Vadh 2 BO Collection Day 1: 'वध 2' की धीमी शुरुआत, ओपनिंग डे पर संजय मिश्रा की फिल्म ने की कितनी कमाई?
Vadh 2 Box Office Collection Day 1: साल 2022 में रिलीज हुई थ्रिलर ड्रामा फिल्म 'वध' ने अपनी सधी हुई कहानी और दमदार अभिनय से दर्शकों को चौंका दिया था। अब इसी कहानी का विस्तार लेकर 'वध 2' मूवी सिनेमाघरों में आ चुकी है। फिल्म 'वध 2' गत 6 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को थिएटर्स में रिलीज हुई है।
6 फरवरी 2026 को रिलीज हुई है 'वध 2'
बॉक्स ऑफिस पर फिल्म 'वध 2' की सीधी टक्कर 'बॉर्डर 2' (Border 2) और 'मर्दानी 3' (Mardaani 3) जैसी बड़ी मूवीज से हो रही है। हालांकि इस आंधी में भी 'वध 2' मजबूती से जमी हुई है। ऐसे में सवाल यही है कि 'वध 2' ने पहले दिन कैसी शुरुआत की?

ओपनिंग डे पर 'वध 2' का कलेक्शन
-जसपाल सिंह संधू के निर्देशन में बनी इस फिल्म में नीना गुप्ता (Neena Gupta) और संजय मिश्रा (Sanjay Mishra) एक बार फिर मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। इनके अलावा योगिता बिहानी, कुमुद मिश्रा, अक्षय डोगरा और शिल्पा शुक्ला भी अहम किरदार निभा रहे हैं।
-सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार फिल्म 'वध 2' ने पहले दिन यानी ओपनिंग डे पर लगभग 31 लाख रुपये की कमाई की है। ये आंकड़ा उम्मीदों से थोड़ा कम जरूर माना जा रहा है लेकिन फिल्म की लागत को देखते हुए आगे की कमाई अहम रहने वाली है।
बजट के मुकाबले प्रदर्शन कैसा है?
-मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 'वध 2' का बजट करीब 8 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। आमतौर पर किसी फिल्म का पहले दिन अपने बजट का 10 फीसदी कलेक्शन करना औसत माना जाता है। वहीं 20 फीसदी तक पहुंचना अच्छे प्रदर्शन का संकेत देता है।
-इस हिसाब से देखा जाए तो 'वध 2' की ओपनिंग अभी इस मानक से नीचे है। फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाने के लिए आने वाले दिनों में कम से कम 1 करोड़ रुपये की दैनिक कमाई की जरूरत होगी ताकि ये रेस में बनी रह सके।
बॉक्स ऑफिस पर किससे है मुकाबला?
-रिलीज के दिन 'वध 2' मूवी का सामना कॉमेडी फिल्म 'भाबीजी घर पर हैं-फन ऑन द रन' से भी हुआ है। पॉपुलर टीवी शो पर आधारित इस फिल्म में वही परिचित चेहरे नजर आए हैं।
-अगर पहले दिन के कलेक्शन की तुलना करें तो 'वध 2' इस मुकाबले में आगे रही है। जहां 'वध 2' ने 31 लाख रुपये कमाए हैं, वहीं 'भाबीजी घर पर हैं' मूवी की कमाई लगभग 19 लाख रुपये रही है।
क्या है फिल्म 'वध 2' की कहानी?
-फिल्म की कहानी साल 1994 से शुरू होती है। मंजू देवी (नीना गुप्ता) को डबल मर्डर के आरोप में 28 साल की सजा सुनाई जाती है। वह लंबे समय से जेल में बंद हैं। इसी जेल का गार्ड शंभुनाथ मिश्रा (संजय मिश्रा) मंजू के प्रति सहानुभूति रखता है और उससे एक भावनात्मक जुड़ाव महसूस करता है।
-शंभु जेल की सब्जियां चोरी कर बाहर बेचता है और मंजू की जरूरतों का ख्याल रखता है। इसी बीच जेल में बंद एक बिगड़ैल कैदी केशव (अक्षय डोगरा) की नजर 23 वर्षीय महिला कैदी नैना (योगिता बिहानी) पर पड़ती है। एक रात अचानक केशव गायब हो जाता है और जेल प्रशासन में हड़कंप मच जाता है।
-इसके बाद कहानी जांच, रहस्य और सस्पेंस के इर्द-गिर्द घूमती है। आखिर केशव के साथ क्या हुआ? क्या मंजू का इससे कोई संबंध है? इन्हीं सवालों के जवाब फिल्म की आगे की कहानी में मिलते हैं।
आने वाले दिनों पर टिकी उम्मीदें
'वध 2' कंटेंट आधारित फिल्म है, जिसमें कहानी और अभिनय इसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि वर्ड ऑफ माउथ के सहारे फिल्म आने वाले दिनों में रफ्तार पकड़ सकती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि ये फिल्म बड़े बजट की फिल्मों के बीच अपनी जगह बना पाती है या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications