2026 में सनी देओल मचाएंगे कोहराम, सालभर रिलीज होंगी इतनी सारी फिल्में
बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल के लिए साल 2026 बेहद खास और ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है। इस साल उनकी कुल सात फिल्में रिलीज होने की तैयारी में हैं, जो मौजूदा दौर में किसी भी अभिनेता के लिए असाधारण उपलब्धि मानी जाती है। आमतौर पर जहां सितारे साल में दो या तीन फिल्मों तक सीमित रहते हैं, वहीं सनी देओल का यह व्यस्त शेड्यूल उनके करियर में नई ऊर्जा भरने वाला है।

'बॉर्डर 2' से होगी साल की धमाकेदार शुरुआत
23 जनवरी 2026 को रिलीज होने वाली 'बॉर्डर 2' सनी देओल की पहली फिल्म होगी। यह 1997 की सुपरहिट 'बॉर्डर' का बहुप्रतीक्षित सीक्वल है, जिसमें सनी एक बार फिर देशभक्ति के रंग में नजर आएंगे। अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी इस वॉर ड्रामा में वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी भी अहम भूमिकाओं में हैं।
'गबरू' और सलमान खान का कैमियो
13 मार्च को रिलीज होने वाली 'गबरू' एक इमोशनल ड्रामा बताई जा रही है। शशांक उदापुरकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लेकर खास चर्चा इसलिए भी है क्योंकि इसमें सलमान खान का छोटा लेकिन खास कैमियो होने की खबर है।
दिवाली पर आएगी 'रामायण: पार्ट 1'
नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' 2026 की सबसे बड़ी फिल्मों में गिनी जा रही है। दिवाली पर रिलीज होने वाली इस फिल्म में सनी देओल भगवान हनुमान की भूमिका निभाएंगे। रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश और रवि दुबे जैसे सितारों की मौजूदगी इसे और भव्य बनाती है।
लंबे समय से अटकी 'लाहौर 1947' भी होगी रिलीज
राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देशित 'लाहौर 1947' आमिर खान प्रोडक्शंस की महत्वाकांक्षी फिल्म है। भारत-पाक रिश्तों के चलते इसकी रिलीज टलती रही, लेकिन संकेत हैं कि 2026 में यह फिल्म दर्शकों तक पहुंचेगी।
मल्टीस्टारर और एक्शन फिल्मों की भरमार
'बाप' नामक फिल्म में सनी देओल जैकी श्रॉफ, संजय दत्त और मिथुन चक्रवर्ती के साथ नजर आएंगे। वहीं 'सूर्या' में वह एक रिटायर्ड पुलिस अफसर बने हैं, जो ऑर्गन माफिया से भिड़ता है। इसके अलावा नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली 'इक्का' में उनका दमदार एक्शन अवतार देखने को मिलेगा। यह तीसरा मौका है जब सनी देओल की एक ही साल में सात फिल्में रिलीज होंगी। इससे पहले 1989 और 1993 में ऐसा हो चुका है। 33 साल बाद यह उपलब्धि उनके फैंस के लिए किसी तोहफे से कम नहीं।












Click it and Unblock the Notifications