'द केरला स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड' का टीज़र हुआ रिलीज, इस बार की कहानी कर देगी हैरान?
The Kerala Story 2: Goes Beyond Teaser: विपुल अमृतलाल शाह के प्रोडक्शन हाउस से आने वाली फिल्म 'द केरला स्टोरी 2: गोज़ बियॉन्ड' एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है। 'आंखें', 'नमस्ते लंदन', 'सिंह इज़ किंग', 'फोर्स', 'कमांडो' और 'हॉलिडे' जैसी प्रभावशाली फिल्मों से पहचान बना चुके शाह को बेखौफ और मुद्दों पर सीधे वार करने वाले फिल्ममेकर के तौर पर जाना जाता है। 'द केरला स्टोरी' के बाद उनका यह नया प्रोजेक्ट भी उसी साहसी सोच को आगे बढ़ाता दिख रहा है।

पहले भाग से ज्यादा तीखी और गंभीर कहानी
टीज़र से साफ संकेत मिलता है कि 'द केरला स्टोरी 2: गोज़ बियॉन्ड' अपने पहले चैप्टर से कहीं ज्यादा गंभीर, आक्रामक और बेचैन करने वाली होगी। नेशनल अवॉर्ड विजेता निर्देशक कमाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म तीन हिंदू लड़कियों की कहानी दिखाती है, जिनका किरदार उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया ने निभाया है।
प्यार से शुरू होकर साजिश तक पहुंचती कहानी
फिल्म की कहानी भावनात्मक जुड़ाव और भरोसे से शुरू होती है, लेकिन धीरे-धीरे यह धोखे, नियंत्रण और पहचान छीन लेने की भयावह दास्तान में बदल जाती है। टीज़र में दिखाया गया है कि किस तरह प्यार को हथियार बनाया जाता है और आस्था को जंग का मैदान बना दिया जाता है। हर दृश्य में डर, असहजता और भीतर दबा गुस्सा साफ झलकता है, जो दर्शकों को झकझोरने का काम करता है।
'अब सहेंगे नहीं... लड़ेंगे!' का नारा
मेकर्स ने टीज़र के साथ साफ संदेश दिया है कि इस बार महिलाएं सिर्फ पीड़ित बनकर चुप नहीं रहेंगी। फिल्म में दिखाया गया है कि धोखे का शिकार होने के बाद वे खामोशी नहीं अपनातीं, बल्कि हालात के खिलाफ खड़ी होती हैं और पूरी ताकत से जवाब देती हैं। टीज़र का नारा "अब सहेंगे नहीं... लड़ेंगे!" इसी जज़्बे को मजबूती से सामने रखता है।
पहली फिल्म के असर से आगे जाने का दावा
'द केरला स्टोरी' ने अपनी बेबाक कहानी से देशभर में तीखी बहस छेड़ दी थी। अब इसका सीक्वल "कम्फर्ट से परे, खामोशी से परे और इनकार से परे" जाकर और गहरे असर का वादा करता है। कमाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म को विपुल अमृतलाल शाह ने प्रोड्यूस किया है, जबकि आशीष ए. शाह सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले सह-निर्माता हैं। 'द केरला स्टोरी 2: गोज़ बियॉन्ड' 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications