अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के घर गए थे ऋषि कपूर और हुई थी ये बात, डॉन ने कहा था- अगर पैसे चाहिए तो.....
Rishi Kapoor Met Underworld Don Dawood Ibrahim: बॉलीवुड के दिवंगत एक्टर ऋषि कपूर अपने फिल्मी करियर के दौरान एक समय अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से मिलने उनके घर पहुंचे थे। कहा जाता है कि ऋषि कपूर किसी खास शो के लिए दुबई पहुंचे थे, जहां एयरपोर्ट पर एक शख्स ने उनको फोन थमा दिया और कहा कि भाई आपसे बात करना चाहते हैं। ऋषि कपूर ने सोचा कि कोई फैन होगा और फोन पर बात करने लगे। लेकिन बात शुरू होते ही उन्हें पता चला कि ये तो अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की कॉल है जो उनसे मिलना चाहते हैं। ऋषि कपूर के साथ ये घटना साल 1988 में घटी थी।
ऋषि कपूर-दाऊद इब्राहिम की मीटिंग
आपको बता दें कि कई रिपोर्ट्स में दावा किया जाता है कि अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का कनेक्शन कई बॉलीवुड सेलेब्स के साथ रहा है जिसमें पुराने दिनों की एक्ट्रेस मंदाकिनी से लेकर संजय दत्त और सलमान खान तक का नाम शामिल है। वहीं मीडिया रिपोर्ट् की मानें तो दिवंगत एक्टर ऋषि कपूर भी एक बार दाऊद इब्राहिम से मिलने के लिए उनके घर पहुंचे थे।

दाऊद ने ऋषि कपूर को चाय पर बुलाया था
ऋषि कपूर ने इंडिया टीवी को दिए एक इंटरव्यू में बताया था- डॉन ने कहा कि मैं तुमसे मिलना चाहता हूं, चाय पर मुलाकात कर सकोगे? मैंने कहा- होटल में जाकर चैकइन करता हूं, फिर बताता हूं। आपको बता दें कि दाऊद एक खतरनाक गैंगस्टर था, फिर भी ऋषि कपूर की उनसे मिलने की खास वजह थी। ऋषि कपूर ने इंटरव्यू में कहा था- हम एक्टर के तौर पर लोगों से कई बातें सीखते हैं। मैंने नहीं समझा कि दाऊद से मिलना कोई गलत बात है। जानकारी के अनुसार ऋषि कपूर डॉन से मिले थे और दाऊद ने भी एक्टर की काफी खातिरदारी की थी।
आत्मकथा में है दाऊद से मुलाकात का जिक्र
ऋषि कपूर ने अपनी आत्मकथा 'खुल्लम खुल्ला' में दाऊद इब्राहिम से मुलाकात के बारे में खुलकर बताया है। उन्होंने बताया है- मैं से डॉन मिलना भी चाहता था पर डर भी लग रहा था। दाऊद नहीं चाहते थे कि किसी को उनके घर का पता चले, इसलिए ऋषि कपूर को डॉन से मिलने से पहले दुबई की सड़कों पर काफी घुमाया गया और फिर फोन आने पर उन्हें डॉन से मिलाने ले गए। ऐसे में ऋषि कपूर को डॉन के घर का रास्ता पता नहीं चला। दाऊद ने उनके लिए रॉल्स रॉयस गाड़ी भेजी थी।
ऋषि कपूर से खुश थे दाऊद इब्राहिम
आत्मकथा में बताया गया है कि दाऊद ने ऋषि कपूर की काफी खातिरदारी की थी। उन्होंने एक्टर से कहा था कि उनकी एक्टिंग से काफी खुश हैं। ऋषि कपूर ने करीब 4 घंटे तक दाऊद इब्राहिम के साथ बातचीत की थी। वहीं दाऊद ने ऋषि कपूर से कहा था कि आपको जब भी पैसों की या फिर किसी मदद की जरूरत हो तो बेझिझक बोलें। बिल्कुल परेशान होने की जरूरत नहीं है। वहीं ऋषि कपूर ने डॉन को वापस मुंबई आने के लिए कहा था और खुद को पुलिस के हवाले करने की भी सलाह दी थी।
दाऊद ने कहा था- मुझे कभी न्याय नहीं मिलेगा
इस पर डॉन दाऊद इब्राहिम ने ऋषि कपूर से कहा था- मुझे न्याय नहीं मिलेगा। मैं कई लोगों के खिलाफ हो चुका हूं। पहले, तो वो मुझे मारना चाहेंगे, इसलिए मैं मुंबई नहीं जाऊंगा। डॉन ने ऋषि कपूर के सामने अपना जुर्म कबूल किया था और कहा था- मैंने किसी को खुद से नहीं मारा, मैंने मरवाया था, क्योंकि उस आदमी ने गलत किया था। उसने अल्लाह के नाम पर गलत बातें कही थीं, तो मैंने सोचा कि उसको सजा जरूर मिलनी चाहिए।
ऋषि कपूर ने निभाया था दाऊद इब्राहिम का रोल
दिवंगत एक्टर ऋषि कपूर ने फिल्म 'डी-डे' (D-Day) में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का किरदार निभाया था। उन्होंने अपने इस रोल को लेकर कहा था- अगर मैं उनसे नहीं मिलता तो रोल में वैसी हरकतें नहीं कर पाता। मैं सिर्फ दाऊद को समझने के लिए उनसे मिलना चाहता था। मैंने उनसे कभी कोई तोहफा नहीं लिया, न ही किसी और तरह की डिमांड की है। मैं सिर्फ अपने काम के चलते उनसे मिला था।












Click it and Unblock the Notifications