
इस वजह से रजनीकांत को भगवान की तरह पूजते हैं लोग, इन फिल्मों में दिखा चुके हैं दमदार अभिनय
मुंबई, 19 जून: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत को दक्षिण भारत में भगवान का दर्जा ऐसे ही नहीं मिला है। एक्टर की फिल्म का फैंस को बेसब्री से इंतजार रहता है। लोग उन्हें भगवान की तरह पूजते हैं। उनकी एक झलक देखने के लिए फैंस बेताब रहते हैं। अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्मों से अपने अभिनय का लोहा मनवाने वाले रजनीकांत लाखों लोगों के दिलों में राज करते हैं। एक्टर बहुत जल्द निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार की फिल्म में नजर आने वाले हैं। ऐसे में फैंस को उनकी फिल्म का बेसब्री से इंतजार रहता है। रजनीकांत ने अपने करियर में कुछ ऐसी फिल्में दी हैं, जिन्होंने उन्हें आसमान की बुलंदियों तक पहुंचा दिया।

बिल्ला
ये बॉलीवुड फिल्म डॉन की रीमेक थी और इसमें रजनीकांत का डबल रोल था। ये फिल्म रजनीकांत के जीवन का टर्निंग प्वाइंट भी था क्योंकि इसके जरिये एक्टर ने उन क्रिटिक्स को गलत साबित कर दिया, जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप होने के बाद उन्हें फिनिश्ड एक्टर बताया था। बिल्ला एक सफलता थी और 1980 में सबसे अधिक कमाई करने वाली तमिल फिल्मों में से एक थी। फिल्म की सफलता ने रजनीकांत को कमल हासन को पछाड़कर साउथ सिनेमा का टॉप स्टार बना दिया।

मुथू
रजनीकांत और मीना की ये फिल्म 1995 में एक बड़ी सफलता थी। इस समय के दौरान, रजनीकांत को भारतीय फिल्म उद्योग के सबसे सम्मानित और लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक के रूप में सम्मानित किया गया था। ये फिल्म पूरे तमिलनाडु के सिनेमाघरों में सबसे लंबे समय तक चलने वाली तमिल फिल्मों (175 दिन) में से एक बन गई। फिल्म की वजह से रजनीकांत को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के लिए तमिलनाडु राज्य पुरस्कार भी मिला था।

चंद्रमुखी
इस फिल्म को तमिल न्यू ईयर की पूर्व संध्या पर रिलीज़ किया गया था। फिल्म इतनी शानदार थी कि इसे क्रिटिक्स ने भी खूब सराहा। ये बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ी सफलता थी। ये फिल्म सबसे लंबे समय तक चलने वाली दक्षिण भारतीय फिल्म थी। रजनीकांत के स्टारडम ने निर्माताओं को जर्मन और तुर्की में भी मल्टी लैंगुएज में फिल्म रिलीज करने के लिए मजबूर किया। ये फिल्म दक्षिणी सिनेमा की उन कुछ फिल्मों में से एक है जिसने दुनिया भर में बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है।

शिवाजी: द बॉस
रजनीकांत की सुपर-डुपर हिट फिल्म शिवाजी: द बॉस ने हाल ही में 15 साल पूरे किए हैं। इस फिल्म का क्रेज फैंस के बीच अलग ही है। एवीएम प्रोडक्शन्स के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्देशक एस शंकर हैं। 15 जून 2007 को ये फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। बता दें कि ये साउथ सिनेमा की पहली फिल्म थी, जिसने 150 करोड़ से ज्यादा की कमाई की। आज भी फैंस के बीच इस फिल्म का क्रेज बरकरार है। फिल्म के लिए रजनीकांत ने 26 करोड़ रुपये फीस ली थी।

रोबोट
ग्लोबल लेवल पर 300 करोड़ की कमाई करने वाली पहली दक्षिण भारतीय फिल्म थी रोबोट। 2010 में आई ये फिल्म एक एक्शन थ्रिलर साइंस फिक्शन फिल्म थी, जिसमें पहली बार एडवांस्ड टेक्नोलॉजी दिखाई गई थी। फिल्म में वैज्ञानिकों ने ऐसा रोबोट चिट्टी बनाया, जो मानव जाति के लिए बड़ा खतरा बन गया। फिल्म में रजनीकांत ने अपनी दमदार अदाकारी से फैंस का दिल फिर जीत लिया। रजनीकांत की इस फिल्म को देखने के बाद उनके फैंस का क्रेज और भी बढ़ गया।

थिल्लू-मुल्लू
बालाचंदर की तमिल फिल्म थिल्लू-मुल्लू साल 1979 में आई बॉलीवुड फिल्म गोलमाल की रीमेक थी। इस फिल्म में भी रजनीकांत के शानदार अभिनय के दर्शक दीवाने हो गए थे।

काला
साउथ सुपरस्टार की फिल्म काला को पहले दिन ही बॉक्स ऑफिस पर अच्छा-खासा रिस्पॉन्स मिला था। फिल्म के पहले दिन का कलेक्शन 1.76 करोड़ रहा था। काला पहले दिन ही चेन्नई में सबसे ज्यादा कलेक्शन जुटाने वाली फिल्म बनी। इस फिल्म का पहले दिन का शो देखने के लिए लोगों ने पहले ही एडवांस बुकिंग करा ली थी। काला में रजनीकांत ने मुंबई के धारावी के गैंगस्टर का रोल निभाया था। फिल्म में हुमा कुरैशी, नाना पाटेकर और अंजलि पाटिल ने अहम रोल निभाया था।