एक रात में करोड़ों कमा रही हैं शिल्पा शेट्टी, प्रीमियम क्लाइंट्स की लगती है भीड़, जानें कैसे हो रही है ये कमाई
Shilpa Shetty Income: बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी न सिर्फ अपनी फिटनेस और ग्लैमरस लाइफस्टाइल के लिए जानी जाती हैं बल्कि वह एक सफल बिजनेसवुमन भी हैं। फिल्मों से शानदार कमाई के अलावा शिल्पा का बिजनेस भी जोर पकड़ चुका है।
कई चीजों से करोड़ों की कमाई करती हैं शिल्पा शेट्टी
जानकारी के अनुसार शिल्पा शेट्टी एक्टिंग के साथ साथ कई और चीजों से करोड़ों की कमाई करती हैं। शिल्पा शेट्टी एक साथ कई तरह के बिजनेस संभालती हैं। वह मुंबई के एक फेमस रेस्तरां की मालकिन भी हैं।

2 लग्जीरियस रेस्तरां और एक कैफे की मालकिन हैं एक्ट्रेस
शिल्पा शेट्टी, मुंबई में मौजूद 2 लग्जीरियस रेस्तरां और एक शानदार कैफे की मालकिन हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शिल्पा शेट्टी को पिछले 7 सालों में बिजनेस के जरिए 573 फीसदी का प्रॉफिट हुआ है।
शिल्पा शेट्टी का रेस्तरां मुंबई की नाइटलाइफ का हॉट स्पॉट
शिल्पा शेट्टी का मुंबई स्थित प्रीमियम रेस्तरां Bastian इस समय शहर की नाइटलाइफ का सबसे हॉट स्पॉट बन गया है और इसकी कमाई के आंकड़े आपको हैरान कर देंगे।
रेस्तरां से एक रात में होती है करोड़ों की कमाई
-मशहूर ऑथर और कॉलमनिस्ट शोभा डे ने हाल ही में मुंबई की नाइटलाइफ और लग्जरी डाइनिंग पर बातचीत के दौरान शिल्पा शेट्टी के रेस्तरां की सफलता का जिक्र किया है। उन्होंने बताया है कि Bastian की कमाई देखकर वो खुद भी दंग रह गई थीं।
-शोभा डे ने शिल्पा शेट्टी के इस प्रीमियम रेस्तरां के बारे में कहा है- मुंबई में एक ऐसा रेस्तरा है जो हर रात करीब 2 से 3 करोड़ रुपये का टर्नओवर करता है। स्लो नाइट पर इसकी कमाई लगभग 2 करोड़ रुपए रहती है जबकि वीकेंड पर ये आंकड़ा 3 करोड़ रुपए से भी ऊपर चला जाता है।
शिल्पा शेट्टी का Bastian क्यों है इतना खास?
-शोभा डे ने बताया कि ये रेस्तरां करीब 21,000 स्क्वायर फीट में फैला हुआ है और यहां से मुंबई शहर का 360 डिग्री व्यू मिलता है। आप ऊंचाई से समंदर को देखते हुए अपने फूड का मजा ले सकते हैं। उन्होंने कहा- जब आप यहां एंट्री करते हैं, तो ऐसा लगता है मानो आप किसी विदेशी लक्जरी लाउंज में पहुंच गए हों।
-शोभा डे ने आगे कहा है- ये जगह इतनी बड़ी और शानदार है कि यहां एक ही रात में करीब 1400 लोगों को खाना परोसा जाता है। हर बार में 700 मेहमान बैठते हैं और दो सेशंस में पूरी क्षमता फुल रहती है। बाहर लंबी वेटिंग लगती है। दादर की सड़क तक लाइनें दिखती हैं।
सेलिब्रिटी क्लाइंट्स और लग्जीरियस गाड़ियों की लगती है कतार
शोभा डे ने ये भी बताया कि Bastian के बाहर लग्जरी कारों की कतार लगी रहती है। उन्होंने कहा- यहां लोग लैम्बोर्गिनी, एस्टन मार्टिन जैसी महंगी कारों में आते हैं। कौन लोग हैं ये, मुझे नहीं पता लेकिन इतना जरूर कह सकती हूं कि मुंबई की नाइटलाइफ का सेंटर यही जगह बन चुकी है।
शिल्पा शेट्टी बनीं सक्सेसफुल बिजनेसवुमेन
-आपको बता दें कि शिल्पा शेट्टी ने अपने इस रेस्तरां के प्रमोशन में खुद भी बड़ी भूमिका निभाई है। वह सोशल मीडिया पर अकसर Bastian की झलकियां शेयर करती रहती हैं और फैंस को वहां जाने के लिए प्रेरित करती हैं।
-आज के समय में Bastian सिर्फ एक रेस्तरां नहीं है बल्कि मुंबई की लाइफस्टाइल का प्रतीक बन चुका है, जहां शिल्पा शेट्टी का नाम अब एक सफल बिजनेसवुमन के रूप में भी जुड़ चुका है।
1993 में शिल्पा शेट्टी ने बॉलीवुड में की थी एंट्री
शिल्पा शेट्टी ने साल 1993 में रिलीज हुई फिल्म 'बाजीगर' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया है और आज वह अपनी मेहनत के दम पर करोड़ों की संपत्ति की मालकिन बन गई हैं।
150 करोड़ रुपये की संपत्ति की मालकिन हैं शिल्पा शेट्टी
-बिजनेसमैन राज कुंद्रा से शिल्पा शेट्टी ने की है शादी शिल्पा शेट्टी ने मशहूर बिजनेसमैन राज कुंद्रा से शादी की है। उनकी शादीशुदा जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव भी आए हैं। उनके पति राज कुंद्रा को जेल तक जाना पड़ गया था। वहीं कपल के घर और ऑफिस में ईडी ने छापा भी मारा था लेकिन इससे एक्ट्रेस का हौसला नहीं टूटा।
-शिल्पा शेट्टी न सिर्फ फिल्मों से कमाई करती हैं बल्कि उनको बिजनेस, रिएलिटी शोज और ब्रांड एंडोर्समेंट से भी खूब कमाई होती है। स्टार्स अनफोल्डेड वेबसाइट के अनुसार शिल्पा शेट्टी की कुल संपत्ति 150 करोड़ रुपये से अधिक है।
मुंबई और दुबई में आलीशान घर
आपको बता दें कि शिल्पा शेट्टी एक रॉयल लाइफ जीती हैं। शिल्पा शेट्टी कई आलीशान घरों की मालकिन हैं। मुंबई के जिस आलीशान घर में वह अपने परिवार के साथ रहती हैं उसकी कीमत करीब 24 करोड़ रुपए है। सिर्फ इतना ही नहीं उन्होंने अपने घर को कई एंटीक और महंगी चीजों से सजा रखा है। इसके साथ शिल्पा शेट्टी के पास दुबई के पाम जुमेराह में भी एक आलीशान बंगला है।
शिल्पा शेट्टी की महंगी गाड़ियां
शिल्पा शेट्टी को महंगी गाड़ियों का भी काफी शौक है। उनके कार कलेक्शन में बीएमडब्ल्यू से लेकर लैम्बोर्गिनी तक शामिल है। शिल्पा शेट्टी ने कई रियल एस्टेट प्रॉपर्टीज में भी निवेश कर रखा है।












Click it and Unblock the Notifications