'Vivek Oberoi के लिए सबके दरवाजे पर जाकर काम मांगा', सुरेश ओबेरॉय का खुलासा, लोगों की दिखाई बेटे की ऐसी फोटो
Vivek Oberoi: बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबेरॉय ने साल 2002 में राम गोपाल वर्मा की फिल्म 'कंपनी' से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। पहली ही फिल्म में उनकी एक्टिंग की खूब तारीफ हुई और वह इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहे, लेकिन क्या आप जानते हैं कि विवेक ओबेरॉय को ये बड़ा ब्रेक दिलाने के पीछे उनके पिता और दिग्गज अभिनेता सुरेश ओबेरॉय की भी काफी मेहनत थी। हाल ही में सुरेश ओबेरॉय ने एक इंटरव्यू में बताया कि बेटे को फिल्मों में लॉन्च कराने के लिए उन्हें किस तरह एक बार फिर स्ट्रगल करना पड़ा था।
बेटे की तस्वीरें लेकर ऑफिस-ऑफिस घूमते थे सुरेश ओबेरॉय
निधि वसंदानी के यूटियूब चैनल पर बातचीत के दौरान सुरेश ओबेरॉय ने विवेक के शुरुआती दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि जिस तरह उन्होंने अपने करियर की शुरुआत में काम की तलाश के लिए अपनी तस्वीरें लेकर अलग-अलग जगहों के चक्कर लगाए थे, ठीक उसी तरह बेटे विवेक ओबेरॉय के लिए भी उन्हें काफी कोशिश करनी पड़ी।

विवेक ओबेरॉय की पहली फिल्म ने चलाया ऐसा जादू
सुरेश ओबेरॉय ने बताया कि वह विवेक की तस्वीरें लेकर एक प्रोडक्शन ऑफिस से दूसरे ऑफिस जाते थे। उस वक्त वह राम गोपाल वर्मा के साथ काम कर रहे थे और निर्देशक अपनी फिल्म 'कंपनी' के लिए एक उपयुक्त एक्टर की तलाश में थे। सुरेश ओबेरॉय ने इसी दौरान बेटे विवेक को फिल्म में मौका दिलाने की कोशिश शुरू की।
विवेक का एक्टिंग टेप देखकर प्रभावित हुए राम गोपाल वर्मा
-सुरेश ओबेरॉय ने बताया कि राम गोपाल वर्मा ने विवेक को देखने के बाद उनकी एक्टिंग की रिकॉर्डिंग मांग ली थी। उनके पास एक्टिंग इंस्टीट्यूट का एक टेप मौजूद था। सुरेश के मुताबिक राम गोपाल वर्मा उस टेप को देखने के लिए उनके घर पहुंचे और विवेक की परफॉर्मेंस से काफी प्रभावित हुए।
-यहीं से विवेक ओबेरॉय के लिए 'कंपनी' में काम करने का रास्ता खुला। फिल्म में उन्हें अहम भूमिका मिली और उन्होंने अपने दमदार अभिनय से दर्शकों और फिल्म इंडस्ट्री का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
बेटे की परफॉर्मेंस देख छलक पड़े थे सुरेश ओबेरॉय के आंसू
सुरेश ओबेरॉय ने ये भी बताया कि 'कंपनी' में विवेक ओबेरॉय की एक्टिंग देखकर वह भावुक हो गए थे। बेटे को पहली ही फिल्म में इतनी शानदार परफॉर्मेंस देते देख उनकी आंखों में आंसू आ गए थे। हालांकि विवेक ने आगे चलकर कई फिल्मों में काम किया लेकिन पिता सुरेश को उनका 'साथिया' में किया गया काम भी बेहद पसंद है।
विवेक ओबेरॉय ने कहा था- अपने दम पर हासिल की थी 'कंपनी'
-जहां सुरेश ओबेरॉय ने बेटे को पहला बड़ा ब्रेक दिलाने के लिए अपनी कोशिशों का जिक्र किया, वहीं विवेक ओबेरॉय पहले एक इंटरव्यू में 'कंपनी' हासिल करने की अपनी अलग कहानी बता चुके हैं।
-इंडिया टुडे को दिए पुराने इंटरव्यू में विवेक ओबेरॉय ने कहा था कि उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अपने पिता के नाम का सहारा लेने के बजाय खुद ऑडिशन देकर काम हासिल करने की कोशिश की थी। उन्होंने बताया था कि वह शुरुआत में अपना पूरा नाम 'विवेक आनंद' इस्तेमाल करते थे और प्रोडक्शन ऑफिस में आम कलाकारों की तरह ऑडिशन देने के लिए घंटों इंतजार करते थे।
-विवेक ओबेरॉय के मुताबिक उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने में करीब दो साल का वक्त लगा। इस दौरान उन्हें कई बार रिजेक्शन का सामना करना पड़ा लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। एक्टर ने ये भी कहा था कि उन्हें इस बात पर गर्व था कि उन्होंने अपनी मेहनत और टैलेंट के दम पर पहचान बनाई।
राम गोपल वर्मा ने कर दिया था विवेक ओबेरॉय को रिजेक्ट
-विवेक ओबेरॉय ने एक पुराने इंटरव्यू में ये भी खुलासा किया था कि राम गोपाल वर्मा ने शुरुआत में उन्हें 'कंपनी' के लिए रिजेक्ट कर दिया था। निर्देशक को लगा था कि विवेक इस तरह के किरदार के लिए जरूरत से ज्यादा सजे-धजे और पॉलिश्ड नजर आ रहे हैं।
-इसके बाद विवेक ने निर्देशक को यह यकीन दिलाने की ठानी कि वह इस किरदार के लिए बिल्कुल सही हैं। बताया जाता है कि उन्होंने फिल्म के किरदार को समझने के लिए मुंबई की एक झुग्गी-बस्ती में कुछ समय बिताया और एक स्ट्रगलिंग फोटोग्राफर से अपनी तस्वीरें भी खिंचवाईं।
-करीब तीन हफ्ते बाद जब राम गोपाल वर्मा ने विवेक को दोबारा देखा, तो एक्टर पूरी तरह किरदार के अंदाज में नजर आए। उनका यह ट्रांसफॉर्मेशन निर्देशक को इतना पसंद आया कि आखिरकार उन्हें 'कंपनी' में कास्ट कर लिया गया।
'रामायण' में नजर आएंगे विवेक ओबेरॉय
जानकारी के अनुसार विवेक ओबेरॉय आने वाले समय में नितेश तिवारी की अपकमिंग फिल्म 'रामायण' में नजर आएंगे। फिल्म में रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी समेत कई बड़े कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। ऐसे में विवेक ओबेरॉय के फैंस उन्हें इस बड़े प्रोजेक्ट में देखने के लिए काफी उत्साहित हैं।


Click it and Unblock the Notifications
