'श्रीकृष्ण' नितीश भारद्वाज के नए बयान से मची सनसनी, कहा- मर्द को दर्द है, IAS पत्नी पर मेंटल हैरेसमेंट का आरोप
Nitish Bharadwaj Controversy: टीवी की दुनिया में महाभारत में भगवान श्रीकृष्ण के किरदार से अमर हो चुके अभिनेता नितीश भारद्वाज इन दिनों अपनी प्रोफेशनल नहीं बल्कि पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। उनकी अलग रह रही IAS पत्नी स्मिता गेट के साथ चल रहा विवाद अब और गहरा होता नजर आ रहा है।
नितीश भारद्वाज और स्मिता गेट का विवाद
भोपाल में दूसरी पत्नी स्मिता गेट के खिलाफ मानसिक शोषण की शिकायत दर्ज कराने के बाद नितीश भारद्वाज ने एक इंटरव्यू में अपनी चुप्पी तोड़ी है और कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।

नितीश भारद्वाज ने कहा- मेरी जिंदी बर्बाद हो गई
टाइम्स नाउ को दिए इंटरव्यू में नितीश भारद्वाज ने बेहद भावुक लहजे में कहा है- मैं नहीं चाहता कि मेरी बेटियां अपनी मां जैसी बनें। अगर वो वैसी बन गईं तो उनकी जिंदगी भी बर्बाद हो जाएगी। हमारे रिश्ते में अब कुछ भी नहीं बचा है। मैं सिर्फ और सिर्फ तलाक चाहता हूं। उनके इस बयान ने सोशल मीडिया से लेकर इंडस्ट्री तक में हलचल मचा दी है।
नितीश भारद्वाज का दर्द- मैं सताया गया मर्द हूं
एक्टर नितीश भारद्वाज ने पत्नी द्वारा लगाए गए उत्पीड़न के आरोपों को खारिज करते हुए खुद को पीड़ित बताया है। उन्होंने कहा है- स्मिता गेट कहती हैं कि मैंने उन्हें प्रताड़ित किया लेकिन सच्चाई ये है कि मैं खुद एक सताया हुआ मर्द हूं। मेरा घर, पैसा, पर्सनल लाइफ सब कुछ तबाह कर दिया गया है। कोई मर्द शादी इसलिए नहीं करता कि किसी को प्रताड़ित करे।
'मैं विक्टिम कार्ड नहीं खेल रहा, मैं पीड़ित हूं'
नितीश भारद्वाज ने आगे कहा- स्मिता गेट मुझे झूठा साबित करने की कोशिश कर रही हैं। वह मुझे विक्टिम कार्ड खेलने वाला बता रही हैं, लेकिन हकीकत ये है कि मैं मानसिक, भावनात्मक और शारीरिक आघात से गुजरा हूं। मैं तलाक इसलिए चाहता हूं क्योंकि इस रिश्ते में अब कुछ भी बचा नहीं है।
नितीश भारद्वाज ने दूसरी पत्नी स्मिता गेट पर लगाए ये 5 बड़े आरोप-
1. पुणे का घर हड़पने का आरोप
नितीश भारद्वाज का दावा है कि पुणे में खरीदे गए घर का 70 फीसदी पैसा उन्होंने दिया लेकिन स्मिता गेट ने कथित तौर पर उसका वित्तीय लेन-देन छिपाया और बिना अनुमति घर किराए पर दे दिया।
2. मीडिया में स्मिता के झूठे बयान देने का दावा
नितीश भारद्वाज ने कहा कि स्मिता गेट ने मीडिया में उनके खिलाफ जो भी आरोप लगाए हैं, वो पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने दावा किया कि वह सभी इंटरव्यू और बयानों के दस्तावेजी सबूत अपने पास रखते हैं।
3. हाउसवाइफ बनाने के आरोप को बताया बेबुनियाद
नितीश भारद्वाज ने दूसरी पत्नी स्मिता गेट के उस आरोप को भी नकारा है जिसमें कहा गया था कि उन्हें घर तक सीमित रखने की कोशिश की गई। एक्टर का कहना है- शादी एक-दूसरे के साथ आगे बढ़ने के लिए होती है, किसी की ग्रोथ रोकने के लिए नहीं होती।
4. मानसिक और आर्थिक शोषण का दावा
एक्टर ने कहा कि शादी के दौरान उन्होंने मानसिक और आर्थिक शोषण झेला है और उनके साथ केवल स्वार्थ के लिए रिश्ता रखा गया है। नितीश भारद्वाज के अनुसार उनका इस्तेमाल किया गया है।
5. पद का दुरुपयोग करने का आरोप
सबसे गंभीर आरोप लगाते हुए नितीश भारद्वाज ने कहा है- स्मिता गेट अपने प्रशासनिक पद का गलत इस्तेमाल कर रही हैं। अप्रत्यक्ष रूप से मुझ पर दबाव बनाया जा रहा है कि मैं इस मुद्दे पर बात न करूं। उन्होंने भावुक होकर कहा कि अब उनके पास खोने के लिए कुछ नहीं बचा सिवाय अपनी बेटियों के।
'मुझे सिर्फ मेरी बेटियां चाहिए और कुछ नहीं'
इंटरव्यू के अंत में नितीश भारद्वाज ने कहा- मैं सब कुछ हार चुका हूं। अब मेरी आखिरी लड़ाई सिर्फ मेरी बेटियों के लिए है। इस हाई-प्रोफाइल वैवाहिक विवाद में आगे क्या मोड़ आएगा, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं। आने वाले दिनों में ये मामला कानूनी और सामाजिक स्तर पर और गहराने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications