'रावण ने गलत नहीं किया, वो प्यार में थे', रणबीर कपूर के 'रामायण' के कास्टिंग डायरेक्टर का चौंकाने वाला बयान
Mukesh Chhabra On Ravana: बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर की अपकमिंग फिल्म 'रामायण' इस समय सुर्खियों में छाई हुई है। इस फिल्म के कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने रामायण के हिंदू पौराणिक चरित्र रावण के बारे में विवादित बयान दिया है। इस बयान ने सोशल मीडिया पर हंगामा खड़ा कर दिया है।
मुकेश छाबड़ा ने रावण को लेकर दिया बड़ा बयान
नितेश तिवारी की आने वाली फिल्म 'रामायण' के लिए स्टारकास्ट तय करने वाले बॉलीवुड के फेमस कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा हाल ही में रणवीर इलाहाबादिया के पॉडकास्ट पर आए थे। इस शो में मुकेश छाबड़ा ने कहा कि रावण अपने तरीके से बिल्कुल सही था।

'रावण भी तो प्यार में ही थे ना'
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के अनुसार मुकेश छाबड़ा ने कहा है- यार रावण भी तो प्यार में ही थे ना? वह बदला लेना चाहता था, लेकिन वह प्यार में भी था। जहां तक मैं रावण को समझता हूं, वह दुष्ट और प्रतिशोधी था, लेकिन उसका बदला उसकी बहन के प्रति प्रेम से प्रेरित था। उसे अपनी बहन के लिए वही करना था जो उसे करना था। वो भी अपनी तरफ से ठीक थे। युद्ध में, दोनों पक्ष मानते हैं कि वह सही पक्ष में हैं। लेकिन अंतत रावण प्रेम से प्रेरित था।
साल 2020 में सैफ अली खान की हुई थी आलोचना
आपको बता दें कि साल 2020 में सैफ अली खान को भी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था जब उन्होंने कहा था कि वह ओम राउत की फिल्म आदिपुरुष में रावण का मानवीय रूप पेश करेंगे। उस समय सैफ अली खान ने मिड-डे से बात करते हुए कहा था- राक्षस राजा का किरदार निभाना दिलचस्प है, इसमें कम सख्ती है।
सैफ अली खान के बयान ने मचाया था हंगामा
सैफ अली खान ने आगे कहा था- लेकिन हम उसे मानवीय रूप देंगे, मनोरंजन का स्तर बढ़ाएंगे, सीता के अपहरण और राम के साथ युद्ध को उचित ठहराएंगे, जो लक्ष्मण द्वारा अपनी बहन सूर्पनखा के साथ किए गए व्यवहार का बदला है, जिसने उसकी नाक काट दी थी।
सैफ अली खान ने लोगों से मांगी थी माफी
आलोचनाओं का सामना करने के बाद सैफ अली खान ने अपने बयान के लिए लोगों से माफी मांगी थी और कहा था- मुझे पता चला है कि एक इंटरव्यू के दौरान मेरे एक बयान ने विवाद पैदा कर दिया है और लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। मेरा ऐसा कोई इरादा नहीं था। मैं सभी से ईमानदारी से माफी मांगना चाहता हूं और अपना बयान वापस लेना चाहता हूं।
फिल्म 'रामायण' में यश बन सकते हैं रावण
वहीं नितेश तिवारी की अपकमिंग फिल्म 'रामायण' में, केजीएफ स्टार यश, जो इस मूवी के सह-निर्माता भी हैं, रावण की भूमिका निभा सकते हैं। हालांकि, अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिल्म में रणबीर कपूर को राम और साईं पल्लवी को सीता के रूप में दिखाया जाएगा। कथित तौर पर मेकर्स ने हनुमान के रोल के लिए सनी देओल को चुना है। कहा जा रहा है कि ये फिल्म साल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।












Click it and Unblock the Notifications