अक्षय कुमार की फिल्म के चलते रणदीप हुड्डा को हो गया था डिप्रेशन, किया ऐसा बड़ा खुलासा
Randeep Hooda Depression: बॉलीवुड एक्टर रणदीप हुड्डा इस समय सुर्खियों में छाए हुए हैं। रणदीप हुड्डा ने हाल ही में खुद को लेकर कुछ ऐसी बातों का खुलासा किया है जिसे सुनने के बाद हर कोई हैरान हो गया है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले वह डिप्रेशन का शिकार हो गए थे। वहीं अपने इस डिप्रेशन का कारण उन्होंने बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार को बताया है। रणदीप हुड्डा की मानें तो अक्षय कुमार की वजह से वह परेशान रहने लगे थे और उन्हें बहुत ज्यादा स्ट्रेस हो गया था।
रणदीप हुड्डा ने अपने बारे में किया बड़ा खुलासा
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान बॉलीवुड के दमदार एक्टरों में से एक रणदीप हुड्डा ने अपने डिप्रेशन के बारे में खुलकर बात की है। Mashable India को दिए इंटरव्यू में रणदीप हुड्डा ने कहा है कि साल 2016 में राजकुमार संतोषी की फिल्म 'बैटल ऑफ सारागढ़ी' की घोषणा की गई थी। इस फिल्म में उन्हें लीड रोल निभाना था। इसी बीच साल 2018 में अक्षय कुमार की 'केसरी' की अनाउंसमेंट हुई और फिल्म भी उसी साल ही रिलीज हो गई।

'अक्षय कुमार की वजह से हुआ था मेरा ऐसा हाल'
रणदीप हुड्डा ने बताया- दोनों फिल्मों की कहानी एक ही मुद्दे पर आधारित थी लेकिन 'केसरी' के फ्लॉप होने की वजह से रणदीप हुड्डा की फिल्म को रिलीज ही नहीं किया गया। इस वजह से मैं परेशान हो गया था। मैं स्ट्रेस में रहने लगा था। स्ट्रेस की वजह से मैं डिप्रेशन का शिकार हो गया था। कई दिनों तक मेरा इलाज चला था।
'मैं डिप्रेशन का शिकार हो गया था'
रणदीप हुड्डा ने आगे बताया- मेरी फिल्म 'बैटल ऑफ सारागढ़ी' को बनने में 3 साल लग गए थे। मैं इस प्रोजेक्ट के लिए जी जान से मेहनत कर रहा था। फिल्म में ईशर सिंह का किरदार निभाने के लिए मैंने इन तीन सालों में अपने बाल और दाढ़ी बढ़ाए थे। काफी शारीरिक परिश्रम भी किया था। सिर्फ इतना ही नहीं इस दौरान मैंने कई सारी फिल्मों के ऑफर्स को भी ठुकरा दिया था। वहीं जब फिल्म रिलीज नहीं हुई तो मैं डिप्रेशन का शिकार हो गया। एक्टर ने कहा- डिप्रेशन में मुझे ऐसा लगता था जैसे कि किसी ने मुझे बहुत बड़ा धोखा दे दिया हो।
खुद को कमरे में बंद कर लेते थे रणदीप हुड्डा
रणदीप हुड्डा ने इंटरव्यू में बताया कि उस फिल्म के रिलीज न होने की वजह से वह काफी ज्यादा प्रभावित हो गए थे। रणदीप ने कहा- मैं घर में पड़ा रहता था। किसी से बात नहीं करता था और न ही कहीं बाहर जाता था। मैं अपना कमरा बंद कर लेता था क्योंकि मुझे डर था कि कहीं कोई मेरी दाढ़ी न काट दे। उन्होंने आगे कहा- इस हालत में मेरे पैरेंट्स मुझे अकेला नहीं छोड़ते थे।
रणदीप ने कहा-मैंने खुद पर भरोसा करना सीखा
रणदीप हुड्डा ने कहा- मैं इन सब चीजों के चलते काफी परेशान रहता था। सही से खाना भी नहीं खा पाता था। लेकिन फिर मैंने फैसला किया कि अब मैं खुद के साथ दोबारा ऐसा कभी नहीं होने दूंगा। मैंने खुद पर भरोसा करना सीखा और दोबारा उठकर खड़ा हुआ। आपको बता दें कि रणदीप हुड्डा जल्द ही फिल्म 'वीर सावरकर' में नजर आने वाले हैं।












Click it and Unblock the Notifications