संतूर की झंकार से गूंजेगा मुंबई, राहुल शर्मा देंगे सदी का सबसे बड़ा फ्यूजन कॉन्सर्ट
Kala Ghoda Festival 2026: संगीतप्रेमियों के लिए इस बार अक्टूबर का महीना खास होने वाला है। काला घोड़ा कला महोत्सव से पहले मुंबई में आयोजित होने वाला काला घोड़ा कॉन्सर्ट इस साल अपनी भव्यता और जादुई संगीत से दर्शकों को मोहित करेगा।
मुम्बई में हर साल लाखों लोग काला घोंडा फेस्टिवल की राह निहारते रहते हैं लेकिन उसके पहले दर्शक काला घोड़ा कॉन्सर्ट का बेसब्री से इन्तेजार करते हैं। विश्वप्रसिद्ध संतूर वादक राहुल शर्मा 12 अक्टूबर, रविवार की शाम 6 बजे जमशेद भाभा थिएटर, एनसीपीए, नरीमन पॉइंट पर अपना अब तक का सबसे बड़ा फ्यूज़न परफॉर्मेंस प्रस्तुत करेंगे।

'सेरेनिटी: हीलिंग हार्मोनीज' - अनोखा संगम
काला घोड़ा एसोसिएशन और काला घोड़ा कला महोत्सव की ओर से छत्रपति शिवाजी महाराज वास्तु संग्रहालय (सीएसएमवीएस) और राष्ट्रीय प्रदर्शन कला केंद्र (एनसीपीए) के सहयोग से आयोजित यह कॉन्सर्ट 'सेरेनिटी: हीलिंग हार्मोनीज' शीर्षक से प्रस्तुत होगा।
यह आगामी 26वें काला घोड़ा कला महोत्सव का कर्टेन-रेज़र चैरिटी फंडरेज़र भी है। इस विशेष कार्यक्रम से प्राप्त आय ऐतिहासिक काला घोड़ा कला जिले के संरक्षण, जीर्णोद्धार और प्रचार-प्रसार में उपयोग की जाएगी।
Rahul Sharma concert Live: राहुल शर्मा - संतूर को नई परिभाषा देने वाले कलाकार
पद्म विभूषण पंडित शिवकुमार शर्मा के सुपुत्र और संतूर के युवा उस्ताद राहुल शर्मा ने अपने संगीत सफर में भारतीय शास्त्रीय परंपरा को आधुनिक ध्वनियों से जोड़ते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक अलग पहचान बनाई है।
उनके 70 से अधिक एल्बम रिलीज हो चुके हैं।
उन्होंने ग्रैमी विजेता कलाकार केनी जी, डीप फॉरेस्ट और रिचर्ड क्लेडरमैन के साथ भी काम किया है। इतना ही नहीं, उन्होंने केप टाउन फिलहारमोनिक ऑर्केस्ट्रा के साथ मिलकर सिम्फोनिक संगीत को नई दिशा दी है। राहुल शर्मा की लता मंगेशकर और अमिताभ बच्चन के साथ की गई रिकॉर्डिंग्स भारतीय संगीत की अमूल्य धरोहर मानी जाती हैं।
फ्यूज़न का नया रंग - संतूर और आधुनिक वाद्ययंत्रों का संगम इस जादुई शाम को और यादगार बनाने के लिए संगीत की दुनिया के कई बड़े कलाकार राहुल शर्मा के साथ मंच साझा करेंगे।
- तबले पर होंगे ओजस अढिया
- ड्रम पर विनायक पोल
- कीबोर्ड पर अविनाश चंद्रचूड़
- बास गिटार पर अमित गाडगिल
ये सभी मिलकर संतूर की शास्त्रीय मधुरता को जैज़, रॉक, फंक और वर्ल्ड म्यूज़िक की लय के साथ पिरोकर दर्शकों को एक अनोखा ध्वनि अनुभव देंगे।
"संगीत की सार्वभौमिकता का उत्सव" - राहुल शर्मा
संगीत समारोह की घोषणा करते हुए राहुल शर्मा ने कहा- "यह कॉन्सर्ट संगीत की सार्वभौमिकता का उत्सव है। भारतीय शास्त्रीय परंपराओं की भावपूर्ण समृद्धि में निहित यह संगीत सीमाओं के पार गूंजता है। यह एक ऐसा वातावरण तैयार करेगा जहाँ धुनें हम सबको स्वस्थ, प्रेरित और एकजुट कर सकें।"
क्या है काला घोड़ा कला महोत्सव?
काला घोड़ा कला महोत्सव हर साल मुंबई को कला और संस्कृति का अनोखा संगम प्रदान करता है। यह एशिया का सबसे बड़ा कला महोत्सव है। आने वाला 26वां संस्करण 31 जनवरी से 8 फरवरी 2026 तक आयोजित होगा। नौ दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में संगीत, नृत्य, रंगमंच, साहित्य, सिनेमा, दृश्य कला, वास्तुकला, हास्य, कार्यशालाएँ और फूड-क्राफ्ट बाज़ार समेत 14 अलग-अलग कलात्मक क्षेत्रों में 300 से अधिक कार्यक्रम होंगे।
1999 से शुरू हुआ यह महोत्सव अब भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुका है।
काला घोड़ा एसोसिएशन की अपील
काला घोड़ा एसोसिएशन की अध्यक्ष और महोत्सव निदेशक बृंदा मिलर ने कहा- "अपने 26वें संस्करण में प्रवेश करते हुए हमारा संकल्प है कि काला घोड़ा कला और संस्कृति का जीवंत केंद्र बना रहे। यह फ्यूज़न कॉन्सर्ट सिर्फ एक परफॉर्मेंस नहीं, बल्कि समर्थन का स्वर है। यह हम सभी संरक्षकों, सहयोगियों और दर्शकों से साझा विरासत की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान है।"
यहां मिलेगा टिकट
इस बहुप्रतीक्षित फ्यूज़न कॉन्सर्ट के लिए डोनर पास BookMyShow पर उपलब्ध हैं। डोनर पास की जानकारी के लिए, कृपया लॉग ऑन करें: www.bookmyshow.comhttps://in.bookmyshow.com/events/rahul-shivkumar-sharma-live-in-concert/ET00461552












Click it and Unblock the Notifications