Rajpal Yadav: 'मैं रोया-गिड़गिड़ाया लेकिन,' राजपाल यादव को कर्ज देने वाले बिजनेसमैन ने तोड़ी चुप्पी
Rajpal Yadav Cheque Bounce Case: बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा कानूनी पचड़ों को लेकर चर्चा में हैं। चेक बाउंस के पुराने मामले में जेल की हवा खाने के बाद उन्हें दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) से अंतरिम जमानत मिली है। लेकिन इसी बीच, उन्हें 5 करोड़ रुपये का कर्ज देने वाले बिजनेसमैन माधव गोपाल अग्रवाल (मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के मालिक) ने पहली बार कैमरे के सामने आकर अपना पक्ष रखा है।
अग्रवाल ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने अपने पैसों के लिए राजपाल के सामने हाथ तक जोड़े थे। आइए जानते हैं इस पूरे विवाद की जड़ क्या है? और अब माधव अग्रवाल ने क्या बड़ा खुलासा किया है।

Rajpal Yadav Case: कैसे शुरू हुई यह कहानी?
न्यूज पिंच को दिए इंटरव्यू में माधव गोपाल अग्रवाल ने बताया कि उनकी राजपाल यादव से मुलाकात पूर्व सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया के जरिए हुई थी। साल 2010 में राजपाल अपनी फिल्म 'अता पता लापता' (Ata Pata Laapata) बना रहे थे। राजपाल ने दावा किया था कि फिल्म लगभग पूरी हो चुकी है, बस आखिरी टच के लिए फंडिंग की जरूरत है। अगर पैसा नहीं मिला तो सब बर्बाद हो जाएगा।
Rajpal Yadav Case: पत्नी की इमोशनल अपील पर पिघले बिजनेसमैन
शुरुआत में माधव अग्रवाल इस सौदे के लिए तैयार नहीं थे। उन्होंने बताया, 'शुरुआत में मैंने पैसे देने से मना कर दिया था, लेकिन राजपाल की पत्नी राधा यादव (Radha Yadav) ने मुझे बार-बार मैसेज किए और काफी इमोशनल अपील की। मैं भावुक हो गया और उनकी मदद करने को तैयार हो गया।' एग्रीमेंट में साफ तौर पर लिखा था कि यह एक लोन (कर्ज) है, न कि फिल्म में निवेश। राजपाल ने इसके लिए पर्सनल गारंटी भी दी थी।
Rajpal Yadav News: 'मैं बच्चों की तरह रोया और गिड़गिड़ाया'
इंटरव्यू के दौरान अग्रवाल का दर्द छलक पड़ा। उन्होंने कहा, 'लोग सोचते हैं मैं बहुत बड़ा बिजनेसमैन हूं, लेकिन मैंने वह पैसे दूसरों से उधार लेकर राजपाल को दिए थे। जब वक्त पर पैसे वापस नहीं मिले, तो मैं राजपाल के घर गया। मैं वहां बच्चों की तरह रोया और गिड़गिड़ाया कि मेरे पैसे लौटा दो, वरना मैं बर्बाद हो जाऊंगा। मैंने उनसे कहा कि आप जो डेट बोलेंगे, मैं उस पर नया एग्रीमेंट कर लूंगा, लेकिन उन्होंने हर बार वादा तोड़ा।'
धोखे और कोर्ट कचहरी का सफर
- छुपाकर म्यूजिक लॉन्च: एग्रीमेंट के मुताबिक फिल्म का नेगेटिव माधव के पास होना था, लेकिन राजपाल ने बिना बताए अमिताभ बच्चन से फिल्म का म्यूजिक लॉन्च करवा दिया। इसके बाद माधव ने कोर्ट जाकर फिल्म की रिलीज पर रोक लगवाई।
- फ्लॉप फिल्म और बाउंस चेक: बाद में एक सेटलमेंट के तहत रोक हटी, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही। 2013 में मामला फिर कोर्ट पहुंचा।
- 10.40 करोड़ का सेटलमेंट: कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद राजपाल 10.40 करोड़ रुपये देने पर राजी हुए, लेकिन उनके द्वारा दिए गए सभी चेक बाउंस हो गए।
Rajpal Yadav Case Latest Update: राजपाल यादव मामले में क्या है ताजा स्थिति?
राजपाल यादव को इस मामले में 5 फरवरी 2026 को सरेंडर करना पड़ा था और उन्हें तिहार जेल भेजा गया था। हालांकि, 16 फरवरी को दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें इस शर्त पर अंतरिम जमानत दी कि वे शिकायतकर्ता के खाते में 1.5 करोड़ रुपये जमा करेंगे। कोर्ट ने उनका पासपोर्ट भी जब्त कर लिया है और अगली सुनवाई 18 मार्च को तय की है।












Click it and Unblock the Notifications