Shashi Kapoor Birthday: जब शत्रुघ्न सिन्हा के पीछे बेल्ट लेकर पीटने दौड़े थे शशि कपूर, इस वजह से हुई थी अनबन
शशि कपूर ने अपने दम पर कई शानदार फिल्मों में अभिनय कर फैंस के दिलों में अलग जगह बनाई। आइए आज उनके जन्मदिन पर आपको उनसे जुड़े कुछ मजेदार किस्से बताते हैं।
Shashi Kapoor Birthday Special: शशि कपूर बॉलीवुड के दिग्गज कलाकारों में से एक थे। वह अपनी शानदार एक्टिंग, डायलॉग डिलीवरी और शानदार पर्सानिटी के लिए जाने जाते थे। उन्होंने अपने एक्टिंग करियर की शुरूआत एक चाइल्ड एक्टर के तौर पर की थी और देखते ही देखते शशि कपूर ने कई फिल्में हिट कराईं। उन्होंने अपने करियर में कई बड़े कलाकारों के साथ भी काम किया। आज यानी 18 मार्च को शशि कपूर का जन्मदिन है और इस खास मौके पर हम उनसे जुड़े कुछ दिल्चस्प किस्से बताएंगे।

शशि कपूर थे पृथ्वीराज के छोटे बेटे
बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर शशि कपूर का जन्म 18 मार्च 1938 को पृथ्वीराज कपूर के घर में हुआ था। पृथ्वीराज कपूर एक वक्त पर सिनेमा जगत का बड़ा नाम थे। उनकी गिनती शानदार अभिनेता और फिल्मकारों में होती थी। शशि कपूर पृथ्वीराज के छोटे बेटे थे। उनसे बड़े राज कपूर और शम्मी कपूर थे।

बतौर चाइल्ड एक्टर की एक्टिंग करियर की शुरूआत
शशि कपूर के घर में हमेशा से फिल्मों को लेकर माहौल था इसलिए उनकी भी एक्टिंग में खास रूचि थी। एक्टर ने अपने पिता पृथ्वीराज के थिएटर से एक्टिंग करियर की शुरूआत की थी। जिसके बाद उन्होंने छोटे पर्दे में भी काम किया। शशि कपूर आग, संगम और आवारा जैसी फिल्मों में बतौर चाइल्ड एक्टर काम किया। इसके बाद उन्होंने साल 1961 में फिल्म धर्मपुत्र से बॉलीवुड में अपना सफर शुरू किया।

जब शत्रुघ्न सिन्हा को मारने बेल्ट लेकर दौड़ने लगे शशि कपूर
ये तो शशि कपूर की फिल्मों के बारे में बात की। अब हम आपको शशि कपूर के उस दिलचस्प किस्से के बारे में बताते है जब वह शत्रुघ्न सिन्हा को मारने के लिए उनके पीछे बेल्ट लेकर दौड़ने लगे थे। ये मजेदार किस्सा खुद शत्रुघ्न सिन्हा ने शशि कपूर को याद करते हुए एक इंटरव्यू के दौरान बताया था।

शत्रुघ्न सिन्हा ने साझा किया दिलचस्प किस्सा
दरअसल, शशि कपूर और शत्रुघ्न सिन्हा एक वक्त पर अच्छे दोस्त थे। इंटरव्यू के दौरान यह किस्सा साझा करते हुए एक्टर ने बताया कि, 'एक बार मैं सेट पर लेट पहुंचा था और शशि काफी देर से मेरा इंतजार कर रहे थे। जैसे ही मैं पहुंचा तो वो मेरे पीछे बेल्ट लेकर मारने दौड़ पड़े थे। उस वक्त मैंने उनसे कहा कि फिल्म मेकर्स ने मुझे इसलिए कास्ट किया है क्योंकि मैं हमेशा समय पहुंचता हूं। तभी उन्होंने मुझसे कहा कि देखो, इसे ये कहते हुए शर्म तक नहीं आती। खैर ये सारी बातें मजाक में थी। हमारी अच्छी दोस्ती थी'।

शशि कपूर की शानदार फिल्में
आपको बता दें कि, शशि कपूर ने 'सत्यम शिवम सुन्दरम', 'जब-जब फूल खिले', 'दीवार', 'सुहाग', 'दो और दो पांच', 'शान', 'नमक हलाल', 'सिलसिला' और 'मुकद्दर का सिकंदर' सहित कई शानदार फिल्मों में काम किया था। इतना ही नहीं वह पहले हिंदी सिनेमा के एक ऐसे कलाकार रहे हैं जिन्होंने बॉलीवुड के अलावा हॉलीवुड में भी काम किया है। शशि कपूर ने 10 से ज्यादा हॉलीवुड फिल्मों में काम किया था।












Click it and Unblock the Notifications