T20 World Cup 2024: भारत के जीतने पर खुश नहीं है ये गायिका, क्रिकेट को बताया ओवररेटेड खेल,जानिए क्या है मामला?
Neha Singh Rathore on T20 World Cup 2024: भारत टी20 विश्वकप का विजेता बना है, जिसकी वजह से पूरे देश में जश्न का माहौल है, लोग जमकर उत्सव मना रहे हैं लेकिन कोई ऐसा भी है जिसे कि ये जीत रास नहीं आ रही है, उल्टा उसे तो ये बात पच ही नहीं रही है।
यही नहीं वो क्रिकेट को धर्म मानने वालों की भी आलोचना कर रही है। दरअसल यहां बात हो रही है भोजपुरी सिंगर नेहा सिंह राठौर की, जिन्होंने क्रिकेट की इस जीत को 'धर्म' और 'बेरोजगारी' से जोड़ दिया है।

भोजपुरी सिंगर ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर काफी तीखी बातें लिखी हैं, जो कि निम्नलिखित हैं...
'क्रिकेटप्रेमी अपने रिस्क पर पूरा पढ़ें'
क्रिकेट एक बेहद औसत और ओवररेटेड खेल है जिसने देश के युवाओं को भ्रमित और बाक़ी खेलों को बर्बाद कर दिया है, युवा इस खेल के सुख-दुःख में अपनी पहचान के संकट से निजात पाने के रास्ते ढूंढ रहे हैं क्योंकि उन्हें रोजगार और नौकरी मिलने जैसी मीनिंगफुल बातों में कोई स्कोप नहीं दिख रहा है, जिस तरह निरुद्देश्य घूमते लोग सड़क की नीरस घटनाओं को भी बेहद रुचिकर ढंग से देखते और अपना मत देते है।'
इन बेचारों के पास सिवाय प्राइड मोमेंट के और क्या बचा है?
'उसी तरह समाज, परिवार और बाज़ार के मारे बेरोज़गार युवाओं के पास खुश होने के लिए इतने कम मौके बचे हैं कि वो इस बेहद अर्थहीन चीज के इर्द-गिर्द घेरा बनाकर खड़े हैं, BCCI अरबपति हो चुका है, बाजार मालामाल है और खिलाड़ी अपनी सात पीढ़ियों का बंदोबस्त करके संन्यास ले रहे हैं लेकिन इन बेचारों के पास सिवाय प्राइड मोमेंट के और क्या बचा है!'
आप जाकर अपना बाजार भाव पता कीजिए
'जाकर सरकार से रोज़गार माँगिये और पेपर लीक के खिलाफ आवाज़ उठाइए... क्योंकि आपके पसंदीदा खिलाड़ी को आपकी बेरोज़गारी और पेपरलीक से कोई फर्क नहीं पड़ता और शाहपुत्र के रहते उनकी औक़ात भी नहीं है कि आपके फेवर में कुछ बोल दें, आपने अपने जीवन के सैकड़ों-हज़ारों घंटे उनके लिए बर्बाद कर दिये, कीबोर्ड पर उंगलियां घिस डालीं लेकिन उनकी तरफ़ से आपके लिए दो ट्वीट्स तक नहीं हुए! क्यों करेंगे वो..? उनका एक-एक ट्वीट लाखों-करोड़ों का होता है...और आप! आप जाकर अपना बाजार भाव पता कीजिए।'

17 साल बाद भारत रोहित शर्मा की कप्तानी में विश्वविजेता बना
आपको बता दें कि शनिवार रात भारत ने टी20विश्वकप फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर t20 वर्ल्ड कप जीता है। इससे पहले टीम इंडिया ने साल 2007 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में पहला टी 20 विश्व कप जीता था लेकिन अब 17 साल बाद भारत रोहित शर्मा की कप्तानी में फिर से टी 20 वर्ल्ड कप विजेता बना है।
पूरा देश पलकें बिछाएं अपने शेरों के वतनवापसी का इंतजार कर रहा
इस वक्त पूरा देश पलकें बिछाएं अपने शेरों के वतनवापसी का इंतजार कर रहा है लेकिन नेहा सिंह राठौर के मैसेज में सोशल मीडिया पर विवाद पैदा कर दिया है। हालांकि नेहा सिंह अपनी पोस्ट के लिए जमकर ट्रोल हो रही हैं लेकिन कुछ फैंस उनकी बात का समर्थन भी कर रहे हैं, कुल मिलाकर इस वक्त नेहा सिंह सोशल मीडिया पर हॉट टॉपिक बनी हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications