सलमान खान के फैंस को झटका, 'बैटल ऑफ गलवान' अप्रैल में नहीं होगी रिलीज
सलमान खान के फैंस के लिए एक जरूरी अपडेट सामने आया है। उनकी आने वाली वॉर-ड्रामा फिल्म 'द बैटल ऑफ गलवान' की रिलीज डेट आगे खिसक सकती है। इस फिल्म को पहले 17 अप्रैल को रिलीज करने की तैयारी थी, लेकिन अब संकेत मिल रहे हैं कि मेकर्स नई तारीख तय कर सकते हैं। इससे उन दर्शकों को थोड़ी निराशा हो सकती है, जो लंबे समय से इस फिल्म का इंतजार कर रहे हैं।

दरअसल, फिल्म की शूटिंग अभी पूरी नहीं हुई है। कुछ हिस्सों की दोबारा शूटिंग के बाद उनका एडिटिंग काम बाकी है, जिसे निर्देशक अपूर्व लखिया जल्द शुरू करेंगे। इतने कम समय में पोस्ट-प्रोडक्शन पूरा कर पाना आसान नहीं माना जा रहा।
इसके अलावा, चूंकि यह फिल्म भारतीय सेना और एक संवेदनशील सैन्य घटना पर आधारित है, इसलिए इसे रिलीज से पहले रक्षा मंत्रालय से मंजूरी लेना जरूरी है। यह प्रक्रिया समय ले सकती है और यही वजह है कि 17 अप्रैल की रिलीज डेट पर सवाल खड़े हो गए हैं।
सलमान खान इस फिल्म को लेकर बेहद गंभीर हैं। उनका मानना है कि देशभक्ति और सैनिकों के बलिदान पर बनी फिल्म के साथ किसी भी तरह की जल्दबाजी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अपनी टीम को साफ कहा है कि फिल्म को पूरी मजबूती और सही गुणवत्ता के साथ ही दर्शकों के सामने लाया जाए, चाहे इसमें थोड़ा ज्यादा समय क्यों न लगे।
फिलहाल सलमान खान या निर्देशक की ओर से रिलीज डेट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। सलमान के स्वभाव को देखते हुए यह भी संभव है कि वे आखिरी वक्त में फैसला बदल दें, लेकिन मौजूदा हालात में फिल्म का तय तारीख पर आना मुश्किल माना जा रहा है। आने वाले दिनों में स्थिति साफ हो जाएगी।
अपूर्व लखिया के निर्देशन में बनी यह फिल्म 2020 की गलवान घाटी झड़प पर आधारित है, जहां भारतीय सैनिकों ने बिना हथियारों के दुश्मन का सामना किया था। यह फिल्म 'इंडियाज मोस्ट फियरलेस 3' किताब से प्रेरित है। इसमें सलमान खान एक बहादुर सैनिक की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि चित्रांगदा सिंह भी अहम किरदार निभा रही हैं। फिल्म भारतीय जवानों की वीरता और बलिदान को श्रद्धांजलि देती है।












Click it and Unblock the Notifications