हर दिल अजीज रूपाली को Anupamaa बनने में लग रहा था डर, कारण था ' मोटापा', जानिए दिलचस्प किस्सा
नई दिल्ली, 09 मार्च । स्टार प्लस के सुपरहिट शो 'अनुपमा' पिछले काफी वक्त से टीआरपी की लिस्ट में नंबर वन पर है। शो की लीड एक्ट्रेस रुपाली गांगुली इस वक्त हर दिल अजीज बनी हुई हैं। शो में उनके किरदार को हर आयु वर्ग के लोग पसंद कर रहे हैं लेकिन शायद आपको पता नहीं कि रूपाली इस रोल को प्ले करने के लिए पहले काफी झिझक रही थीं क्योंकि रूपाली को लगता था कि वो परफेक्ट फिगर वाली अभिनेत्री नहीं हैं और इस कारण उन्हें शो शुरू करने में थोड़ी परेशानी हो रही थी।

'मैं अपने वजन को लेकर बहुत ज्यादा परेशान थी'
'महिला दिवस' के खास मौके पर रूपाली ने TOI से खास बात-चीत की और कहा कि उन्होंने 7 साल के बाद टीवी की दुनिया में वापसी की है। जिस वक्त शो शुरू होने के लिए उन्हें कास्ट किया जा रहा था तो वो बहुत ज्यादा कॉन्फिडेंट नहीं थीं, क्योंकि वो उस वक्त थोड़ी सी मोटी थीं। रूपाली ने कहा कि मैं अपने लुक और वजन को लेकर बहुत ज्यादा फिक्रमंद हो गई थी और ये होना स्वाभाविक है वो भी तब, जब एक वक्त में आप अपने लुक के ही कारण बहुत ज्यादा चर्चित रहे हों।

'मुझे एक हाउसवाइफ और एक मां चाहिए'
रूपाली ने आगे कहा कि 'मैंने अपनी इस फिक्र और डर को अपने प्रोड्यूसर राजन शाही से शेयर किया और उनसे थोड़ा वक्त मांगा था लेकिन उन्होंने मुझसे वो कहा, जिसे सुनकर हैरान भी रह गई और काफी खुश भी हो गई। दरअसल राजन ने रूपाली से कहा कि मुझे अपने शो के लिए कोई हीरोइन नहीं चाहिए बल्कि एक हाउसवाइफ और एक मां चाहिए और तुम उस रोल के लिए परफेक्ट हो। क्योंकि मां ऐसी ही होती हैं, जिसे अपनी छोड़कर बाकी घर में हर किसी की फिक्र होती है।'

'मां के पास जिम जाने का वक्त नहीं होता है'
राजन ने कहा कि 'मां के पास जिम जाने का वक्त नहीं होता है और ना ही उनका फ्लैट स्टमक और परफेक्ट फिगर होता है, वो तो बस मां होती है और तुम उस किरदार के लिए पूरी तरह से परफेक्ट हो।' राजन की बात सुनने के बाद रूपाली ने वापस से अपने किरदार के बारे में सोचा और फिर उन्होंने शो के लिए हां बोल दिया।

'मैं सभी दर्शकों की तहेदिल से शुक्रगुजार हूं'
रूपाली ने कहा कि 'इस शो को दर्शकों को भरपूर प्यार मिल रहा है, इसलिए मैं सभी दर्शकों की तहेदिल से शुक्रगुजार हूं। हमारी पूरी टीम इस बात के लिए आडिंयश का शुक्रिया अदा करती है। इस शो को हिट बनाने के पीछे पूरी टीम है।'

'अनुपमा' का रोमांच पूरे शबाब पर
मालूम हो कि स्टार प्लस के सुपरहिट शो 'अनुपमा' का रोमांच इन दिनों पूरे शबाब पर है। ये कहानी 'अनुपमा' नाम की एक गुजराती महिला की है, जो कि एक संयुक्त परिवार में रहती थी। उसके तीन बच्चे हैं लेकिन उसे कभी भी एक पत्नी का सम्मान नहीं मिला। उसका पति उसे कभी कुछ नहीं समझता था। उसे कभी उसमें कोई गुण नजर नहीं आया। उसका नौ साल से अपनी सेक्रेटरी से अफेयर चल रहा था। लेकिन एक दिन सच सामने आने के बाद अनुपमा अपने पति को तलाक दे देती है औऱ उसका पति अपनी सेक्रेटरी से शादी कर लेता है।
खुद की पहचान बनाने निकलती है....
पति से अलग होने के बाद अनुपमा खुद की पहचान बनाने निकलती है लेकिन उसकी राह में बहुत मुश्किलें आती हैं। इस दौरान उसकी मुलाकात उसके कॉलेज के एक पुराने साथी से होती है, जो कि उससे कॉलेज के दिनों से बेइंतहा मोहब्बत करता था। फिर उससे मिलने के बाद अनुपमा अपनी पहचान बनाती है। ये शो लोगों का मनोरंजन बखूबी कर रहा है और इसी वजह से ये लगातार हिट श्रेणी में बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications