सलमान खान की उस क्लासिक कल्ट फिल्म का सीक्वल बनने जा रहा, जिसे देख आशिक बौरा जाएंगे
Tere Naam Sequel: बॉलीवुड की क्लासिक रोमांटिक ड्रामा फिल्मों में शुमार सलमान खान की 'तेरे नाम' (2003) अब एक बार फिर चर्चा में है। खबर है कि 22 साल बाद इस फिल्म का सीक्वल बनने जा रहा है। प्रोड्यसर साजिद नाडियाडवाला इस आइकॉनिक फिल्म को दोबारा जिंदा करने की प्लानिंग कर रहे हैं।
2003 में रिलीज़ हुई 'तेरे नाम' में सलमान खान के राधे के किरदार ने दर्शकों को भावुक कर दिया था। भूमिका चावला ने उनकी प्रेमिका निर्जरा की भूमिका निभाई थी। फिल्म का निर्देशन दिवंगत निर्देशक सतीश कौशिक ने किया था। इसकी कहानी, संवाद और संगीत आज भी याद किए जाते हैं।

साजिद नाडियाडवाला अधिकारों की कर रहे हैं डील
रिपोर्ट्स के मुताबिक, साजिद नाडियाडवाला वर्तमान में 'तेरे नाम' के फ्रेंचाइज़ी अधिकार खरीदने की प्रक्रिया में हैं। ये अधिकार फिलहाल मूल निर्माता सुनील मनचंदा और मुकेश तलरेजा के पास हैं। कानूनी और वित्तीय प्रक्रिया पूरी होते ही साजिद इस प्रोजेक्ट पर आगे बढ़ेंगे।
सलमान की वापसी पर चल रही चर्चा
सूत्रों के अनुसार, साजिद चाहते हैं कि सलमान खान 'तेरे नाम 2' में किसी न किसी रूप में नजर आएं। हालांकि, यह तय नहीं है कि वह मुख्य भूमिका निभाएंगे या फिल्म में किसी अन्य फॉर्मेट में दिखेंगे। एक नई जोड़ी को भी कहानी में जगह दी जा सकती है। सूत्र का कहना है, "अभी स्क्रिप्टिंग शुरुआती स्तर पर है। सलमान को अभी स्क्रिप्ट या अधिकारों को लेकर कोई आधिकारिक प्रस्ताव नहीं दिया गया है। वे बिना स्पष्ट प्लान के किसी प्रोजेक्ट में हां नहीं कहते।"
एक भावनात्मक विरासत की वापसी
निर्माता इस सीक्वल को एक 'विरासत की पुनरावृत्ति' के रूप में देख रहे हैं, जिसमें पुरानी यादों को आधुनिक संवेदनाओं के साथ जोड़ा जाएगा। साजिद नाडियाडवाला इस फिल्म के बौद्धिक संपदा अधिकार (IP) को भी खुद के पास रखना चाहते हैं ताकि रचनात्मक नियंत्रण बना रहे।
सलमान के मौजूदा प्रोजेक्ट्स
वर्तमान में सलमान खान 'बैटल ऑफ गलवान' की शूटिंग में व्यस्त हैं, जिसका निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं। यह फिल्म गलवान घाटी में भारत-चीन संघर्ष पर आधारित है। इसके साथ ही सलमान 'बिग बॉस 19' में भी व्यस्त हैं, जहां वे 'वीकेंड का वार' एपिसोड को होस्ट कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications