'कांतारा' देखकर खुश हुए विवेक अग्निहोत्री, वीडियो शेयर कर फिल्म को बताया 'मास्टरपीस'
विवेक अग्निहोत्री ने 'कांतारा' फिल्म की जमकर तारीफ की है। फिल्ममेकर ने इसे मास्टरपीस बताते हुए वीडियो शेयर किया है।
Vivek Agnihotri praise Kantara: फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री कन्नड़ फिल्म 'कांतारा' के दीवाने हो गए हैं। 'कश्मीर फाइल्स' फिल्म के निर्माता ने फिल्म देखकर इसे मास्टरपीस बताया है। विवेक ने फिल्म की तारीफ करते हुए एक सेल्फी वीडियो शेयर किया है। विवेक अग्निहोत्री से पहले अभिनेत्री कंगना रनौत भी फिल्म 'कांतारा' की तारीफ कर चुकी हैं। एक्ट्रेस के बाद अब फिल्ममेकर इस फिल्म की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं।

ट्विटर पर वीडियो शेयर कर विवेक अग्निहोत्री ने कहा कि बस अभी ऋषभ शेट्टी की मास्टरपीस 'कांतारा' देखी। बस एक ही शब्द है- वॉव। बेहतरीन अनुभव। जितनी जल्दी हो सके, ये फिल्म देखिये।
विवेक अग्निहोत्री ने कहा कि ऐसा अनूठा अनुभव। आपने ऐसी फिल्म देखी या नहीं मुझे नहीं पता। लेकिन मैंने ऐसी फिल्म नहीं देखी है। ऋषभ शेट्टी को सलाम। आपने बहुत अच्छा काम किया है। मैं आपको फोन करने वाला हूं। मैं अपना अनुभव साझा करने से खुद को रोक नहीं सकता। ये कुछ ऐसा है, जो कला और लोककथाओं से भरा है। शानदार सिनेमा बनाने के बाद ऋषभ शेट्टी को बधाई। वाह।
वीडियो में विवेक अग्निहोत्री को कार से ट्रैवल करते देखा जा सकता है। वे फिल्म को लेकर अपने विचार रख रहे हैं। इसके साथ ही फिल्म की जमकर तारीफ करते हुए उन्होंने इसे मास्टरपीस बताया है।
बताते चलें कि विवेक अग्निहोत्री से पहले कंगना रनौत ने भी कांतारा फिल्म की तारीफ की थी। कंगना ने कहा कि अगले साल इस फिल्म को ऑस्कर में एंट्री मिलनी चाहिए। फिल्म 30 सितंबर को रिलीज हुई थी। ये रिलीज होने के दो हफ्ते बाद इसे हिंदी, मलयालम, तमिल और तेलुगू में भी रिलीज किया गया था।
फिल्म कांतारा को रिलीज होने के बाद से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। फैंस से लेकर एक्टर्स तक इस फिल्म की जमकर तारीफ कर रहे हैं। फिल्म को ऋषभ शेट्टी ने डायरेक्ट किया है। इसके साथ ही फिल्म ने कमाई के मामले में सारे रिकॉर्ड तोड़ दुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications