Ram Setu: पहले ही दिन फिल्म 'राम सेतु' ने की करोड़ों की कमाई, ओपनिंग डे पर लगे 'जय श्री राम' के नारे
अभिषेक शर्मा द्वारा निर्देशित फिल्म 'राम सेतु' की एडवांस बुकिंग भले ही अच्छी नहीं थी लेकिन फिल्म ने रिलीज होने के बाद अपना जादू चला दिया है और अपनिंग डे पर बंपर कमाई की है।
Ram Setu Box Office Collection: बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार की फिल्म 'राम सेतु' रिलीज होते ही सुर्खियों में छा गई है। ये फिल्म रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर ट्रेंड भी करने लगी है। आपको बता दें कि इस फिल्म ने पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर दिया है। इस फिल्म ने अपने ओपनिंग डे पर ही 15 करोड़ रुपये की कमाई की है। दिवाली के मौके पर गत मंगलवार को रिलीज हुई इस फिल्म ने ओपनिंग डे पर उम्मीद से कहीं ज्यादा कमाई की है। अभिषेक शर्मा द्वारा निर्देशित फिल्म 'राम सेतु' की एडवांस बुकिंग भले ही अच्छी नहीं थी लेकिन फिल्म ने रिलीज होने के बाद अपना जादू चला दिया।

पहले दिन फिल्म ने की बंपर कमाई
आपको बता दें कि पहले ही दिन फिल्म 'राम सेतु' को देखने के लिए सिनेमाघरों में अच्छी-खासी संख्या में दर्शक पहुंचे थे। शाम के शोज में भीड़ में काफी इजाफा देखा गया। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो पहले दिन इस फिल्म के लिए देशभर के सिनेमाघरों में करीब 40 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी देखी गई जबकि इसके साथ रिलीज हुई अजय देवगन और सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म 'थैंक गॉड' ने अपने ओपनिंग डे पर 8.1 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।

भगवान राम के प्रति जगी अक्षय कुमार की आस्था
फिल्म 'राम सेतु' एक एडवेंचर-ड्रामा मूवी है। इस फिल्म की कहानी एक नास्तिक आर्कियोलॉजिस्ट की है, जो राम सेतु के अस्तित्व की खोज में निकलता है। उसका मानना है कि राम सेतु का बनना असल में एक प्राकृतिक घटना है लेकिन अपने मिशन के दौरान वह न सिर्फ राम सेतु से जुड़े तथ्यों की तलाश करता है, बल्कि भगवान राम में भी उसकी आस्था अपने आप जग जाती है।

लोगों ने लगाए 'जय श्रीराम' के नारे
आपको बता दें कि मंगलवार को देश के कई सिनेमाघरों में दर्शकों ने फिल्म देखते हुए जमकर 'जय श्री राम' के नारे लगाए। लोग सिनेमाघरों के अंदर ही प्रभु श्रीराम की भक्त में डूबे नजर आए। इस फिल्म के ओपनिंग डे के कलेक्शन को देखकर इसकी बंपर कमाई की उम्मीद की जा रही है।

मल्टीप्लेक्स और सिंगल स्क्रीन दोनों पर बनाई पकड़
जानकारी के अनुसार फिल्म 'राम सेतु' देशभर में 3100 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई है। वहीं इस फिल्म का बजट 85 करोड़ रुपये है। देश के बड़े शहरों में जहां इस फिल्म को मल्टीप्लेक्स ऑडियंस से अच्छा रेस्पॉन्स मिला है, वहीं राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सिंगल स्क्रीन थिएटर्स में भी फिल्म ने ओपनिंग डे पर बहुत अच्छी कमाई की है। मीडिया रिपोर्ट्स की नुसार राजस्थान में ही इस फिल्म ने पहले दिन लगभग 1 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया है।

मुंबई में हुई 5 करोड़ की कमाई
फिल्म 'राम सेतु' में बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार के साथ एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस और नुसरत भरुचा भी नजर आई हैं। इस फिल्म ने पहले दिन उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ और गुजरात में सबसे ज्यादा कमाई की है। मुंबई में इस फिल्म ने करीब 5 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है। दिवाली के मौके पर गुजरात में भी इस फिल्म का कारोबार बहुत अच्छा रहा है। हालांकि दक्षिण भारत में ये फिल्म अच्छा कारोबार नहीं कर पा रही है।












Click it and Unblock the Notifications