बेटे की मौत के तीन साल बाद भी नहीं मिल पा रहा परिवार को न्याय, SSP ऑफिस के बाहर धरने पर बैठे माता-पिता
दिवंगत पंजाबी सुपरस्टार सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता न्याय के इंतजार में हैं। इसके लिए उन्होंने एक बार फिर अपने बेटे के लिए न्याय की जंग तेज कर दी है। बुधवार को उन्होंने SSP दफ्तर के बाहर धरना देकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मूसेवाला परिवार का आरोप है कि बेटे (सिद्धू) के डिजिटल प्लेटफॉर्म से होने वाली कमाई में गड़बड़ी की जा रही है। इसकी शिकायत पर महीनों बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

करीब छह महीने पहले मूसेवाला परिवार ने पुलिस को ऑफिशियल शिकायत सौंपी थी। इसमें सिद्धू के एक्स मैनेजर बंटी समेत सुबीर मुमेन और गुरप्रीत सिंह के नाम शामिल बताए गए थे। परिवार का दावा है कि सिद्धू के निधन के बाद भी उनके नाम से यूट्यूब, म्यूजिक ऐप्स और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भारी कमाई हो रही है। लेकिन उस कमाई का सही हिसाब परिवार तक नहीं पहुंच रहा। उन्हें शक है कि इस आमदनी में हेरफेर किया जा रहा है।
धरने के दौरान मूसेवाला के पिता ने प्रशासन पर तीखे आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पुलिस गैंगस्टरों पर सख्ती के बड़े-बड़े दावे करती है, मगर उनके बेटे के मामले में कार्रवाई बेहद सुस्त है। उन्होंने मानसा पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पारदर्शिता की कमी का मुद्दा भी उठाया। उनके मुताबिक, बार-बार गुहार लगाने के बावजूद जांच आगे नहीं बढ़ रही।
माता-पिता ने भावुक लहजे में कहा कि बेटे को खोने का दर्द अलग है, लेकिन न्याय के लिए दर-दर भटकना उससे भी ज्यादा तकलीफदेह है। उनका कहना है कि हत्या के बाद से वे लगातार मानसिक और कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। कई अधिकारियों और सरकारी प्रतिनिधियों से मुलाकात के बावजूद उन्हें न तो संतोषजनक जवाब मिला और न ही आय विवाद का समाधान।
परिवार की मुख्य मांग है कि सिद्धू मूसेवाला के नाम से हो रही पूरी डिजिटल कमाई का पारदर्शी ऑडिट कराया जाए और उसका ब्योरा सार्वजनिक किया जाए। साथ ही नामजद लोगों के खिलाफ निष्पक्ष और तेज जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो उनका आंदोलन और व्यापक रूप ले सकता है।












Click it and Unblock the Notifications