सलमान खान के छोटे भाई सोहेल खान ने सरेआम दी गालियां, उड़ाईं ट्रैफिक नियम की धज्जियां
Sohail Khan Traffic Rule Violation: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के भाई और फिल्म अभिनेता-निर्माता सोहेल खान हाल ही में एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में आ गए। इस वीडियो में उन्हें बिना हेलमेट बाइक चलाते हुए देखा गया, जो ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन माना जाता है। मामला तब और गंभीर हो गया, जब वीडियो रिकॉर्ड कर रहे एक व्यक्ति पर सोहेल द्वारा कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई।

विवाद के बाद सामने आया सोहेल खान का बयान
विवाद बढ़ने के बाद सोहेल खान ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपना पक्ष रखते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उन्होंने स्वीकार किया कि उनसे गलती हुई है और किसी भी परिस्थिति में नियमों को तोड़ना सही नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था।
हेलमेट न पहनने की वजह बताई
अपने बयान में सोहेल खान ने बताया कि वे क्लॉस्ट्रोफोबिया (घुटन की समस्या) से पीड़ित हैं, जिसके कारण उन्हें कई बार हेलमेट पहनने में दिक्कत होती है। उन्होंने लिखा, "मैं सभी से हेलमेट पहनने की अपील करता हूं। मैं खुद कई बार ऐसा नहीं कर पाता, क्योंकि मुझे घुटन महसूस होती है, लेकिन यह कोई बहाना नहीं है।"
बाइकिंग को बताया बचपन का शौक
सोहेल खान ने यह भी बताया कि बाइक चलाना उनका बचपन से जुनून रहा है। इसकी शुरुआत उन्होंने साइकिल से की थी और बाद में बाइकिंग उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन गई। उन्होंने कहा कि वे आमतौर पर देर रात बाइक चलाते हैं, जब सड़कें खाली होती हैं, और बहुत धीमी व सुरक्षित रफ्तार से ड्राइव करते हैं। अपने पोस्ट के अंत में सोहेल खान ने भरोसा दिलाया कि वे अपनी समस्या पर काम करेंगे और आगे से हमेशा हेलमेट पहनकर ही बाइक चलाएंगे। उन्होंने ट्रैफिक पुलिस से भी माफी मांगी और कहा कि भविष्य में कभी भी नियमों का उल्लंघन नहीं करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications