रणवीर सिंह के बाहर होते ही शाहरुख खान फिर बनेंगे 'डॉन', लेकिन इस बड़ी शर्त के साथ!
ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर' की ज़बरदस्त सफलता के बाद रणवीर सिंह ने फरहान अख्तर की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'डॉन 3' से खुद को अलग कर लिया है। इस फैसले के बाद फिल्म इंडस्ट्री और दर्शकों के बीच चर्चाओं का दौर तेज़ हो गया है। इसी बीच मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि 'डॉन' फ्रेंचाइज़ी में एक बार फिर शाहरुख खान की एंट्री हो सकती है।

गौरतलब है कि पहले 'डॉन 3' के लिए शाहरुख खान की जगह रणवीर सिंह को कास्ट किया गया था। इस फैसले के सामने आते ही सोशल मीडिया पर रणवीर को भारी आलोचना का सामना करना पड़ा। कई फैंस शाहरुख खान को ही इस किरदार में दोबारा देखना चाहते थे। अब 'धुरंधर' की जबरदस्त कामयाबी के बाद रणवीर सिंह ने अपने करियर की प्राथमिकताओं को देखते हुए इस प्रोजेक्ट से किनारा कर लिया है।
टेलीचक्कर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, शाहरुख खान ने 'डॉन 3' में वापसी को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं, लेकिन उन्होंने इसके लिए एक अहम शर्त रखी है। बताया जा रहा है कि शाहरुख चाहते हैं कि उनकी हालिया सुपरहिट फिल्म 'जवान' के निर्देशक एटली को इस प्रोजेक्ट से जोड़ा जाए। उनका मानना है कि एटली की निर्देशन शैली और बड़े पैमाने पर फिल्म बनाने की समझ से 'डॉन 3' का स्तर और दर्शकों का उत्साह कई गुना बढ़ सकता है।
हालांकि अभी तक शाहरुख खान की वापसी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। मेकर्स इस मुद्दे पर मंथन कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि 'डॉन' फ्रेंचाइज़ी की पिछली फिल्मों में शाहरुख खान ने 'डॉन' का किरदार निभाकर उसे एक अलग ही पहचान दी थी, जिसे आज भी दर्शक याद करते हैं। ऐसे में उनकी संभावित वापसी से फैंस को एक बार फिर उसी करिश्मे की उम्मीद है।
दूसरी ओर, फिल्म की फीमेल लीड को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पहले रणवीर सिंह के साथ कियारा आडवाणी को कास्ट किया गया था, लेकिन रणवीर के प्रोजेक्ट छोड़ने के बाद कियारा ने भी फिल्म से दूरी बना ली। इसके बाद कृति सैनॉन का नाम चर्चा में आया। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अगर शाहरुख खान फिल्म में लौटते हैं, तो उनके अपोज़िट कौन सी अभिनेत्री दिखाई देगी।












Click it and Unblock the Notifications