सलमान खान की 'बैटल ऑफ गलवान' का पहला गाना कल होगा रिलीज, देशभक्ति से लबरेज टीजर आया सामने
सलमान खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर दमदार वापसी के लिए तैयार हैं। उनकी आगामी फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' को लेकर दर्शकों में पहले से ही जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। देशभक्ति और साहस की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म से सलमान खान के फैंस को काफी उम्मीदें हैं। इसी बीच फिल्म के पहले गाने 'मातृभूमि' की एक छोटी-सी झलक सामने आई है, जिसने लोगों की उत्सुकता को और भी बढ़ा दिया है।

'मातृभूमि' एक भावनात्मक देशभक्ति गीत है, जो भारतीय सैनिकों के साहस और राष्ट्रप्रेम को समर्पित है। गाने की झलक में ही इसका प्रभाव साफ नजर आता है, जिसे सुनकर दर्शकों में जोश भर जाता है। सलमान खान ने खुद अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस गाने की झलक शेयर की और कैप्शन में लिखा, "मातृभूमि कल रिलीज हो रहा है।" इसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। किसी ने लिखा कि वह गाने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, तो किसी ने इसे पहले ही सुपरहिट बता दिया।
फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है, जो इससे पहले भी गंभीर और प्रभावशाली विषयों पर काम कर चुके हैं। यह फिल्म 17 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में सलमान खान के साथ अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह अहम भूमिका निभाती नजर आएंगी। दोनों की जोड़ी को लेकर भी दर्शकों में खास उत्सुकता है।
हालांकि, फिल्म का टीज़र सामने आने के बाद सलमान खान को सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ा था। कुछ यूजर्स ने यह आपत्ति जताई थी कि युद्ध जैसे गंभीर विषय पर बने टीज़र में सलमान का एक्सप्रेशन बहुत हल्का और रोमांटिक लग रहा है। इस ट्रोलिंग के बावजूद सलमान के चाहने वालों ने उनका जोरदार समर्थन किया और कहा कि पूरी फिल्म देखने के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचना चाहिए।
'बैटल ऑफ गलवान' 2020 में भारत-चीन के बीच हुई गलवान घाटी की झड़प से प्रेरित बताई जा रही है। यह फिल्म न सिर्फ एक एक्शन ड्रामा होगी, बल्कि इसमें देशभक्ति, बलिदान और सैनिकों के जज्बे को भी भावनात्मक तरीके से दिखाया जाएगा। अब जब 'मातृभूमि' जैसे शक्तिशाली गीत की झलक सामने आ चुकी है, तो साफ है कि फिल्म के प्रति दर्शकों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications