'डॉन 3' की लड़ाई में रणवीर सिंह ने घसीटा संजय लीला भंसाली का नाम, क्या नहीं देने होंगे 40 करोड़?
'डॉन 3' को लेकर बॉलीवुड में ज़बरदस्त घमासान छिड़ गया है। मामला अब सिर्फ़ फ़रहान अख़्तर और रणवीर सिंह तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें शाहरुख़ ख़ान और ऋतिक रोशन के नाम भी उछलने लगे हैं। ताज़ा रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ़रहान अख़्तर ने रणवीर सिंह से 40 करोड़ रुपये के हर्ज़ाने की मांग की है। वजह-रणवीर का अचानक 'डॉन 3' से किनारा करना, जिससे प्री-प्रोडक्शन पर हुआ भारी खर्च़ डूब गया।

हाल ही में दोनों के बीच करीब दो घंटे लंबी अहम बैठक हुई, जिसमें आमिर ख़ान और प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया (PGI) के सदस्य भी मौजूद थे। सूत्रों का दावा है कि फ़रहान का कहना था कि रणवीर के हटने से फिल्म को आर्थिक झटका लगा है, इसलिए उन्हें नुकसान की भरपाई करनी चाहिए।
हालांकि रणवीर ने इस मांग को सिरे से खारिज कर दिया। उनका साफ़ कहना है कि उन्होंने मेकर्स से कोई साइनिंग अमाउंट या एडवांस नहीं लिया, तो फिर इतनी बड़ी रकम चुकाने की ज़िम्मेदारी उन पर कैसे डाली जा सकती है? रणवीर ने अपनी दलील मज़बूत करने के लिए संजय लीला भंसाली की 'बैजू बावरा' का उदाहरण भी दिया। उन्होंने बताया कि इस फिल्म के लिए उन्होंने लगभग एक साल तक तैयारी की, लेकिन प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चला गया। उस दौरान उन्हें किसी तरह का भुगतान नहीं मिला। उनके मुताबिक, फिल्म इंडस्ट्री में ऐसे हालात आम हैं-कई प्रोजेक्ट शुरू होकर भी बन नहीं पाते और कोई मुआवज़ा नहीं मिलता।
विवाद तब और पेचीदा हो गया जब रणवीर ने आरोप लगाया कि मेकर्स पहले से ही उन्हें रिप्लेस करने की सोच रहे थे। खबरें थीं कि 'डॉन' फ्रेंचाइज़ी के असली चेहरा शाहरुख़ ख़ान से 'डॉन 3' के लिए संपर्क किया गया था। रणवीर का दावा है कि अगर शाहरुख़ हामी भर देते, तो उन्हें बिना किसी मुआवज़े के बाहर कर दिया जाता।
यही नहीं, रणवीर ने यह भी कहा कि एक्सेल एंटरटेनमेंट कथित तौर पर ऋतिक रोशन को फिल्म से जोड़ने की कोशिश कर रहा था, जबकि स्क्रिप्ट पर उनकी राय तक नहीं ली जा रही थी। उनका आरोप है कि 'धुरंधर' की सफलता के बाद ही मेकर्स ने दोबारा संपर्क किया, ताकि उनकी लोकप्रियता का फायदा उठाया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications