Orry: मुश्किल में फंसे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ओरी, इस गंभीर केस में पुलिस ने किया तलब, जानिए पूरा मामला
Social media influencer,Orry News: मुंबई पुलिस ने 252 करोड़ रुपये के ड्रग्स मामले में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ओरहान अवात्रामणि, जिन्हें ओरी के नाम से जाना जाता है, को समन भेजा है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह समन मुंबई अपराध शाखा के नारकोटिक्स सेल द्वारा जारी किया गया है।
अधिकारी के अनुसार, ओरी को इस मामले में गवाह के तौर पर पूछताछ के लिए बुलाया गया है। उन्हें अपना बयान दर्ज कराने के लिए पेश होने का निर्देश दिया गया है। पुलिस उनसे इस मामले से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण जानकारी हासिल करना चाहती है।'

यह मामला 28 अक्टूबर को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 252 करोड़ रुपये मूल्य की 21.8 किलोग्राम मेफेड्रोन (एमडी) जब्त होने के बाद शुरू हुआ था। इस हाई-प्रोफाइल ड्रग्स सिंडिकेट का खुलासा राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने किया था।
डीआरआई ने मुंबई के एक गोदाम से 21.82 किलोग्राम एमडी जब्त की थी, जिसके बाद छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। इन गिरफ्तारियों में एक एयर इंडिया का पूर्व पायलट भी शामिल था। इस मामले की आगे की जांच के लिए इसे मुंबई पुलिस के नारकोटिक्स सेल को सौंप दिया गया था।
ओरी, अपनी हाई-प्रोफाइल दोस्ती और सोशल मीडिया पर अपनी जीवनशैली के कारण अक्सर चर्चा में रहते हैं। पुलिस उनसे इस ड्रग्स रैकेट से उनके संभावित संबंधों या इसमें शामिल लोगों के बारे में पूछताछ कर सकती है।












Click it and Unblock the Notifications