'Rekha को चूम लिया, पापा ने गलत किया', दिग्गज एक्टर की बेटी ने बताई पिता की गलती, 47 साल बाद सामने आया ऐसा सच
Rekha Kiss: बॉलीवुड की सदाबहार एक्ट्रेस रेखा की जिंदगी से जुड़ा एक पुराना और पॉपुलर विवाद एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है। कई साल पहले फिल्म के सेट पर हुई एक घटना, जिसने लंबे समय तक सुर्खियां बटोरी थीं, अब फिर से लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है। इस बार इस मामले पर फेमस एक्ट्रेस बिस्वजीत चटर्जी की बेटी और एक्ट्रेस पल्लवी चटर्जी ने खुलकर अपनी राय रखी है।
रेखा से जुड़ा 47 साल पुराना विवाद आया सामने
पल्लवी चटर्जी ने न सिर्फ उस घटना को गलत बताया बल्कि ये भी माना कि इतनी कम उम्र की लड़की के लिए वह अनुभव बेहद परेशान करने वाला और मानसिक रूप से झकझोर देने वाला रहा होगा। ऐसे में रेखा से जुड़ा 47 साल पुराना विवाद एक बार फिर सुर्खियों में छा गया है।

विवादित सीन पर पहली बार बेटी की प्रतिक्रिया
-हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में पल्लवी चटर्जी ने रेखा और उनके पिता बिस्वजीत चटर्जी से जुड़े उस चर्चित किसिंग सीन पर बात की। उन्होंने कहा कि अगर किसी यंग लड़की को बिना किसी पूर्व जानकारी या सहमति के ऐसी स्थिति का सामना करना पड़े, तो ये उसके लिए बेहद असहज और आघात पहुंचाने वाला अनुभव हो सकता है।
-पल्लवी चटर्जी का मानना है कि किसी भी कलाकार को ऐसे इंटीमेट सीन करने से पहले अपने सह-कलाकार की स्पष्ट सहमति लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि रेखा को पहले से इस सीन की जानकारी नहीं थी, तो ये निश्चित रूप से गलत था।
सिर्फ अभिनेता नहीं, पूरी व्यवस्था पर उठाए सवाल
-पल्लवी चटर्जी ने इस मामले में केवल अपने पिता एक्टर बिस्वजीत चटर्जी को जिम्मेदार ठहराने से भी इनकार किया। उनका कहना है कि उस दौर में कई निर्देशक कैमरे पर वास्तविक प्रतिक्रियाएं कैद करने के लिए कलाकारों से कुछ बातें छिपा लेते थे। उनके अनुसार यदि किसी फिल्म के सेट पर इतना लंबा और विवादित सीन शूट हुआ तो ये संभव नहीं कि निर्देशक या पूरी यूनिट को इसकी जानकारी न रही हो।
-पल्लवी चटर्जी ने कहा कि उस समय फिल्मों में ऑन-स्क्रीन किसिंग सीन आम नहीं थे और ऐसे सीन्स को लेकर काफी संवेदनशीलता भी थी। ऐसे में इस तरह का सीन बिना किसी योजना या अनुमति के शूट होना मुश्किल लगता है।
'कम उम्र में आवाज उठाना आसान नहीं होता'
पल्लवी ने बातचीत के दौरान रेखा की स्थिति को समझने की भी कोशिश की। उन्होंने कहा कि जब कोई कलाकार बहुत कम उम्र का होता है, तो उसके लिए किसी बड़े स्टार या वरिष्ठ लोगों के खिलाफ तुरंत आवाज उठाना आसान नहीं होता। उन्होंने कहा कि उस दौर की फिल्म इंडस्ट्री आज की तुलना में काफी अलग थी। युवा कलाकारों के पास अपनी असहमति जताने या किसी अनुचित व्यवहार के खिलाफ खड़े होने के उतने अवसर नहीं होते थे, जितने आज उपलब्ध हैं।
किताब में लिखी है पूरी घटना
-रेखा से जुड़े इस विवाद का जिक्र लेखक यासिर उस्मान की चर्चित किताब 'रेखा: द अनटोल्ड स्टोरी' में भी मिलता है। किताब के अनुसार ये घटना उस समय की है जब रेखा सिर्फ 15 साल की थीं और फिल्म 'अनजाना सफर' की शूटिंग कर रही थीं। बाद में यही फिल्म 'दो शिकारी' नाम से सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
-किताब में दावा किया गया है कि शूटिंग के दौरान एक सीन में फिल्म के लीड हीरो बिस्वजीत चटर्जी ने रेखा को किस किया था, जिसकी जानकारी एक्ट्रेस को पहले से नहीं थी। ऐसे में इस सीन को लेकर रेखा काफी घबरा गई थीं। इस घटना ने उस समय काफी विवाद खड़ा किया था और सालों तक इसकी चर्चा होती रही।
पिता के बचाव में भी बोलीं पल्लवी चटर्जी
हालांकि पल्लवी चटर्जी ने इस घटना को गलत बताया लेकिन उन्होंने अपने पिता के व्यक्तित्व का भी बचाव किया। उनका कहना है कि बिस्वजीत चटर्जी ने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई एक्ट्रेसेस के साथ काम किया लेकिन उनके खिलाफ कभी इस तरह के बर्ताव की शिकायत सामने नहीं आई। उन्होंने कहा कि उनके पिता महिलाओं का सम्मान करते थे और व्यक्तिगत रूप से उन्हें नहीं लगता कि उन्होंने अपने स्तर पर ऐसा फैसला लिया होगा। पल्लवी के अनुसार संभव है कि फिल्म निर्माण से जुड़े अन्य लोगों की भी इसमें भूमिका रही होगी।
पल्लवी ने कहा- जो हुआ वो सही नहीं था
पल्लवी चटर्जी ने साफ शब्दों में कहा कि चाहे उस घटना के पीछे कोई भी रहा हो, उसे सही नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने माना कि किसी भी कलाकार की सहमति सबसे जरूरी होती है और यदि रेखा को इस सीन के बारे में पहले से नहीं बताया गया था, तो ये निश्चित रूप से अनुचित था। उन्होंने कहा कि किसी कम उम्र की लड़की के लिए ऐसी घटना बेहद चौंकाने वाली हो सकती है और उस समय रेखा ने जो महसूस किया होगा, उसे समझना मुश्किल नहीं है।
परिवारों के बीच थे करीबी संबंध
पल्लवी चटर्जी ये भी खुलासा किया कि उनके परिवार और रेखा के परिवार के बीच काफी अच्छे संबंध थे। बचपन में रेखा अक्सर उनके घर आती-जाती थीं और दोनों परिवार एक-दूसरे के बेहद करीब थे। इसी वजह से पल्लवी का मानना है कि ये घटना रेखा के लिए और भी ज्यादा भावनात्मक रूप से तकलीफदेह रही होगी। जब कोई व्यक्ति परिवार जैसा करीब हो और उसके साथ कोई अप्रत्याशित घटना घट जाए, तो उसका असर लंबे समय तक बना रह सकता है।
'कलाकार की सहमति के बिना ऐसा कुछ होना गलत है'
करीब 47 साल पुराना ये विवाद आज भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। पल्लवी चटर्जी के बयान ने इस मामले को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। उन्होंने जहां रेखा के प्रति संवेदना जताई, वहीं ये भी स्वीकार किया कि किसी भी कलाकार की सहमति के बिना ऐसा कुछ होना गलत है। इस बयान के बाद एक बार फिर फिल्म इंडस्ट्री में सहमति, पेशेवर मर्यादा और कलाकारों के अधिकारों को लेकर बहस तेज हो गई है।













Click it and Unblock the Notifications