की एडवांस बुकिंग शुरू की जाएगी। ऐसे में दर्शकों की निगाहें अब इसकी रिलीज पर टिकी हुई हैं, और उम्मीद की जा रही है कि यह फिल्म भी अपने पहले भाग की तरह इतिहास रच सकती है।












Click it and Unblock the Notifications