Toxic वायरल गर्ल के साथ लोगों ने की ऐसी गंदी हरकत, मजबूर होकर उठाया ये बड़ा कदम
यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'टॉक्सिक' का टीज़र सामने आते ही भारी विवाद में घिर गया है। टीज़र में दिखाए गए एक अंतरंग दृश्य को लेकर सोशल मीडिया से लेकर कानूनी मंचों तक तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। इस पूरे हंगामे का सीधा असर ब्राज़ीलियाई मॉडल बीट्रीज़ तौफ़ेनबैक पर पड़ा है, जो उस दृश्य में नजर आई थीं। बढ़ती आलोचना के बीच उन्होंने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डिलीट कर दिया है।

बाल अधिकार आयोग और संगठनों की आपत्ति
टीज़र रिलीज़ होने के तुरंत बाद कई सामाजिक संगठनों ने इसके खिलाफ आवाज़ उठाई। राज्य बाल अधिकार आयोग ने भी इस दृश्य को बच्चों के लिए अनुपयुक्त बताते हुए गंभीर आपत्ति दर्ज कराई है। आयोग का कहना है कि बिना किसी आयु चेतावनी के ऐसा कंटेंट सार्वजनिक मंचों पर दिखाया जाना गलत है, जिससे निर्माताओं की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
किरदार को लेकर फैला भ्रम
शुरुआत में यह चर्चा थी कि फिल्म में यश के साथ यूक्रेनी-अमेरिकी अभिनेत्री और मॉडल नैटली बर्न नजर आ रही हैं। नैटली द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों की वजह से यह भ्रम और गहरा गया। कुछ रिपोर्ट्स में उन्हें सह-निर्माता तक बताया गया, हालांकि इसकी कभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई।
निर्देशक गीतू मोहनदास ने किया खुलासा
इन अटकलों पर विराम लगाते हुए फिल्म की निर्देशक गीतू मोहनदास ने इंस्टाग्राम स्टोरी के ज़रिए स्पष्ट किया कि टीज़र में दिखाई देने वाली 'सिमिट्री गर्ल' दरअसल बीट्रीज़ तौफ़ेनबैक हैं। यह नाम उस दृश्य से जुड़ा है, जिसे कब्रिस्तान के पास फिल्माया गया था।
सोशल मीडिया से गायब हुईं बीट्रीज़
निर्देशक के खुलासे के बाद बीट्रीज़ अचानक सुर्खियों में आ गईं। जैसे ही उनकी पहचान सामने आई, सोशल मीडिया पर उनकी प्रोफाइल को लेकर खोज तेज़ हो गई। विवाद बढ़ने पर उन्होंने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट, जो पहले प्राइवेट था और जिसके करीब 1,500 फॉलोअर्स थे, पूरी तरह डिलीट कर दिया।
राजनीतिक और सामाजिक विरोध तेज़
कर्नाटक में आम आदमी पार्टी की महिला विंग ने फिल्म निर्माताओं के खिलाफ राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि यह टीज़र महिलाओं और कन्नड़ संस्कृति का अपमान करता है। साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश कल्लाहली ने भी केंद्रीय सेंसर बोर्ड को पत्र लिखकर टीज़र पर रोक लगाने की मांग की है।
फिलहाल कोई आधिकारिक फैसला नहीं
बाल अधिकार आयोग ने सेंसर बोर्ड से आपत्तिजनक दृश्य हटाने की मांग की है, लेकिन अभी तक निर्माताओं या बोर्ड की ओर से कोई ठोस कदम सामने नहीं आया है। गौरतलब है कि यश की फिल्म 'टॉक्सिक' 19 मार्च, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications