Coinswitch Kuber के पहले ब्रांड एंबेसडर बने रणवीर सिंह, क्रिप्टोकरेंसी का करेंगे प्रचार
नई दिल्ली, 9 अक्टूबर। भारत के सबसे बड़े क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज कॉइनस्विच कुबेर ने बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को अपना पहला ब्रांड एंबेसडर बनाया है। रणवीर सिंह कॉइनस्विच के 'कुछ तो बदलेगा' अभियान में नजर आएंगे। कंपनी ने सोशल मीडिया पेज पर शुक्रवार को इसकी घोषणा की।

कॉइनस्विच कुबेर के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष सिंघल ने इस बारे में बताते हुए लिखा "हमें रणवीर सिंह को अपना ब्रांड एंबेसडर घोषित करते हुए बहुत गर्व हो रहा है। भारत की क्रिप्टो यात्रा न केवल सरल है, बल्कि मनोरंजक भी है।"
क्या है कॉइनस्विच कुबेर?
कुछ दिनों पहले ही क्रिप्टो एक्सचेंज आंद्रेसेन होरोविट्ज़ और कॉइनबेस वेंचर्स से फंडिंग मिलने के बाद कॉइनस्विच यूनिकॉर्न कंपनी का दर्जा हासिल कर चुकी है। कॉइनस्विच के आंकड़ों के मुताबिक इसकी वैल्यू 1.9 अरब डॉलर है और इसने फंडिंग से 26 करोड़ डॉलर जुटाए हैं। 2017 में स्थापित कॉइनस्विच को क्रिप्टो एक्सचेंज के वैश्विक एग्रीगेटर के रूप में लॉन्च किया गया था।
बैंगलोर स्थित स्टार्टअप भारत का सबसे बड़ा और सबसे मूल्यवान क्रिप्टोकरेंसी प्लेटफॉर्म बन गया है। प्लेटफॉर्म ने केवल 14 महीनों में 1 करोड़ से अधिक ग्राहक जोड़े।
तीन विज्ञापनों में नजर आएंगे रणवीर
अब कंपनी बड़े पैमाने पर लोगों को खुद से जोड़ने की योजना बना रही है। यही वजह है कि उसने युवाओं में भारी अपील रखने वाले रणवीर सिंह को ब्रांड एंबेसडर बनाने का फैसला किया है। कॉइनस्विच का उद्येश्य रणवीर सिंह के मास अपील के साथ जेन जेड और मिलेनियल ग्राहकों के बीच उनकी लोकप्रियता का लाभ उठाना है।
रणवीर सिंह कॉइनस्विच कुबेर के कुछ तो बदलेगा अभियान के लिए तीन विज्ञापनों में नजर आएंगे। इनमें से एक विज्ञापन कंपनी के यूट्यूब चैनल पर एक दिन पहले ही अपलोड किया जा चुका है।
आज का क्रिप्टो बाजार
क्रिप्टोकरेंसी की कीमतें शनिवार 9 अक्टूबर को लाल रंग में बनी हुई हैं। ग्लोबल क्रिप्टोकरेंसी मार्केट कैप पिछले दिन की तुलना में 0.42 प्रतिशत कम हुआ है और यह 2.29 ट्रलियन डॉलर है। वहीं पिछले 24 घंटे में कुल क्रिप्टो बाजार की मात्रा 115.94 अरब डॉलर है जो कि 7.09 प्रतिशत कम है।
दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन की कीमत $53,920.32 पर है और इसका प्रभुत्व 44.53% है जो बीते 24 घंटे में 0.04 प्रतिशत बढ़ा है।












Click it and Unblock the Notifications