जिस प्रेमी ने सुलक्षणा पंडित का प्यार ठुकराया, उसी की मौत से 40 साल बाद जुड़ा गजब संयोग
Sanjeev Kumar and Sulakshana Pandit Death Connection: एक्ट्रेस और सिंगर सुलक्षणा पंडित का 71 की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने गुरुवार रात (6 नवंबर 2025) को आखिरी सांस ली। वे लंबे समय से बीमार थीं और उन्हें मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां कार्डियक अरेस्ट से उनकी मौत हो गई। उनके परिवार में बहन विजयता पंडित और अन्य सदस्य हैं। सुलक्षणा के भाई जतिन पंडित और ललित पंडित भी म्यूजिक कंपोजर हैं।
सुलक्षणा एक्टर संजीव कुमार से बेहद प्रेम करती थीं। उन्होंने कई मौकों पर अपने प्यार के बारे में खुलकर बात की थी। हालांकि संजीव कुमार के मना करने के बाद कभी शादी भी नहीं की। वे उम्र भर संजीव के प्रेम में रहीं। दोनों का प्यार मुक्कमल भले ही न हो, लेकिन दोनों की मौत में अब एक कनेक्शन जुड़ गया है।

सुलक्षणा पंडित और संजीव कुमार की मौत का गहरा कनेक्शन ये है कि दोनों का निधन एक ही तारीख यानी 6 नवंबर को हुआ है। संजीव कुमार का निधन 6 नवंबर 1985 को हुआ था। 40 साल बाद सुलक्षणा ने भी अपने प्राण 6 नवंबर 2025 को त्यागे। बता दें, रिपोर्ट्स की माने तो पहले को-स्टार संजीव कुमार से गहराई से प्यार करने लगी थीं। उन्होंने उनसे शादी का प्रस्ताव भी रखा, लेकिन संजीव कुमार ने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया। संजीव कुमार उस वक्त अभिनेत्री हेमा मालिनी से प्यार करते थे, लेकिन हेमा ने धर्मेंद्र से शादी कर ली। इस असफल प्रेम के बाद संजीव कुमार और सुलक्षणा दोनों ने कभी विवाह नहीं किया। संजीव के इनकार के बाद सुलक्षणा टूट गईं और धीरे-धीरे फिल्मों से दूरी बना ली। उनके जीवन पर इस अधूरे रिश्ते का गहरा असर पड़ा।
सुलक्षणा पंडित ने 1970 से 1980 के दशक के बीच हिंदी सिनेमा में शानदार काम किया। उन्होंने अपनी पहली फिल्म 'उलझन' (1975) से बतौर नायिका डेब्यू किया, जिसमें उनके हीरो संजीव कुमार थे। पहली ही फिल्म में उन्होंने अपनी अभिनय प्रतिभा से दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्होंने अपने करियर में जितेंद्र, राजेश खन्ना, विनोद खन्ना, शशि कपूर और शत्रुघ्न सिन्हा जैसे कई बड़े सितारों के साथ काम किया। उनकी प्रमुख फिल्मों में 'हेरा फेरी', 'संकोच', 'भोला भाला', 'बंधन कच्चे धागों का', 'चंबल की कसम', 'खानदान', 'वक्त की दीवार' और 'अपनापन' शामिल हैं। उन्होंने बंगाली सिनेमा में भी काम किया और दिग्गज अभिनेता उत्तम कुमार के साथ फिल्म 'बंदी' (1978) में नजर आईं।












Click it and Unblock the Notifications