वो फिल्म जिसे 30 एक्टर्स ने रिजेक्ट की, बाद में सलमान खान ने इतनी फीस में 'हां' किया, निभाया था ऐसा रोल
साल 2004 में रिलीज़ हुई फिल्म 'फिर मिलेंगे' सलमान खान के करियर की उन चुनिंदा फिल्मों में गिनी जाती है, जिनमें उन्होंने अपनी स्थापित 'माचो मैन' छवि से बिल्कुल अलग और बेहद संवेदनशील किरदार निभाया था। इस फिल्म में सलमान ने एक ऐसे व्यक्ति की भूमिका अदा की थी। जो एड्स से पीड़ित होता है और फिल्म के अंत में उसकी मृत्यु हो जाती है। इस सामाजिक संदेश से जुड़े किरदार के लिए सलमान खान ने मात्र ₹1 की फीस ली थी, क्योंकि उनका उद्देश्य पैसा कमाना नहीं, बल्कि एड्स को लेकर समाज में जागरूकता फैलाना था।

इस किरदार को उस दौर में बेहद जोखिम भरा माना गया था। निर्देशक रेवती ने इस भूमिका के लिए इंडस्ट्री के करीब 30 अभिनेताओं से संपर्क किया, लेकिन किसी ने भी इसे स्वीकार नहीं किया। एड्स मरीज का किरदार और दुखद अंत-इन दोनों कारणों से ज्यादातर सितारे पीछे हट गए। हालात ऐसे हो गए थे कि फिल्म बंद होने की कगार पर पहुंच गई थी।
रेवती ने एक इंटरव्यू में बताया था कि सलमान खान ने खुद उन्हें फोन कर इस रोल में दिलचस्पी दिखाई थी। उन्हें इस फिल्म और किरदार की जानकारी शिल्पा शेट्टी से मिली थी, जो फिल्म की मुख्य अभिनेत्री थीं। सलमान की गंभीरता को देखकर रेवती भी चौंक गई थीं और शुरुआत में उन्हें यकीन नहीं हुआ था। लेकिन सलमान के भरोसे और कमिटमेंट के बाद ही फिल्म को आगे बढ़ाया जा सका।
फिल्म में सलमान और शिल्पा शेट्टी के साथ अभिषेक बच्चन भी अहम भूमिका में नजर आए थे। भले ही सलमान के कुछ प्रशंसक इस इमेज ब्रेकिंग रोल से नाराज़ हुए हों, लेकिन समीक्षकों ने फिल्म और उनके अभिनय की जमकर सराहना की। 'फिर मिलेंगे' को बाद में कई एड्स जागरूकता अभियानों में उदाहरण के तौर पर भी इस्तेमाल किया गया।
फिल्म के निर्माता शैलेन्द्र सिंह, जो सलमान के शुरुआती दिनों के दोस्त रहे हैं, ने हाल ही में इस फिल्म से जुड़े कई अनसुने किस्से साझा किए। उन्होंने बताया कि अगर सलमान इस फिल्म के लिए आगे न आते, तो यह प्रोजेक्ट पूरी तरह बिखर जाता। रेवती आखिरी अभिनेता द्वारा भी फिल्म ठुकराए जाने के बाद इतनी निराश हो गई थीं कि उन्होंने प्रोड्यूसर को पैसा लौटाने की तैयारी कर ली थी।
हालांकि, शैलेन्द्र सिंह ने यह भी खुलासा किया कि बाद में सलमान के साथ उनके रिश्तों में दरार आ गई। एक अन्य फिल्म को लेकर हुई गलतफहमी के चलते दोनों ने साथ काम करना बंद कर दिया और उनकी दोस्ती भी वहीं खत्म हो गई। इसके बावजूद, 'फिर मिलेंगे' आज भी सलमान खान के करियर की सबसे ईमानदार और साहसिक फिल्मों में गिनी जाती है।












Click it and Unblock the Notifications