'न तमीज है, न दिमाग', शहजाद पूनावाला पर क्यों भड़की Swara Bhasker? छिड़ी तीखी जंग, क्या है मामला?
Rise and Fall 2: रिएलिटी शो 'राइज एंड फॉल सीजन 2' में फिनाले से पहले मुकाबला लगातार दिलचस्प होता जा रहा है। शो में कंटेस्टेंट्स के बीच रणनीति और रिश्तों का समीकरण हर दिन बदल रहा है। इसी बीच एक्ट्रेस स्वरा भास्कर और शहजाद पूनावाला के बीच जबरदस्त टकराव देखने को मिला। एक टास्क के दौरान लिए गए शहजाद के फैसले से स्वरा इस कदर नाराज हुईं कि दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। मामला बढ़ता देख करण पटेल और गौतम गुलाटी को हस्तक्षेप करना पड़ा।
गौतम गुलाटी को बचाने के फैसले से नाराज हुईं स्वरा भास्कर
दरअसल शो में रूलर्स फॉल का फरमान नाम से एक टास्क आयोजित किया गया था। इसमें शहजाद पूनावाला को एक कंटेस्टेंट को बेसमेंट में जाने से बचाने का मौका मिला। उनके सामने स्वरा भास्कर, करण पटेल और गौतम गुलाटी में से किसी एक को चुनने का विकल्प था। शहजाद पूनावाला ने स्वरा भास्कर और करण को छोड़कर गौतम को सुरक्षित रखने का फैसला किया।

स्वरा भास्कर ने गिनाए शहजाद पूनावाला के लिए किए गए अपने फैसले
-अपने निर्णय के पीछे की वजह बताते हुए शहजाद ने कहा कि वह पहले की गई गलती दोबारा नहीं करना चाहते थे। इससे पहले उन्होंने इरीना रुदाकोवा को बचाया था, जिसके चलते गौतम गुलाटी को बेसमेंट में जाना पड़ा था। इस बार वह गौतम को सुरक्षित रखना चाहते थे। हालांकि उनका ये फैसला स्वरा भास्कर को रास नहीं आया और उन्होंने पेंटहाउस में शहजाद पूनावाला से जवाब मांग लिया।
-स्वरा भास्कर शहजाद को याद दिलाया कि जब-जब उनके पास किसी कंटेस्टेंट को प्राथमिकता देने या बचाने का अवसर आया, उन्होंने उनका समर्थन किया। एक्ट्रेस का कहना था कि उन्होंने कई बार अपनी स्थिति की परवाह किए बिना शहजाद पूनावाला को आगे रखा लेकिन बदले में उन्हें वैसा सहयोग नहीं मिला।
-स्वरा भास्कर ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा- जब भी मेरे हाथ में फैसला लेने का मौका आया, मैंने हर बार बाकी लोगों के सामने आपका नाम आगे रखा है। मैंने लोगों को इस बात के लिए भी मनाया है कि वो आपको बचाने के लिए मुझे बेसमेंट में भेज दें। क्या आपको ये बात दिखाई नहीं दे रही है?
-स्वरा भास्कर ने आगे कहा कि शहजाद पूनावाला को प्राथमिकता देने के लिए वह दो बार अपना नुकसान उठा चुकी हैं। इसके बावजूद शहजाद पूनावाला ने इस बार उन्हें बचाने के बारे में नहीं सोचा। इसी बात ने दोनों के बीच विवाद को और बढ़ा दिया।
निजी बातचीत का जिक्र करने पर भी भड़कीं स्वरा भास्कर
-बहस के दौरान स्वरा भास्कर की नाराजगी सिर्फ शहजाद पूनावाला के फैसले तक सीमित नहीं रही। उन्होंने इस बात पर भी आपत्ति जताई कि शहजाद पूनावाला ने दोनों के बीच हुई एक निजी बातचीत का जिक्र दूसरे कंटेस्टेंट्स के सामने किया। स्वरा भास्कर के मुताबिक वह बात सिर्फ उन दोनों के बीच रहनी चाहिए थी।
-इस मुद्दे पर शहजाद पूनावाला को घेरते हुए एक्ट्रेस ने उनकी समझदारी और परिपक्वता पर सवाल खड़े किए। स्वरा भास्कर ने कहा- आपमें न तो इतनी तमीज है, न ही इतना दिमाग है और न ही आप इतनी मैच्योरिटी दिखा रहे हैं कि समझ सकें कि ये बात सिर्फ आपके और मेरे बीच की है।
स्वरा भास्कर ने गौतम गुलाटी को दिया अपनी सुरक्षा का श्रेय
-स्वरा भास्कर ने बातचीत में ये भी स्पष्ट किया कि वह अपनी सुरक्षा का श्रेय शहजाद पूनावाला को नहीं देतीं। उनके मुताबिक उन्हें बचाने का फैसला गौतम गुलाटी ने लिया था और इसके लिए वही जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि गौतम गलाटी ने अपनी भलाई और उदारता दिखाते हुए उन्हें बचाया जबकि उनके और गौतम के बीच कोई खास रिश्ता नहीं है।
-इसके बाद एक्ट्रेस ने शहजाद पूनावाला की वफादारी पर सवाल उठाते हुए उनसे पूछा कि क्या अब उन्हें अपनी वफादारी शहजाद से हटाकर गौतम के प्रति रखनी चाहिए। इस टिप्पणी के बाद दोनों के बीच बहस और तीखी हो गई।
ऊंची आवाज में बात करने पर भी हुआ विवाद
-बातचीत के दौरान स्वरा भास्कर ने शहजाद पूनावाला पर उन पर चिल्लाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने सवाल किया कि वह उनसे इतनी ऊंची आवाज में क्यों बात कर रहे हैं। इस पर शहजाद पूनावाला ने जवाब दिया- मैं चिल्ला नहीं रहा हूं, बस बात आपके दिमाग में जा रही है।
-दोनों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए करण पटेल और गौतम गुलाटी ने बीच में आकर स्थिति संभालने की कोशिश की। काफी देर तक चली इस बहस के बाद माहौल कुछ शांत हुआ। स्वरा ने गौतम को बचाने के लिए उनका आभार जताया लेकिन शहजाद पूनावाला के लिए उन्होंने साफ कहा कि उनके पास धन्यवाद देने के लिए कोई शब्द नहीं हैं।
शो से पहले भी रहा है दोनों के बीच मतभेद
जानकारी के अनुसार स्वरा भास्कर और शहजाद पूनावाला के बीच मतभेद पहली बार कैमरे के सामने नहीं आए हैं। राइज एंड फॉल 2 शो में शामिल होने से पहले भी दोनों कई मौकों पर अलग-अलग मुद्दों को लेकर आमने-सामने रहे हैं। ऐसे में शो के अंदर हुई इस बहस ने उनके पुराने मतभेदों को फिर से चर्चा में ला दिया है।
6 नवंबर 2026 को होगा राइज एंड फॉल 2 का ग्रैंड फाइनल
-दूसरी तरफ शो अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है और छह कंटेस्टेंट्स ने फिनाले में जगह बना ली है। शहजाद पूनावाला ने करण पटेल को हराकर टिकट टू फिनाले अपने नाम किया और इस सीजन के पहले फाइनलिस्ट बने।
-टॉप-6 फाइनलिस्ट में शहजाद पूनावाला के साथ गौतम गुलाटी, करण पटेल, स्वरा भास्कर, प्रियंका चाहर चौधरी और निहारिका तिवारी शामिल हैं। अब सभी की नजरें 6 नवंबर 2026 को होने वाले ग्रैंड फिनाले पर टिकी हैं, जहां इस सीजन के विजेता के नाम का ऐलान किया जाएगा।


Click it and Unblock the Notifications
