Raja Shivaji BO Collection Day 1: रितेश देशमुख की 'राजा शिवाजी' का धमाकेदार आगाज, ओपनिंग पर मचाई दहाड़
Raja Shivaji Box Office Collection Day 1: महाराष्ट्र दिवस के खास मौके यानी गत 1 मई 2026 को रिलीज हुई फिल्म 'राजा शिवाजी' ने सिनेमाघरों में आते ही जोरदार शुरुआत की है। स्वराज और मराठा गौरव की कहानी को पर्दे पर उतारती इस फिल्म को रिलीज से पहले ही जबरदस्त चर्चा मिल रही थी और अब दर्शकों का उत्साह थिएटर तक साफ नजर आ रहा है।
फिल्म की ओपनिंग डे कलेक्शन ने चौंकाया
पहले दिन की कमाई ने साफ कर दिया है कि फिल्म 'राजा शिवाजी' बॉक्स ऑफिस पर लंबी रेस का घोड़ा साबित हो सकती है। ऐतिहासिक किरदार छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित इस फिल्म ने अपने पहले दिन ही शानदार कमाई दर्ज की है। शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार राजा शिवाजी ने ओपनिंग डे पर करीब 11.35 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।

मराठी वर्जन का योगदान सबसे ज्यादा
इसमें मराठी वर्जन का योगदान सबसे ज्यादा रहा है, जहां फिल्म ने लगभग 8 करोड़ रुपए की कमाई की है, जबकि हिंदी वर्जन से करीब 3.35 करोड़ रुपये आए हैं। ये आंकड़े अभी शुरुआती हैं, जिनमें आधिकारिक अपडेट के बाद थोड़ा बदलाव संभव है।
क्लैश के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर दबदबा
-रिलीज के दिन फिल्म 'राजा शिवाजी' का मुकाबला जुनैद खान और साई पल्लवी की फिल्म 'एक दिन' और दिग्गज सितारों ममूटी व मोहनलाल की 'पैट्रियट' से था। बावजूद इसके 'राजा शिवाजी' दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सबसे आगे रही। खासतौर पर महाराष्ट्र में फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है, जहां मराठी ऑडियंस ने इसे हाथों-हाथ लिया है।
-फिल्म 'राजा शिवाजी' ने अपनी ओपनिंग के साथ 'मणिकर्णिका' मूवी के पहले दिन के कलेक्शन (8.75 करोड़) को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि ये अभी 'तान्हाजी' (15.10 करोड़) और 'छावा' (33.50 करोड़) जैसी बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाई है। फिर भी, फिल्म की शुरुआत को इंडस्ट्री में मजबूत माना जा रहा है।
फिल्म की कहानी में भावनाओं और इतिहास का संगम
'राजा शिवाजी' सिर्फ एक ऐतिहासिक फिल्म नहीं, बल्कि एक भावनात्मक सफर है, जिसमें छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन के कई अनछुए पहलुओं को दिखाया गया है। यही वजह है कि फिल्म दर्शकों के दिलों को छू रही है और इसे पावरफुल रिस्पॉन्स मिल रहा है।
फिल्म की स्टारकास्ट और मेकिंग ने बढ़ाया आकर्षण
-फिल्म में लीड एक्टर के तौर पर रितेश देशमुख नजर आ रहे है। वहीं फिल्म का निर्देशन भी उन्होंने ही किया है। रितेश देशमुख के साथ फिल्म में संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, बोमन ईरानी, जेनेलिया डिसूजा और अमोल गुप्ते जैसे बड़े कलाकार भी नजर आ रहे हैं।
-फिल्म का निर्माण ज्योति देशपांडे और जेनेलिया देशमुख ने किया है जबकि इसे जियो स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत किया गया है। खास बात ये भी है कि फिल्म में सलमान खान का कैमियो भी देखने को मिलता है, जो दर्शकों के लिए सरप्राइज एलिमेंट बन गया है।
आगे क्या रहेगा फिल्म का सफर?
3 घंटे 5 मिनट लंबी अवधि वाली मूवी 'राजा शिवाजी' को जिस तरह का ओपनिंग रिस्पॉन्स मिला है, उससे उम्मीद की जा रही है कि वीकेंड पर इसके कलेक्शन में और उछाल देखने को मिलेगा। अब ये देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर कितनी दूर तक जाती है और क्या ये बड़े रिकॉर्ड्स को चुनौती दे पाती है।













Click it and Unblock the Notifications