S.S. Rajamouli ने 'वाराणसी' की रिलीज डेट की अनाउंस, इस साल आएगी महेश बाबू स्टारर फिल्म
एस.एस. राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'वाराणसी' को लेकर बड़ा ऐलान सामने आ गया है। मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर इसकी रिलीज़ डेट की घोषणा कर दी है। यह भव्य फिल्म 7 अप्रैल 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। "Let it bang..." जैसी दमदार टैगलाइन के साथ की गई इस घोषणा ने दर्शकों और फिल्म इंडस्ट्री दोनों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है।

काशी की पृष्ठभूमि में रची गई महाकाव्यात्मक कहानी
'वाराणसी' की कहानी सनातन परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और आधुनिक संवेदनाओं के संगम पर आधारित बताई जा रही है। प्राचीन नगरी काशी की सांस्कृतिक, धार्मिक और भावनात्मक आत्मा को केंद्र में रखते हुए यह फिल्म एक गहन और प्रभावशाली कथा प्रस्तुत करेगी। हालांकि, मेकर्स ने फिलहाल कहानी के मुख्य प्लॉट को गोपनीय रखा है, लेकिन इंडस्ट्री सूत्रों के अनुसार फिल्म में भावनाओं की गहराई, भव्य विज़ुअल्स और समकालीन कहानी कहने की अनोखी शैली देखने को मिलेगी।
रिलीज़ डेट से ट्रेड सर्कल्स में हलचल
जैसे ही 7 अप्रैल 2027 की तारीख सामने आई, ट्रेड सर्कल्स और दर्शकों के बीच चर्चाओं का दौर तेज हो गया। इस दिन को अभी से एक बड़े सिनेमाई उत्सव के रूप में देखा जा रहा है। राजामौली के नाम और फिल्म के स्केल को देखते हुए माना जा रहा है कि 'वाराणसी' बॉक्स ऑफिस पर बड़े रिकॉर्ड बनाने की क्षमता रखती है।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी दिखी पहली झलक
'वाराणसी' ने भारत के बाहर भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करानी शुरू कर दी है। फिल्म की पहली झलक पेरिस के प्रतिष्ठित Le Grand Rex थिएटर में आयोजित एक ट्रेलर फेस्टिवल के दौरान दिखाई गई थी। यूरोप के इस ऐतिहासिक और सबसे बड़े सिनेमाघर में जैसे ही फिल्म का फुटेज स्क्रीन पर आया, दर्शकों ने तालियों और जयकारों से पूरे हॉल को गूंजा दिया। प्रतिक्रिया इतनी जबरदस्त थी कि फिल्म ने वहीं से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान खींच लिया।
स्टारकास्ट के फर्स्ट लुक ने बढ़ाई उत्सुकता
फिल्म के किरदारों के फर्स्ट लुक पहले ही सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर चुके हैं। पृथ्वीराज सुकुमारन का 'कुंभा' के रूप में उग्र अवतार, प्रियंका चोपड़ा जोनस की 'मंदाकिनी' के किरदार में सशक्त उपस्थिति और महेश बाबू का 'रुद्र' के रूप में दमदार लुक दर्शकों की उत्सुकता को कई गुना बढ़ा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications