विक्रांत मैसी ने नेशनल अवॉर्ड मिलने की खुशी जाहिर की, इन दो शख्स को कहा 'थैंक्यू'
71वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स की घोषणा की गई, जिसमें अभिनेता विक्रांत मैसी को फिल्म '12वीं फेल' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। विक्रांत ने अपने करियर की शुरुआत टीवी से शुरू किया था। उनका 18 साल का ही करियर है। इस छोटे से ही करियर में उन्होंने अपना पहला नेशनल अवॉर्ड जीत लिया है।
विक्रांत की इस फिल्म को विधु विनोद चोपड़ा ने डायरेक्ट किया था। '12वीं फेल' एक बायोग्राफिकल ड्रामा फिल्म है। यह फिल्म आईपीएस अधिकारी मनोज कुमार शर्मा और उनकी पत्नी आईआरएस अधिकारी श्रद्धा जोशी के स्ट्रगल को दिखाती है है। फिल्म में विक्रांत मैसी के साथ मेधा शंकर और अनंत वी जोशी ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएँ निभाई हैं, जिसमें विक्रांत के अभिनय को विशेष रूप से सराहा गया है।

अब अपने पहले नेशनल अवॉर्ड की खुशी जाहिर करते हुए कहा, मैं सूचना और प्रसारण मंत्रालय, NFDC और 71वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स की ज्यूरी का शुक्रिया अदा करता हूँ कि उन्होंने मेरे काम को इस सम्मान के लायक समझा। मैं विधु विनोद चोपड़ा जी का भी धन्यवाद करता हूँ जिन्होंने मुझे यह मौका दिया। आज मेरा 20 साल पुराना सपना सच हो गया है। मैं दर्शकों का दिल से शुक्रिया करता हूँ जिन्होंने मेरी एक्टिंग को पसंद किया और इस फिल्म को इतने प्यार से आगे बढ़ाया। मेरे लिए खुशी की बात है कि मैं अपना पहला नेशनल अवॉर्ड शाहरुख खान जैसे बड़े कलाकार के साथ साझा कर रहा हूं। आख़िर में, मैं यह अवॉर्ड समाज के उन सभी लोगों को समर्पित करता हूँ जिन्हें अक्सर नज़रअंदाज़ कर दिया जाता है और जो हर दिन मुश्किल हालात से लड़ते हैं।
विक्रांत मैसी ने अपने कलात्मक सफर की शुरुआत साल 2007 में टीवी सीरियल 'धूम मचाओ धूम' से की थी। टेलीविजन पर कई सफल सीरियल्स के बाद, उन्होंने 2013 में रणवीर सिंह और सोनाक्षी सिन्हा अभिनीत फिल्म 'लुटेरा' के ज़रिए बड़े पर्दे पर कदम रखा। शुरुआती दौर में विक्रांत कई फिल्मों में सहायक भूमिकाओं में नज़र आए, जिनमें 'दिल धड़कने दो', 'हाफ गर्लफ्रेंड', और 'लिपस्टिक अंडर माय बुर्का' जैसी फ़िल्में शामिल हैं।
विक्रांत ने 'छपाक', 'ए डेथ इन द गंज', 'गिन्नी वेड्स सन्नी', 'हसीन दिलरुबा', और '14 फेरे' जैसी कई उल्लेखनीय फ़िल्मों में काम किया। हालांकि, उन्हें वास्तविक पहचान वेब सीरीज़ 'मिर्ज़ापुर' से मिली, जिसने उनके करियर को एक नई दिशा दी। '12वीं फेल' में सशक्त अभिनय ने उन्हें एक स्टार के रूप में स्थापित किया। हाल ही में उन्हें 'आँखों की गुस्ताखियाँ' में देखा गया था, लेकिन उनकी इस उपलब्धि ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया है।












Click it and Unblock the Notifications