Vadh 2 BO Collection Day 4: बिना स्टारडम के भी 'वध 2' का दिख रहा दम, चौथे दिन की कमाई ने चौंकाया
Vadh 2 Box Office Collection Day 4: गत 6 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई क्राइम थ्रिलर फिल्म 'वध 2' ने साबित कर दिया है कि मजबूत कहानी और दमदार अभिनय के आगे स्टार पावर हमेशा जरूरी नहीं होती।
फिल्म 'वध 2' को लेकर सकारात्मक माहौल है
समीक्षकों से सराहना मिलने के बाद अब दर्शकों के बीच भी फिल्म 'वध 2' को लेकर सकारात्मक माहौल है। कम बजट और बिना बड़ी स्टार कास्ट वाली ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर संतुलित रफ्तार से आगे बढ़ रही है।

फिल्म 'वध 2' के चौथे दिन की कमाई में गिरावट
-फिल्म 'वध 2' ने पहले दिन 50 लाख रुपये से शुरुआत की थी। दूसरे दिन कलेक्शन में उछाल आया और कमाई 85 लाख रुपए तक पहुंच गई थी। तीसरे दिन फिल्म ने लगभग 1 करोड़ रुपये जुटाए। ऐसे में तीन दिनों में फिल्म का नेट कलेक्शन 2.35 करोड़ रुपये रहा।
-सोमवार को वीकडे इफेक्ट साफ नजर आया और कमाई में गिरावट दर्ज की गई। सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार रिलीज के चौथे दिन यानी 9 फरवरी 2026 (सोमवार) को फिल्म ने करीब 31 लाख रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही चार दिनों में फिल्म की कुल कमाई 2.66 करोड़ रुपये हो चुकी है।
8 करोड़ के बजट के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन
बताया जा रहा है कि फिल्म 'वध 2' का बजट करीब 8 करोड़ रुपये है। ऐसे में फिल्म ने महज चार दिनों में अपनी लागत का लगभग 27 फीसदी वसूल कर लिया है। अगर वीकडेज में फिल्म स्थिर प्रदर्शन बनाए रखती है और दूसरे वीकेंड पर रफ्तार पकड़ती है तो लागत निकालने की राह आसान हो सकती है।
बड़ी फिल्मों के बीच भी बनी हुई है मौजूदगी
दिलचस्प बात ये है कि फिल्म 'वध 2' ऐसे समय में रिलीज हुई है जब सिनेमाघरों में बड़े सितारों की फिल्में भी लगी हैं। इसके बावजूद ये फिल्म अपनी जगह बनाने में कामयाब दिख रही है। दर्शकों के बीच फिल्म की कहानी और कलाकारों की एक्टिंग चर्चा का विषय बनी हुई है।
फिल्म की दमदार स्टारकास्ट
-फिल्म 'वध 2' के डायरेक्टर जसपाल सिंह संधू हैं। फिल्म में संजय मिश्रा और नीना गुप्ता ने लीड किरदार निभाए हैं। इसके अलावा फिल्म में कुमुद मिश्रा, योगिता बिहानी, अमित के. सिंह, अक्षय डोगरा, शिल्पा शुक्ला भी नजर आ रहे हैं।
-ये फिल्म साल 2022 में रिलीज वध मूवी का स्पिरिचुअल सीक्वल मानी जा रही है। फिल्म का प्रीमियर IFFI गोवा 2025 में किया गया था। मूवी के प्रोड्यूसर लव रंजन और अंकुर गर्ग (लव फिल्म्स) हैं।
OTT पर कब आएगी फिल्म 'वध 2'?
-जानकारी के अनुसार सिनेमाघरों के बाद फिल्म 'वध 2' के ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने की चर्चा है। हालांकि अभी तक मेकर्स ने इसकी आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है।
-'वध 2' ये साबित करती है कि मजबूत कंटेंट और प्रभावशाली अभिनय के दम पर छोटी फिल्में भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी पहचान बना सकती हैं। अब सबकी नजरें दूसरे वीकेंड पर हैं, जहां फिल्म की असली परीक्षा होगी।












Click it and Unblock the Notifications