पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए शाहरुख खान ने बढ़ाया हाथ, 1,500 परिवारों तक पहुंचाई राहत सामग्री
Shah Rukh Khan Punjab Flood Relief: पंजाब इन दिनों अपनी चार दशकों की सबसे भयानक बाढ़ से जूझ रहा है। इस प्राकृतिक आपदा ने अब तक 50 से अधिक लोगों की जान ले ली, जबकि 4 लाख से ज्यादा लोग विस्थापित हो चुके हैं।
इसके साथ ही 22 जिलों के 2,200 से अधिक गांवों पर इसका असर पड़ा है। राज्य में करीब 1.90 लाख हेक्टेयर में बोई गई फसलें तबाह हो गईं। अभिनेता अक्षय कुमार के बाद अब बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की मीर फाउंडेशन भी राहत कार्यों में सक्रिय हो गई है।

शाहरुख खान के NGO ने बढ़ाया हाथ
मीर फाउंडेशन ने स्थानीय एनजीओ के साथ मिलकर बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने की पहल शुरू की है। इस अभियान के तहत, अमृतसर, पटियाला, फाजिल्का और फिरोजपुर जिलों के 1,500 परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाई जाएगी।
राहत किट में दवाइयाँ, स्वच्छता सामग्री, खाद्य वस्तुएं, मच्छरदानी, तिरपाल, फोल्डिंग बेड, गद्दे और अन्य जरूरी सामान शामिल हैं। इसका उद्देश्य है कि प्रभावित परिवारों की स्वास्थ्य, सुरक्षा और आश्रय संबंधी तात्कालिक जरूरतें पूरी हों और वे सम्मानपूर्वक अपने जीवन का पुनर्निर्माण कर सकें।
भीषण बाढ़ से पंजाब का हाल बेहाल
बाढ़ की स्थिति का सबसे बड़ा कारण है भाखड़ा, पोंग और रणजीत सागर बांधों से अचानक पानी छोड़ा जाना। पहाड़ी इलाकों में लगातार भारी बारिश के बाद बांधों से पानी छोड़ा गया, जिससे सतलुज, ब्यास और रावी नदियां उफान पर आ गईं।
इन नदियों ने न सिर्फ खेतों और घरों को नुकसान पहुंचाया, बल्कि नहरों के तटबंध भी टूट गए। खासतौर पर पकी हुई धान की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गईं। फिलहाल पंजाब में 115 राहत शिविर चल रहे हैं, जहां करीब 4,533 लोग शरण लिए हुए हैं।
शाहरुख खान का अपकमिंग प्रोजेक्ट
राहत कार्यों के बीच शाहरुख खान अपने फिल्मी प्रोजेक्ट्स को भी लेकर सुर्खियों में हैं। वह इन दिनों पोलैंड में अपनी आने वाली फिल्म "किंग" की शूटिंग कर रहे हैं। यह फिल्म उनके और निर्देशक सिद्धार्थ आनंद की दूसरी कोलैबोरेशन है। सिद्धार्थ आनंद ने 2023 में शाहरुख को ब्लॉकबस्टर फिल्म "पठान" में डायरेक्ट किया था। "किंग" को रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं।
फिल्म में शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, सुहाना खान, अरशद वारसी, जयदीप अहलावत, अभय वर्मा और रानी मुखर्जी जैसे सितारे नजर आएंगे। फिल्म की रिलीज़ डेट अभी तय नहीं है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक यह 2026 के आखिर या 2027 की शुरुआत में सिनेमाघरों में रिलीज़ हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications