Sanjay Gupta की 'प्लेबॉय स्टाइल' पार्टियां, एक महिला से 2 बार शादी, कौन हैं पत्नी अनुराधा, कितने बच्चे?

Sanjay Gupta Family: हिंदी सिनेमा के मशहूर फिल्ममेकर संजय गुप्ता के अचानक निधन की खबर ने फिल्म इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है। बतौर निर्देशक, लेखक और निर्माता उन्होंने बॉलीवुड को कई यादगार फिल्में दीं। 'आतिश: फील द फायर', 'कांटे', 'जिंदा', 'काबिल' और 'शूटआउट एट वडाला' जैसी फिल्मों के जरिए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनके निधन की जानकारी फिल्ममेकर अशोक पंडित ने शेयर की है। उनके मुताबिक घर के बाथरूम में गिरने से उनके सिर में चोट लगी, जिसके बाद संजय गुप्ता का निधन हुआ।

संजय गुप्ता की लव स्टोरी
जहां संजय गुप्ता का फिल्मी करियर काफी दिलचस्प रहा, वहीं उनकी निजी जिंदगी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं थी। उनकी प्रेम कहानी में अलगाव, तलाक और फिर दोबारा शादी जैसे कई मोड़ आए। उन्होंने अपनी पहली पत्नी अनुराधा (अनु लेखी) से ही दूसरी बार शादी की थी। दोनों के रिश्ते में कई मुश्किलें आईं लेकिन तमाम उतार-चढ़ाव के बावजूद उनका साथ फिर जुड़ गया। संजय गुप्ता अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं।

Sanjay Gupta Family

कौन हैं संजय गुप्ता की पत्नी अनुराधा?

-संजय गुप्ता की पत्नी का नाम अनुराधा है, जिन्हें अनु लेखी के नाम से भी जाना जाता है। वह पेशे से डिजाइनर हैं। संजय और अनुराधा की पहली मुलाकात एक पार्टी में हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और लंबे समय तक एक-दूसरे को जानने के बाद उन्होंने शादी करने का फैसला किया था।

-साल 1997 में दोनों ने शादी की थी। हालांकि शादी के करीब 6 साल बाद उनके रिश्ते में खटास आ गई और दोनों ने अलग होने का फैसला कर लिया। तलाक के बाद अनुराधा पुणे में अपने माता-पिता के साथ रहने चली गईं लेकिन इस अलगाव के बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना रहा। धीरे-धीरे उनके रिश्ते में फिर से नजदीकियां बढ़ने लगीं और आखिरकार उन्होंने दोबारा साथ जिंदगी बिताने का फैसला किया।

तलाक के बाद भी नहीं टूटा था संजय-अनुराधा का रिश्ता

-संजय गुप्ता और अनुराधा की दोबारा शादी की कहानी काफी दिलचस्प रही है। साल 2024 में सिद्धार्थ कन्नन को दिए एक इंटरव्यू में अनुराधा ने अपने रिश्ते के मुश्किल दौर के बारे में खुलकर बात की थी। उन्होंने माना था कि उनके अलग होने के लिए सिर्फ संजय जिम्मेदार नहीं थे बल्कि इसमें दोनों की बराबर की भूमिका थी।

-अनुराधा के मुताबिक एक समय ऐसा आया था जब वह इस रिश्ते से काफी परेशान हो गई थीं और उन्होंने अलग होने का फैसला कर लिया था। संजय के कथित अफेयर्स को लेकर पूछे गए सवाल पर अनुराधा ने कहा था कि उन्होंने दूसरों की बातों पर भरोसा करने के बजाय अपने पति पर विश्वास किया। उन्होंने बताया कि अलग रहने के दौरान भी दोनों का एक-दूसरे से संपर्क कभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ था।

'हर 6 महीने में साथ आने की बात करते थे संजय गुप्ता'

-अनुराधा ने इंटरव्यू में अपनी शादी के उन दिनों को भी याद किया, जब तलाक के बाद दोनों अलग-अलग रह रहे थे। उन्होंने बताया कि संजय समय-समय पर फिर से साथ रहने की इच्छा जाहिर करते थे।

-अनुराधा ने कहा था- हर साल या फिर हर 6 महीने में वह कहते थे कि चलो, फिर से साथ हो जाते हैं। हम कभी पूरी तरह अलग नहीं हुए। हमारा संपर्क हमेशा बना रहा क्योंकि मेरा परिवार भी उनसे बहुत प्यार करता है।

-अनुराधा ने ये भी बताया कि तलाक के दौरान संजय के बंगले पर होने वाली कुछ पार्टियों में वह भी शामिल होती थीं। इन पार्टियों को उन्होंने 'प्लेबॉय-स्टाइल' बताया था। अनुराधा के मुताबिक वह वहां अपने दोस्तों से मिलती थीं, कुछ समय बिताती थीं और फिर वापस लौट जाती थीं।

अमिताभ बच्चन की शादी की तारीख पर दोबारा रचाई शादी

-संजय गुप्ता और अनुराधा ने साल 2009 में एक बार फिर शादी करने का फैसला किया था। दोनों ने मुंबई के खार स्थित एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए थे। खास बात ये थी कि संजय ने शादी के लिए 3 जून की तारीख चुनी थी। इसी दिन साल 1973 में उनके पसंदीदा अभिनेता अमिताभ बच्चन ने जया भादुड़ी के साथ शादी की थी।

-दोबारा शादी से पहले संजय और अनुराधा करीब 5 साल तक अलग रहे थे। संजय ने उस समय अपने रिश्ते को लेकर कहा था कि वह पिछले कई सालों से अनुराधा को जानते हैं और उन्हें अपनी सोलमेट मानते हैं। उन्होंने ये भी बताया था कि अलगाव के बाद उन्होंने अनुराधा को मनाने की लगातार कोशिश की थी।

'मैंने बहुत मुश्किल दौर देखा लेकिन अनु के साथ रहना चाहता था'

-संजय गुप्ता ने एक पुराने इंटरव्यू में अपनी जिंदगी के उतार-चढ़ाव के बारे में भी बात की थी। उन्होंने बताया था कि जिंदगी में उन्होंने बड़ी सफलता देखी, एक जानलेवा हादसे से बाल-बाल बचे और इसी दौरान अपनी मां को भी खो दिया।

-इन मुश्किल परिस्थितियों के बीच उनके मन में अनुराधा के साथ दोबारा जिंदगी शुरू करने की इच्छा हमेशा बनी रही। संजय ने कहा था कि पिछले कुछ साल उनके लिए बेहद कठिन रहे, लेकिन अनु के साथ रहने की चाहत कभी खत्म नहीं हुई। उन्होंने बताया था कि उनकी मां के निधन के समय अनुराधा ने उनका काफी साथ दिया था। इतना ही नहीं, तलाक के बावजूद उनके ससुराल वालों ने भी उन्हें परिवार के सदस्य की तरह अपनाए रखा।

ससुराल वालों ने तलाक के बाद भी दिया था बेटे जैसा प्यार

-साल 2009 में दोबारा शादी के दौरान संजय गुप्ता ने अनुराधा के परिवार के साथ अपने रिश्ते पर भी बात की थी। उन्होंने बताया था कि तलाक के बाद भी उनके ससुराल वालों ने उनसे दूरी नहीं बनाई।

-संजय के मुताबिक उनकी मां के निधन के समय अनुराधा उनके लिए बड़ी ताकत बनी थीं। उन्होंने ये भी कहा था कि उनके ससुराल वालों ने हमेशा उनके साथ बेटे जैसा व्यवहार किया। दोबारा शादी के दौरान भी वही लोग उनके साथ खड़े थे। संजय के लिए यह रिश्ता सिर्फ पति-पत्नी का नहीं, बल्कि दो परिवारों के बीच गहरे जुड़ाव का भी उदाहरण था।

दो बच्चों के पिता थे संजय गुप्ता

-संजय गुप्ता और अनुराधा के परिवार में उनके दो बच्चे हैं। उनके एक बेटा और एक बेटी है। बेटे का नाम शिवांश गुप्ता है, जिनका जन्म साल 2011 में हुआ था। वहीं उनकी बेटी का नाम दलाई गुप्ता है और उनका जन्म साल 2013 में हुआ था।

-संजय अपने बच्चों के बेहद करीब थे। बताया जाता है कि जब वह फिल्मों की शूटिंग और दूसरे कामों में व्यस्त नहीं होते थे, तब बच्चों के साथ समय बिताना उनकी प्राथमिकता रहती थी। उन्हें अपने बच्चों के लिए कुछ नया और खास करने का भी शौक था।

-संजय गुप्ता का फिल्मी सफर जितना शानदार रहा, उनकी निजी जिंदगी भी कई भावनात्मक पड़ावों से होकर गुजरी। अनुराधा के साथ उनका रिश्ता इस बात की मिसाल रहा कि कई बार अलग होने के बाद भी दो लोग अपने रिश्ते को एक नया मौका दे सकते हैं। अब उनके निधन के बाद परिवार, दोस्तों और फिल्म इंडस्ट्री के लिए उनकी यादें और सिनेमा में दिया गया योगदान ही बचा हुआ है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+