Rakul Preet Singh के भाई के खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी, क्या किया अमन प्रीत सिंह ने? क्यों ढूंढ रही पुलिस?
Rakul Preet Singh Brother Aman Preet Singh: बॉलीवुड एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह (Rakul Preet Singh) के परिवार से जुड़ी एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। हैदराबाद में (Hyderabad) ड्रग्स रैकेट पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई के दौरान एक्ट्रेस रकुल के भाई अमन प्रीत सिंह का नाम सामने आया है। पुलिस के मुताबिक अमन इस मामले में फरार हैं और उनके खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी कर दिया गया है।
हैदराबाद में ड्रग्स की बड़ी खेप बरामद
आज तक की रिपोर्ट के अनुसार गत 19 दिसंबर 2025 को हैदराबाद के मसाब टैंक थाना क्षेत्र में ड्रग डील की गुप्त सूचना मिली थी। पुलिस ने रेकी के बाद एक पार्क से संदिग्ध कार बरामद की थी। तलाशी के दौरान कार से 43 ग्राम से ज्यादा कोकीन और 11 ग्राम से अधिक MDMA जब्त की गई।

नाइजीरियन डीलरों से हो रही थी सप्लाई
इस केस में पुलिस ने मलकपेट निवासी रियल एस्टेट ब्रोकर नितिन सिंघानिया और ट्रूब बाजा के बिजनेसमैन श्राणिक सिंहवी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी नाइजीरियन ड्रग डीलरों से नशीले पदार्थ मंगवा रहे थे। ड्रग्स की डिलीवरी अफ्रीकी कोरियर सर्विस के जरिए हैदराबाद तक पहुंचाई जा रही थी।
अमन प्रीत सिंह का नाम कैसे आया सामने?
-आरोपियों के बयान के आधार पर पुलिस ने 24 दिसंबर 2025 को दो अफ्रीकी नागरिकों को भी हिरासत में लिया। जांच आगे बढ़ने पर रकुल प्रीत सिंह के भाई अमन प्रीत सिंह का नाम सामने आया है।
-पुलिस का दावा है कि अमन प्रीत सिंह इन अफ्रीकी डीलरों से ड्रग्स लेते थे। शिकायत दर्ज होने के बाद से वह फरार हैं जिसके चलते कोर्ट से उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट हासिल किया गया है। फिलहाल पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
साल 2024 में भी हो चुकी है गिरफ्तारी
-ये पहली बार नहीं है जब अमन प्रीत सिंह ड्रग्स केस में फंसे हैं। साल 2024 में साइबराबाद नारकोटिक्स ब्यूरो और राजेंद्र नगर SOT पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उन्हें ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किया गया था।
-तब पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया था कि ड्रग तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है जिसमें 5 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। ड्रग्स सेवन के शक में जिन 13 लोगों की जांच हुई थी, उनमें अमन प्रीत सिंह का नाम भी शामिल था।
कौन हैं अमन प्रीत सिंह?
अमन प्रीत सिंह का जन्म 1 अप्रैल 1993 को हुआ था। उनके पिता राजेंद्र सिंह इंडियन आर्मी से रिटायर्ड कर्नल हैं और मां कुलविंदर सिंह हाउसवाइफ हैं। उनकी बहन रकुल प्रीत सिंह बॉलीवुड की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं और हाल ही में उन्होंने प्रोड्यूसर जैकी भगनानी से शादी की है।
एक्टिंग और स्टार्टअप की दुनिया में बनाई पहचान
अमन प्रीत सिंह भी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हुए हैं। उन्होंने तेलुगू सिनेमा में काम किया है। वह साल 2020 में रिलीज हुई 'निन्नेपेल्लादाता' और 'प्रोडक्शन नंबर 1' जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। इसके अलावा वह बॉलीवुड फिल्म रामराज्य में भी काम कर चुके हैं।
स्टारिंग यू प्लेटफॉर्म के को-फाउंडर
अमन प्रीत सिंह ने अपनी बहन रकुल प्रीत के साथ मिलकर स्टारिंग यू नाम से एक टैलेंट डिस्कवरी प्लेटफॉर्म की शुरुआत की थी। एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि इस प्लेटफॉर्म का मकसद उभरते कलाकारों को प्रोड्यूसर्स, कंटेंट क्रिएटर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स से जोड़ना है ताकि उन्हें एक ही जगह सभी सुविधाएं मिल सकें।
सीरत कपूर के साथ जुड़ चुका है नाम
पर्सनल लाइफ की बात करें तो अमन प्रीत सिंह का नाम एक्ट्रेस सीरत कपूर के साथ जोड़ा जाता रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं और कई बार साथ में स्पॉट किए जा चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications