'मैंने अमृता को तलाक के बाद दिए 5 करोड़, मैं शाहरुख खान नहीं जो.....', जब सैफ के इंटरव्यू पर हुआ बवाल
नई दिल्ली, 26 फरवरी: बॉलीवुड स्टार सैफ अली खान ने 1991 में एक्ट्रेस अमृता सिंह से शादी की थी। जिससे उनके दो बच्चे हुए, लेकिन 2004 में दोनों के रिश्तों में खटास आई और उन्होंने तलाक ले लिया। इसके बाद सैफ और करीना के अफेयर की खबरें सामने आईं।16 अक्टूबर 2012 में सैफ करीना के साथ शादी के बंधन में बंध गए। अब उनके दो बेटे तैमूर अली खान और जहांगीर खान हैं। वैसे तो अमृता और सैफ हमेशा अलग होने के सवाल पर चुप ही रहे, लेकिन 2005 में सैफ के एक इंटरव्यू ने काफी बवाल मचाया था।

'मैं शाहरुख खान नहीं'
बात 2005 की है, उस दौरान सैफ अली खान ने टेलीग्राफ को इंटरव्यू दिया था। जिसमें उनके तलाक को लेकर सवाल पूछा गया। उस दौरान सैफ ने अमृता को तलाक के बाद 5 करोड़ रुपये गुजारा भत्ता देने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि मैं अमृता को 5 करोड़ रुपये देने वाला हूं, जिसमें से 2.5 करोड़ का भुगतान हो गया है। मैं शाहरुख खान नहीं हूं, मेरे पास उस तरह का पैसा नहीं है। मैंने उससे वादा किया है कि मैं उसे पूरे पैसे का भुगतान करूंगा, चाहे उसके लिए मुझे मरना क्यों ना पड़े।

बच्चों के लिए दिया पैसा
इंटरव्यू में सैफ ने आगे कहा था कि मैंने विज्ञापनों, स्टेज शो और फिल्मों से जो कुछ भी कमाया है, वो मेरे बच्चों के लिए दिया जा रहा है। मेरे पास पैसे नहीं हैं। हमारा बंगला अमृता और बच्चों के लिए है। मेरे जाने के बाद जो उसके साथ जुड़े हैं, उन पर कोई आपत्ति नहीं है। मुझे लगातार क्यों याद दिलाया जा रहा है कि मैं कितना बुरा पति और पिता हूं।

बच्चों से नहीं थी मिलने की इजाजत
अपने बुरे वक्त पर सैफ ने उस दौरान कहा था कि उनके पर्स में बेटे इब्राहिम की एक फोटो थी। हर बार जब मैं इसे देखता, तो मुझे रोने का मन करता। मुझे अपनी बेटी सारा की हर समय याद आती है। मुझे अपने बच्चों से मिलने की इजाजत तक नहीं थी। इस इंटरव्यू की चर्चा उस वक्त खूब हुई थी। हालांकि अब हालात बदल गए हैं। सारा और इब्राहिम अपने पिता के साथ काफी वक्त बिताते हैं।











Click it and Unblock the Notifications