सुशांत सिंह राजपूत के मरने से 6 दिन पहले क्यों चली गई थी रिया चक्रवर्ती? CBI की रिपोर्ट में 5 बड़े खुलासे
Sushant Singh Rajput Case: बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के करीब 5 साल बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने इस साल मार्च में अपनी क्लोजर रिपोर्ट अदालत में दाखिल कर दी थी। अब इस रिपोर्ट को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है।
रिया चक्रवर्ती को मिली क्लीन चिट
सीबीआई ने अपनी जांच में बॉलीवुड एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती को पूरी तरह क्लीन चिट दे दी है। एजेंसी का कहना है कि जांच में ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है जिससे ये साबित हो कि रिया चक्रवर्ती ने सुशांत सिंह राजपूत को बंधक बनाया, धमकाया या उन्हें सुसाइड करने के लिए उकसाया था।

सीबीआई को जांच में रिया के खिलाफ कोई सबूत नहीं
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सीबीआई को जांच के दौरान ऐसे कोई ठोस सबूत नहीं मिले जो रिया या उनके परिवार को दोषी ठहरा सके। वहीं दूसरी तरफ बार बार ये बात सामने आई है कि सुशांत सिंह राजपूत ने अपने फ्लैटमेट सिद्धार्थ पिठानी से कहा था कि रिया चक्रवर्ती उनके परिवार का हिस्सा हैं।
सुशांत सिंह राजपूत का परिवार क्लोजर रिपोर्ट से खुश नहीं
हालांकि सुशांत सिंह राजपूत का परिवार सीबीआई की इस रिपोर्ट से बिल्कुल संतुष्ट नहीं है। परिवार ने इस रिपोर्ट को अधूरी और औपचारिक बताया है और इसे चुनौती देने की बात कही है। इस मामले पर अगली सुनवाई आगामी 20 दिसंबर 2025 को पटना की अदालत में होनी तय है।
सीबीआई ने दायर की 2 क्लोजर रिपोर्ट्स
-14 जून 2020 को मुंबई के बांद्रा स्थित फ्लैट में सुशांत सिंह राजपूत का शव मिला था। उनकी मौत के बाद देशभर में सनसनी फैल गई थी और ये केस देश के सबसे चर्चित मामलों में से एक बन गया था।
-वहीं मार्च 2025 में सीबीआई ने इस केस से जुड़ी 2 क्लोजर रिपोर्ट्स दाखिल की हैं। पहली रिपोर्ट सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह द्वारा पटना में दर्ज कराए गए केस से जुड़ी थी, जिसमें रिया चक्रवर्ती और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए गए थे। इसके अलावा दूसरी रिपोर्ट रिया चक्रवर्ती द्वारा मुंबई में सुशांत सिंह राजपूत की बहनों के खिलाफ दर्ज कराई गई थी।
सुशांत सिंह राजपूत के पिता ने रिया पर लगाए थे ऐसे आरोप
केके सिंह द्वारा लगाए गए आरोप रिया चक्रवर्ती, उनके माता-पिता लेफ्टिनेंट कर्नल इंद्रजीत चक्रवर्ती और संध्या चक्रवर्ती, भाई शोविक चक्रवर्ती, सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर श्रुति मोदी और हाउस मैनेजर सैमुअल मिरांडा के खिलाफ थे। वहीं 'हिंदुस्तान टाइम्स' की रिपोर्ट के मुताबिक इस क्लोजर रिपोर्ट में सीबीआई ने 5 बड़े खुलासे किए हैं।
रिपोर्ट में दर्ज हुए 5 बड़े खुलासे-
1. 8 जून 2020 को रिया चक्रवर्ती ने छोड़ा था सुशांत का घर
सीबीआई की जांच से ये सामने आया है कि रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शोविक चक्रवर्ती 8 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत के घर से चले गए थे और फिर कभी वापस नहीं आए। 8 जून से 14 जून के बीच सुशांत ने न तो रिया से मुलाकात की और न ही उनसे फोन या किसी अन्य माध्यम से कोई बात की। सिर्फ 10 जून को व्हाट्सऐप पर शोविक से एक बार सुशांत की बात हुई थी।
2. सुशांत की बहन मीतू सिंह 12 जून तक भाई के साथ थीं
रिपोर्ट में ये भी दर्ज है कि सुशांत सिंह राजपूत की बहन मीतू सिंह 8 जून से 12 जून तक उनके साथ फ्लैट में ही रह रही थीं। वहीं सुशांत की मैनेजर श्रुति मोदी फरवरी 2020 में पैर में चोट लगने के बाद से उनके घर नहीं गई थीं।
3. रिया चक्रवर्ती ने अपने साथ लीं सिर्फ अपनी चीजें
परिवार द्वारा लगाए गए चोरी और गबन के आरोपों पर सीबीआई ने कहा है कि रिया चक्रवर्ती ने जब घर छोड़ा, तो वह अपने साथ केवल अपना एप्पल लैपटॉप और घड़ी लेकर गई थीं, जो सुशांत ने ही उन्हें गिफ्ट किए थे। किसी भी तरह की संपत्ति या पैसे की हेराफेरी के सबूत नहीं मिले हैं।
4. रिया चक्रवर्ती को 'परिवार' मानते थे सुशांत सिंह राजपूत
सीबीआई की जांच में पाया गया है कि रिया चक्रवर्ती और सुशांत सिंह राजपूत अप्रैल 2019 से जून 2020 तक लिव-इन रिलेशनशिप में थे। सीबीआई के मुताबिक सुशांत ने खुद अपने फ्लैटमेट सिद्धार्थ पिठानी से कहा था कि रिया उनके परिवार जैसी हैं। ऐसे में उन पर किएगए खर्च या गिफ्ट को किसी धोखाधड़ी के दायरे में नहीं रखा जा सकता।
5. धमकी का कोई सबूत नहीं मिला
सुशांत सिंह राजपूत के परिवार ने दावा किया था कि रिया चक्रवर्ती ने उन्हें धमकी दी थी कि अगर वह उसकी बात नहीं मानेंगे तो उनके मेडिकल रिकॉर्ड पब्लिक कर देगीं। सीबीआई ने इसे अफवाह करार दिया क्योंकि ऐसा कोई डिजिटल या मौखिक सबूत सामने नहीं आया।
सीबीआई की अंतिम टिप्पणी
अपनी क्लोजर रिपोर्ट में सीबीआई ने साफ कहा है- जांच में ये साबित नहीं हुआ है कि किसी भी आरोपी ने सुशांत सिंह राजपूत को आत्महत्या के लिए उकसाया, धमकाया या अवैध रूप से रोका था। इस बयान के साथ एजेंसी ने रिया चक्रवर्ती और अन्य आरोपियों को क्लीन चिट दे दी है।
इस मामले में आगे क्या होगा?
अब मामला अदालत के समक्ष है और आगामी 20 दिसंबर 2025 को इस पर अगली सुनवाई होगी। सुशांत सिंह राजपूत का परिवार अब भी इस जांच से संतुष्ट नहीं है और हो सकता है कि कोर्ट में अब नई दलीलें पेश की जाएं।












Click it and Unblock the Notifications